15 जून से मानसून सत्र शुरू हो जाएगा। ऐसे में जरूरी है कि अंचलों में अधूरे पड़े पीएम आवास के निर्माण समय रहते पूरे कर लिए जाएं। इसी कड़ी में अब लॉकडाउन के चौथे चरण में मिलने वाली शिथिलता के बाद 17 मई के बाद अंचलों में इन निर्माणों को पुन: शुरू करने की प्लानिंग की गई है। निर्माणों के लिए जरूरी मटेरियल सीमेंट-सरिए आदि की दुकानें खोलने की परमिशन प्रशासन द्वारा जारी की जाएगी।
प्रशासन ने तय किया कि जिन जनपद पंचायतों में कोरोना संक्रमण फैला है या पॉजिटिव केस आ रहे हैं, वहां ये निर्माण शुरू नहीं करवाए जाएंगे। उज्जैन जिले की तीन जनपदों के पीएम आवास के 831 अधूरे निर्माणों को पूरा करवाने की प्लानिंग की गई है। इनमें खाचरौद जनपद पंचायत के 93, महिदपुर के 358 और तराना के 380 निर्माण शामिल हैं। निर्माण शुरू होते ही संबंधितों के खातों में चरणबद्ध तरीके से किस्तें भी डाली जाती रहेंगी। जिला पंचायत सीईओ अंकित अस्थाना ने बताया 17 मई के बाद ये निर्माण शुरू हो सकेंगे। निर्माण मटेरियल की दुकानों को खाेलने की अनुमति प्रशासनिक स्तर से जारी की जाएगी।
मनरेगा के तहत जिले में 19600 मजदूरों को दिया काम
लॉकडाउन के दौर में अन्य प्रांतों व जिलों से लौटे रहे उज्जैन अंचल के मजदूरों को रोजगार देने की दिशा में भी प्रशासन ने कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। सीईओ अस्थाना ने बताया मनरेगा के तहत हम जल संवर्धन व शासकीय भवन सहित 1900 निर्माण करवा रहे हैं। इनमें जिले में 19600 जरूरतमंद मजदूरों को काम दे दिया गया है। जैसे-जैसे मजदूर आते जा रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता से काम दिया जा रहा है। 5 मई तक जिले में 5 हजार मजदूर काम कर रहे थे। अब ये आंकड़ा बढ़कर चार गुना हो गया है। मजदूर मिलने से पीएम आवास के अधूरे निर्माण जल्द पूरे करने के प्रयास किए जाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/news/construction-of-831-incomplete-pm-houses-of-khacharud-mahidpur-and-tarana-will-start-after-may-17-127306721.html
No comments:
Post a Comment