Tuesday, November 19, 2019

रेलवे यदि बंद पार्क खोल दे तो पेंशनर श्रमदान से कर देंगे विकसित

नगर के पार्क बंद हाेने और बदहाल स्थिति काे लेकर लाेगाें में नाराजगी पनप रही है। बुजुर्गों का कहना है कि नगर में वैसे ही मनोरंजन के नाम पर कुछ खास नहीं है। पार्क में बैठकर समय व्यतीत करते हैं, उसे भी बंद कर दिया है। ऐसे में सुबह-शाम कहां बैठें यह समझ नहीं आ रहा। नगर के पेंशनर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने इस पर नाराजगी जताते हुए रेलवे पार्क के ताले खुलवाने और व्यवस्थित करने की बात रखी। उन्हाेंने कहा पार्क नहीं खुलने पर वे रेलवे समेत अन्य विभागाें के वरिष्ठ अधिकारियाें से मुलाकात करेंगे।

नगर में दो पार्क हैं, इनमें पहला साप्ताहिक बाजार के सामने और दूसरा रेलवे काॅलोनी क्षेत्र में है। रेलवे काॅलोनी क्षेत्र में स्थित पार्क में करीब 4 साल से ताले डले हुए हैं। रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रामप्रसाद पवार के अनुसार काॅलोनी क्षेत्र और आस-पास रिटायर लोग भी रहते हैं। इनके अलावा अधिकांश रेलकर्मियों के बुजुर्ग माता-पिता और बच्चे भी इस इलाके में रहते हैं, लेकिन इन सबके मनोरंजन के लिए उपलब्ध एकमात्र पार्क पिछले 4 साल से बंद है। इस कारण लोगों के पास मनाेरंजन और वक्त गुजारने के लिए दूसरी कोई जगह नहीं है। प्रकाश डाफने के अनुसार रेलवे के अधिकारियों से कई बार मांग की, लेकिन अभी तक इस समस्या का समाधान अधिकारियों ने नहीं किया है।

ये काम होगा : पेंशनर्स एसाेसिएशन के झामसिंग ठाकुर, विश्वनाथ मुदाफरे का कहना है कि काॅलोनी क्षेत्र में रेलवे को इस पार्क की सुध लेकर ताले खुलवाने चाहिए। ताले खुलवाने के साथ ही यहां पौधरोपण कर उनकी सुरक्षा तय की जानी चाहिए। यहां खलने के नए साधन लगाए जाने चाहिए, ताकि बच्चे भी शाम होने पर यहां मनोरंजन कर सकें। महिलाओं को भी यहां प्रवेश आसानी से मिले।

यहां भी होना चाहिए काम: पेंशनर्स संघ के प्रकाश अतुलकर, आनंद राव पवार आदि के अनुसार रेलवे ने हवाई पट्टी के पास करीब एक एकड़ से ज्यादा जमीन में उपवन तैयार किया था। यहां बड़ी रकम खर्च कर उपवन विकसित करने के लिए पौधे भी रोपे, लेकिन वर्तमान में यहां लगे पौधे पूरी तरह गायब हो गए हैं। हालांकि जमीन अब भी फेंसिंग के साथ इस कार्य के लिए अब भी सुरक्षित हैं। पेंशनरों का कहना है जरूरत पड़ने पर वे लोग इस उपवन की सुरक्षा और देखभाल के लिए श्रमदान करने को भी तैयार हैं।

अामला। पार्क खुलवाने की मांग करते हुए पेंशनर।

चर्चा करेंगे

इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। श्रमदान से यह पार्क और उपवन विकसित होता है तो अच्छी पहल है। मंजूरी मिली तो इसे जरूर आगे बढ़ाया जाएगा। - सुनील पंत, कमर्शियल इंस्पेक्टर, रेलवे स्टेशन, आमला



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Amla News - mp news if railways open a closed park pensioners will develop with shramdaan


source https://www.bhaskar.com/mp/betul/news/mp-news-if-railways-open-a-closed-park-pensioners-will-develop-with-shramdaan-063516-5982898.html

No comments:

Post a Comment