लंबे समय से खराब सड़क के कारण समस्याओं का सामना कर रहे कालमुखी क्षेत्र के लोगों को सड़क निर्माण शुरू होने के बावजूद राहत नहीं मिल पाई है। खंडवा से कालमुखी तक 52.925 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण खंडवा से शुरू होना था लेकिन ठेकेदार ने 24 किलोमीटर आगे शिवपुरी गांव के पास करीब एक साल देरी से काम शुरू किया। फिलहाल अर्थवर्क के साथ ही पुलिया निर्माण किया जा रहा है। इनमें भी अधिकांश पुलियाएं आधी ही बनाई जा रही हैं। पुरानी पुलियाओं में एक तरफ का हिस्सा बनाकर पुलियाओं को चौड़ा किया जा रहा है। वहीं सड़क पर वाहनों का आवागमन जारी होने के कारण जिन स्थानों पर काम किया जा रहा है वहां बनाई जा रही सड़क से गिट्टी फैल रही है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता संदेह के दायरे में आ गई है। वहीं कंसलटेंट एजेंसी एलएन मालवीय के इंजीनियर जुगाड़ लगाकर किए जा रहे काम की जांच कर रहे हैं।
सीआरएम की नमी जांच के लिए मशीन की बजाए कढ़ाई में गर्म करके गिट्टी-चूरी को तौला जा रहा है। वहीं मुरम और गिट्टी के नमूने में निर्धारित क्षेत्र से लेने की बजाए अंदाज से ही बोरी भरकर औपचारिकता पूरी की जा रही है। इस सड़क के साथ ही ठेकेदार कंपनी आशीष इंफ्राकाॅम प्राइवेट लिमिटेड को जिले में कुल सात सड़कों का निर्माण 323 करोड़ रुपए की लागत से करना है। फिलहाल इसमें से चार ही सड़कों पर निर्माण कार्य किया जा रहा है।
इस तरह कर रहे निर्माण, मुरम बिछाकर अर्थवर्क से शुरुआत
खंडवा से करीब 24 किलोमीटर दूर शिवपुरी गांव के पास से मुरम बिछाकर अर्थवर्क के काम की शुरुआत की गई। सिर्रा के पास बाक्स स्लैब पुलिया का आधा ही हिस्सा बनाया जा रहा है। ऐसी ही स्थिति रोहणी, भैरूखेड़ा क्षेत्र की पुलियाओं की भी है।
कालमुखी के पास पूरी पुलिया बनाई जा रही
अतर स्टेशन और काकरिया के पास पूरी पुलिया नई बनाई जा रही है। वहीं काकरिया से कुछ दूरी पर आधी ही पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। कालमुखी गांव के पास पूरी पुलिया बनाई जा रही है।
यहां पर किया जा रहा अर्थवर्क और पुलियाओं का निर्माण
जलकुआं से भगियापुर होते हुए गुड़ी 23.84 किलोमीटर तक। पिपलोद, कुमठा, भीलखेड़ी, सराय, छनेरा, डोंगरगांव, बोरगांव तक 17.975 किलोमीटर तक। सुलगांव, निमाड़खेड़ी, बांगरदा, धनगांव से कालमुखी तक 22.08 किलोमीटर तक।
क्षेत्रवासियों की पीड़ा
सड़कों की हालत खराब हुई, दुर्घटनाएं होने का अंदेशा
- सिर्रा के शांतिलाल पटेल ने बताया कि सड़क की पुलिया करीब आठ साल पहले सड़क के साथ बनी थी। धीरे-धीरे सड़क की हालात खराब हो गई। कई सालों से परेशानी भोग रहे हैं।
- रोहनी के भीमसिंह ने बताया रोड पर कुछ महीने पहले गिट्टा डाली थी, काम अधूरा होने से आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
- कालमुखी के भगवान सिंह तंवर ने बताया पेट्रोल पंप के पास नहर वाले हिस्से में ठेकेदार ने पुलिया ही नहीं बनाई। यहां से गुजरने में परेशानी उठाना पड़ रही है। साथ ही आने वाले समय में यहां दुर्घटनाएं बढ़ने का अंदेशा है।
तीन-चार साल पहले ही बनी पुलियाओं की कर रहे बाइंडिंग
खंडवा-कालमुखी, केलवा-सुलगांव और जलकुआं भगियापुर मार्ग पर अर्थवर्क चल रहा है। कालमुखी मार्ग पर कहीं-कहीं स्लैब कलवर्ट तीन-चार साल पहले ही बनी है। ऐसे स्थानों पर बाइंडिंग की जा रही है। ठेकेदार को तीन साल में काम पूरा करना है।
-पीएस झानिया, कार्यपालन यंत्री, लोनिवि
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/construction-was-to-start-from-khandwa-24-km-later-road-work-started-from-shivpuri-culverts-are-also-being-made-half-127603531.html
No comments:
Post a Comment