Friday, November 22, 2019

22 साल पहले 500 रु. से नौकरी शुरू करने वाला पंचायत सचिव निकला 2 करोड़ का आसामी

इंदौर, देपालपुर .1997 में मात्र 500 रुपए प्रति महीना की पगार पर पंचायत में भर्ती हुआ सचिव योगेश दुबे लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई में दो करोड़ रुपए से ज्यादा का मालिक निकला। शुक्रवार को लोकायुक्त ने उसके देपालपुर स्थित घर पर कार्रवाई कर संपत्तियों का खुलासा किया। उसके खिलाफ कई दिनों से रिश्वत लेकर काम करने की शिकायत मिल रही थी। योगेश अभी देपालपुर के ग्राम अत्याना का पंचायत सचिव है।


लोकायुक्त टीम सुबह पांच बजे ही उसके घर पहुंच गई थी। थोड़ा उजाला होते ही टीम ने डोर बेल बजाई तो उसकी पत्नी उमा ने दरवाजा खोला। उसे बताया कि आय से अधिक संपत्ति के आरोप में सर्च वारंट है तो सकपका गई। फिर योगेश को उठाया।
छापे की खबर मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर के बाहर इकट्‌ठा हो गए। लोकायुक्त एसपी सव्यसाची सराफ के निर्देशन में डीएसपी संतोषसिंह भदौरिया की टीम ने कार्रवाई की।


नौकरी से कमाई कुल 20 लाख रुपए
दुबे का वर्तमान में वेतन 25 हजार रुपए है। कुल 22 साल की नौकरी में उसकी कुल आय 20 लाख रुपए के करीब होना चाहिए, जबकि संपत्ति इस अनुपात में कई गुना अधिक निकली। पत्नी, बच्चों के नाम भी संपत्ति मिली है। अब देखा जाएगा कि उनके आयकर रिटर्न के हिसाब से इतनी कमाई है या नहीं?


हाल ही में चार दुकानें, जमीनें खरीदने की शिकायत हुई थी
लोकायुक्त पुलिस दो महीने से दुबे के मामले की जांच कर रही थी। शिकायत में कहा गया था कि उसके पास दो कारें हैं, जिनमें से एक की कीमत 32 लाख रुपए है। इसके अलावा उसके एक कॉम्प्लेक्स में चार दुकानें व साढ़े तीन बीघा जमीन खरीदने की शिकायत भी आई थी। पड़ताल के बाद लोकायुक्त ने शुक्रवार को दबिश दी। हालांकि दुबे का कहना है, किसी ने झूठी शिकायत की थी। पहले भी मुझे रिश्वत देकर फंसाने की कोशिश हो चुकी है। परिजन का कहना है कि दुबे के पास 75 बीघा पैतृक कृषि भूमि है।

पत्नी चुनाव ड्यूटी में लापरवाही पर निलंबित, कुछ दिन बाद है बेटी की शादी
दुबे की पत्नी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता है। उसकी पिछले चुनाव में ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी पर नहीं जाने पर उसे निलंबित कर दिया था। तब से वह निलंबित ही है। उसकी बेटी वैष्णवी की दिसंबर में शादी है। योगेश के पिता का निधन हो चुका है, लेकिन उनका बैंक खाता अब जारी है। ऐसा पता चला है कि मृत्यु के बाद भी उनके अकाउंट में ट्रांजेक्शन चलता रहा। इसकी भी लोकायुक्त पुलिस जांच कर रही है।

3 मकान, एक में 3 दुकानें, किराए पर चल रहीं

  • डीएसपी भदौरिया के मुताबिक, योगेश के देपालपुर में तीन मकान हैं। इनमें एक मकान में तीन दुकान भी हैं, जिनका किराया आता है। दूसरा मकान 5600 वर्गफीट का है, जिसमें वह रहता है। उसमें छह कमरे हैं। सुख-सुविधा का सारा सामान जुटा रखा है।
  • योगेश व परिजन के विभिन्न बैंकों में 15 खाते हैं। इनमें छह एक्टिव हैं। इन खातों में 12 लाख रुपए जमा हैं।
  • घर में साढ़े चार लाख रुपए नकद भी मिले। इसके अलावा सवा किलो चांदी, 15 तोला सोना भी मिला है।
  • एक मंदिर के मालिकाना हक को लेकर सचिव का सरकार से विवाद चल रहा है। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
22 years ago Rs 500 Panchayat secretary, who started a job, turns 2 crore


source https://www.bhaskar.com/mp/indore/news/22-years-ago-rs-500-panchayat-secretary-who-started-a-job-turns-2-crore-126111169.html

No comments:

Post a Comment