Tuesday, August 25, 2020

दंदरौआ में सामुदायिक संक्रमण का खतरा, 6 मरीज मिलने के बाद ग्रामीण नहीं दे रहे सैंपल

जिले के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल गया है। पिछले दो दिनों में यहां से छह कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। अब स्थिति यह है कि ग्रामीण अपना सैंपल नहीं दे रहे हैं, जिससे वायरस की चेन तोड़ने में स्वास्थ्य विभाग को भी पसीना आ रहा है । वहीं सबसे चिंता की बात यह है कि आने वाले दिनों में एक सितंबर को बुढ़वा मंगल पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ एकत्रित हो सकती है। हालांकि कलेक्टर वीरेंद्र सिंह रावत ने यहां प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले वृहद मेला पर तो प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन यदि संक्रमण बढ़ा तो प्रशासन यहां दर्शन पर भी रोक लगा सकता है।

यहां बता दें कि शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दंदरौआ धाम में रेंडम सैंपल कराए थे, जिसमें करीब 139 एक्टिव लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिसमें 119 सैंपल ग्वालियर की जीआरएमसी की बायरोलॉजिकल लैब में जांच के लिए भेजे गए थे। वहीं 20 सैंपल जिला अस्पताल की ट्रू नेट मशीन पर जांचे गए थे। ग्वालियर से आई रिपोर्ट में दो सैंपल पॉजिटिव आए थे । जबकि भिंड जिला अस्पताल की मशीन पर तीन सैंपल पॉजिटिव आए। इसके अलावा मंगलवार को फिर से एक 13 वर्षीय बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिससे क्षेत्र में सामुदायिक संक्रमण फैलने की संभावना प्रबल हो गई है।

फूल, फल और नाश्ता का ठेला ल गाने वाले निकले संक्रमित
दंदरौआ धाम में मिले कोरोना पॉजिटिव में एक जहां फूल फल का ठेला लगाता है। वहीं दूसरा नाश्ता का ठेला लगाता। तीसरा व्यक्ति मंदिर में ही कामकाज करता है। इसके अलावा दो अन्य लोग अपनी कांट्रेक्ट हिस्ट्री नहीं बता रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की मुसीबत बढ़ गई है। कारण यह है कि विभाग को यह पता नहीं चल पा रहा है कि आखिर यह लोग कहां से संक्रमित हुए और इनके संपर्क में कौन लोग आए हैं। वहीं मंगलवार को दंदरौआ में एक ओर नया पॉजिटिव मिल गया है।
लोग नहीं दे रहे सैंपल, समझाकर मनाकर कर रहे तैयार
स्वास्थ्य विभाग की मानें तो ग्रामीण अंचल में लोग सैंपल देने से कतरा रहे हैं। दंदरौआ में एक साथ पांच कोरोना पॉजिटिव सामने आने के बाद मंगलवार को एक टीम दंदरौआ पहुंची। लेकिन बड़ा मुश्किल से टीम दंदरौआ और उसके आसपास लगे गांव 50 लोगों के सैंपल एकत्रित कर पाई। साथ ही 125 परिवारों की स्क्रीनिंग कर उन्हें दवाएं देकर आई है। कुछ यही स्थिति नखलोली गांव में बनी। यहां भी पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में रेंडम सैंपल लेने गई थी।

लापरवाही से लगातार बढ़ रहे संक्रमित
भले ही कोरोना जुलाई के महीने में बढ़ा हुआ हो, लेकिन अगस्त महीने में भी उसकी रफ्तार कम नहीं हुई है। अब कोरोना संक्रमण के जो लोग सामने आ रहे हैं। उनका यह पता नहीं चल रहा कि वे कहां से संक्रमित हो रहे हैं। वही अब लोग अपनी कांटेक्ट हिस्ट्री भी छिपा रहे हैं, इससे यह पता नहीं चल पा रहा है, कि कौन कैसे संक्रमित हुआ है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग सामुदायिक संक्रमण रोकने के लिए रेंडम सेंपलिंग कर रहा है। लेकिन लोग सैंपल देने को तैयार नहीं हैं।

बिजपुरी गांव में दो बहनें समेत 8 नए संक्रमित मिले
मंगलवार को जिले में 8 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिसमें तीन जहां ग्वालियर की जीआरएमसी की बॉयरोलॉजिकल लैब की जांच में मिले हैं, जिसमें एक शहर के वीरेंद्र नगर, दूसरा हाऊसिंग कॉलोनी और तीसरा कीरतपुरा गांव में मिला हैं। वहीं जिला अस्पताल की ट्रू नेट मशीन की जांच में बिजपुरी गांव में दो बहनें और दंदरौआ गांव में एक 13 वर्षीय बच्चा कोरोना पॉजिटिव आया हैं।

जबकि ग्वालियर में खडेरीपुरा अटेर और पर्रायंच लहार के दो वृद्ध कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इस प्रकार से जिले में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 574 हो गई है। जबकि एक्टिव केस 38 से बढ़कर 46 हो गए हैं। यहां बता दें कि ग्वालियर से 293 सैंपल की रिपोर्ट आई थी, जिसमें 60 सैंपल सुल्तान सिंह का पुरा, 50 पिडोरा, 51 सेमरपुरा, 50 वीरेंद्र नगर, 25 हाऊसिंग कॉलोनी और 13 आलोरी गांव के थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
ग्रामीण क्षेत्र में लोगों काे समझाकर सैंपल लेती टीम।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/bhind/news/the-risk-of-community-infection-in-dandroa-villagers-are-not-giving-samples-after-getting-6-patients-127651240.html

No comments:

Post a Comment