प्रदेश की यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में छात्रों की परीक्षाएं 20 जून से 31 जुलाई तक पूरी करवा ली जाएं। राज्यपाल लालजी टंडन ने शुक्रवार को वीडियो कान्फ्रेेंसिंग के जरिए कुलपतियों को यह निर्देश दिए थे। इसके बाद जेयू में परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिन परीक्षाओं के पेपर सेट होने के लिए भेजे गए थे, उन शिक्षकों से पेपर जल्द बनाने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही सबसे पहले अंचल में परीक्षा केंद्र बढ़ाए जाने पर मंथन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जेयू में अभी बीए, बीएससी, बीकॉम तृतीय वर्ष की परीक्षाओं के कुछ पेपर ही बचे हैं। इन परीक्षाओं को लेकर जेयू प्रबंधन ने तैयारी शुरू कर दी है और लॉकडाउन समाप्त होने के बाद परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा। सबसे ज्यादा परेशानी बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम और द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं को लेकर है। इन कोर्सों की परीक्षा में छात्रों की संख्या लगभग 1 लाख से ज्यादा है। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षा आयोजित कराना चुनौती होगी। इसलिए सबसे पहले परीक्षा केंद्रों को लेकर मंथन किया जा रहा है। अंचल में लगभग 250 ऐसे निजी और सरकारी कॉलेज हैं जहां पर परीक्षा आयोजित करवाई जा सकती है। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग से परीक्षा आयोजित करने के लिए सभी काॅलेजाें को परीक्षा केंद्र बनाने की आवश्यकता हो सकती है। ऐसे प्राइवेट कॉलेजों के परीक्षा केंद्र दूसरे ऐसे कॉलेज में बनाने के लिए मंथन किया जा रहा है जिसकी दूरी उस कॉलेज से कम से कम हो। ताकि छात्रों को पहुंचने में ज्यादा परेशानी न आए क्योंकि लाॅकडाउन समाप्त होने के बाद भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट को ज्यादा रियायत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगर आवश्यकता पड़ी तो सरकारी स्कूलों में भी परीक्षा केंद्र बनाने के विकल्प पर भी जेयू प्रबंधन विचार कर रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/preparations-for-the-exam-begin-brainstorming-to-increase-exam-center-for-social-distancing-127310320.html
No comments:
Post a Comment