Monday, May 11, 2020

सुबह धूप खिली, दोपहर में छाए बादल, जिले में हो सकती है हल्की बारिश

जिले में लगातार दूसरे दिन भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। सोमवार सुबह धूप खिलने के बाद दोपहर से शाम तक आसमान पर बादल छाए रहे। इस बीच बूंदाबादी भी हुई।

मौसम बदलने से दो दिनों में दिन के तापमान (अधिकतम) में 3.4 डिग्री की गिरावट आई है। शनिवार को दिन का तापमान 41.2 डिग्री था, जो सोमवार को गिरकर 37.8 पर आ गया। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 13 मई तक जिले में ऐसे ही मौसम बना रह सकता है, कभी आसमान पर बादल छाएंगे, वहीं हल्की बारिश भी हो सकती है।

आमतौर पर मई माह में जिले में गर्मी पूरे शबाब पर होती है और तापमान भी 41 से 44 के बीच में रहता है, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज बदला हुअा है। रविवार को जिले में बारिश के साथ बिजली गिरने से 2 भाइयों की मौत हाे चुकी है। सोमवार को दिन में धूप खिली रही, वहीं दोपहर बाद आसमान पर बादल छा गए। इस बीच बूंदाबादी भी हुई। जिले के अन्य इलाकों में भी ऐसे ही मौसम बना रहा। वहीं उमस ने लोगों को परेशान कर दिया।

13 मई तक बादल छाने व बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिक विजय पराड़कर ने बताया जिले के अधिकांश क्षेत्रों में हल्के और मध्यम बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश होने की संभावना है। 13 मई तक तापमान में गिरावट आएगी। अगले 120 घंटों में हल्के बादल छाएंगे और हल्की बारिश होगी। इस बीच हवा 7 से 12 किमी प्रति घंटे की गति से चलेगी।

एक दिन में एक डिग्री गिरा तापमान
रविवार को दिन का तापमान 38.8 डिग्री था, जो सोमवार को 37.8 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं रात का तापमान शनिवार रात को 24.8 डिग्री था जाे रविवार रात को 20.2 डिग्री पर पहुंच गया। तापमान के लगातार लुढ़कने से नौतपा में भी ज्यादा तपने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मई माह में तीसरी बार मौसम ने अपना मिजाज बदला है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/betul/news/sunshine-in-the-morning-cloudy-in-the-afternoon-light-rain-may-occur-in-the-district-127293034.html

No comments:

Post a Comment