पिछले 24 घंटे में जिला अस्पताल में 2 मरीजों की संदिग्ध मौत हो चुकी है। इसमें शहर के बरईपुरा निवासी 60 साल के एक मरीज की मंगलवार को निमोनिया से पीड़ित होने के कारण मौत हो गई थी। हालांकि बुधवार को उसकी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। लेकिन प्रशासन ने रिपोर्ट निगेटिव आने से पहले मौत को संदिग्ध मानकर उसकी डेड बाडी को एहतियातन परिजनों को नहीं सौंपा था। उसका अंतिम संस्कार प्रशासनिक देखरेख में ही बुधवार को सुबह किया गया। सरकारी कर्मचारियों ने पीपीई किट पहनकर ही उसका अंतिम संस्कार किया था। इसी तरह दूसरे मामले में बुधवार को डंडापुरा निवासी 55 साल के एक हलवाई की पीलिया से पीड़ित होने से जिला अस्पताल में मौत हो गई। वह निमोनिया से भी पीड़ित था। रायसेन गेट के पास उसकी मिठाई की दुकान भी है। प्रशासन ने उसकी मौत को भी संदिग्ध मानते हुए उसकी डेड बाडी को एहतियात के तौर पर परिजनों के सुपुर्द नहीं किया। बुधवार शाम को उसका अंतिम संस्कार भी सरकारी कर्मचारियों ने ही पीपीई किट पहनकर किया। गुरुवार को उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिल सकेगी।
फिर 6 नए संक्रमित मरीज मिले
बुधवार को विदिशा जिले में फिर से 6 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। अब तक जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 364 तक पहुंच गई है। इसमें से 285 कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों की ओर लौट चुके हैं। 3 लोगों की मौत हो चुकी है। 76 संक्रमित मरीजों का अभी भी विभिन्न कोविड केयर सेंटरों में इलाज किया जा रहा है।
निमोनिया के कारण सांस लेने में थी तकलीफ
इस संबंध में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डाॅ. संजय खरे ने बताया कि बरईपुरा निवासी 60 साल का एक बुजुर्ग निमोनिया की तकलीफ के कारण 3 दिन पहले अस्पताल में भर्ती हुआ था। वहां उसे सांस लेने में काफी तकलीफ थी। इस वजह से मरीज को आक्सीजन सिस्टम भी लगाया गया था लेकिन मंगलवार को उसकी मौत हो गई थी।
892 मरीजों को किया होम क्वारंटीन
सीएमएचओ डाॅ. केएस अहिरवार ने बताया कि जिले में बुधवार को फीवर क्लीनिक में 129 मरीजों का इलाज किया गया। 892 मरीजों को होम क्वारेंटाइन किया गया। 26 मरीजों को विदिशा के मेडिकल कालेज स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया। 1 मरीजा को पालीटेक्निक कालेज के कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया। 9 मरीजों को गंजबासौदा के पचमा बायपास स्थित छात्रावास में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया है। 8 मरीजों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। 15 मरीजों को जिला अस्पताल में क्वारेंटाइन किया गया है।
पीलिया से पीड़ित था रायसेन गेट का हलवाई
रायसेन गेट पर मिठाई की दुकान चलाने वाले शहर के डंडापुरा निवासी 55 साल के संबंध में सिविल सर्जन डाॅ. संजय खरे ने बताया कि इस मरीज को भी पीलिया के साथ निमोनिया की शिकायत थी। उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मौत के बाद परिजन उसे घर ले जाकर अंतिम संस्कार करने की जिद कर रहे थे। मैंने उन्हें काफी समझाया कि मरीज की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इस कारण उसे अभी संदिग्ध मामला माना जा रहा है। यदि रिपोर्ट पाॅजिटिव आती है तो परिवार के अन्य लोग भी बेवजह संक्रमित हो सकते हैं। इस कारण एहतियातन मरीज का अंतिम संस्कार प्रशासन की देखरेख में ही किया गया। परिवार के कुछ लोगों को ही पीपीई किट में शामिल किया गया।
अब तक 3 लोगों की कोरोना संक्रमण से हो चुकी है मौत
कोरोना संक्रमण से अब तक विदिशा जिले में 3 मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें विदिशा के 1 और सिरोंज के 2 मरीज शामिल हैं। इनमें 2 पुरुष और 1 महिला भी है। जिले में लगातार संक्रमण जानलेवा बनता जा रहा है। यदि इसे जल्द काबू में नहीं किया गया तो और अधिक घातक साबित होगा।
अब तक 8244 मरीजों के लिए सैंपल
सीएमएचओ डाॅ. केएस अहिरवार ने बताया कि अब तक विदिशा जिले में 8244 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। बुधवार को एक दिन में 155 मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। 123 मरीजों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। 6996 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव निकल चुकी है। 631 मरीजों की रिपोर्ट अभी पेंडिंग है। 97 मरीजों के सैंपल रिजेक्ट हुए हैं। 2 मरीजों के सैंपल मिसमैच हुए हैं। 285 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 76 मरीज संक्रमित हैं। बुधवार को 6 नए मरीज मिले हैं। अब तक 3 मरीजों की मौत हो चुकी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/vidisha/news/suspected-death-of-2-patients-in-hospital-in-24-hours-report-of-one-came-negative-the-next-day-127589887.html
No comments:
Post a Comment