इंदौर (दिनेश जोशी).कमलनाथ सरकार से बगावत करने वाले 22 कांग्रेसी विधायक दो सप्ताह तक बेंगलुरू में रहे। उनकी देखभाल के लिए इंदौर के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता को भी जिम्मा सौंपा था। वहां से शनिवार काे लौटने के बाद गुप्ता ने भास्कर को बताया कि बेंगलुरू के रिसॉर्ट में पहुंचते ही सारे विधायक-नेताओं के मोबाइल बंद कर एक पेटी में रखवा दिए थे। बाद में तीन और बागी विधायक भी पहुंच गए थे। इनमें से कोई भी कांग्रेस के किसी नेता या तत्कालीन सीएम कमलनाथ से बात नहीं करना चाहता था। इसलिए विधायकों ने ही मोबाइल बंद करने को कहा था। उन्हें दूसरे मोबाइल और सिम दी गई थी। इसी के माध्यम से उन्होंने परिजनों से बात की। गुप्ता ने भी अपना मोबाइल बंद कर दिया था। उन दिनों में बेंगलुरू में कैसा रहा घटनाक्रम, इसी को बता रहे हैं गुप्ता-
दिन में क्रिकेट खेलते थे विधायक अाैर नेता, शाम से रात तक सजती थी गीत-संगीत की महफिल
7 मार्च का दिन था। शाम करीब साढ़े सात बजे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के कॉल आए कि रात में ही दिल्ली पहुंचना है। मैं फ्लाइट से रात 11 बजे दिल्ली पहुंचा। अगले दिन सुबह मैं, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता और अरविंद भदौरिया वहां से बेंगलुरू पहुंचे। हमारे साथ कांग्रेस के 19 विधायक भी थे, जिन्हें लेकर रिसॉर्ट पहुंचे। वहां स्थानीय भाजपा विधायक एसआर विश्वनाथ ने सारी व्यवस्था की। जिस होटल में पूर्व मंत्री जीतू पटवारी पहुंचे थे, वहां सिर्फ एक विधायक मनोज चौधरी थे। बाकी विधायक रिसाॅर्ट में थे। इसलिए मुझे वहां के विवाद की जानकारी नहीं थी।
वह रिसाॅर्ट हमने 15 मार्च को ही खाली कर दिया था। इसके बाद हम दूसरे होटल में चल गए थे। कर्नाटक के कई भाजपा नेता भी लगातार वहां आते रहे। बागी विधायकों में से ज्यादातर को इस बात की नाराजगी थी कि उनके नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ जानबूझकर ऐसा व्यवहार किया गया। जिस तरह से न्यूज चैनलों पर कांग्रेस दावा कर रही थी कि बागी विधायकों को डराया जा रहा है, उसे देखकर ही बागी विधायकों ने खुद बार-बार वीडियो जारी किए, ताकि कांग्रेस के फैलाए भ्रम को दूर किया जा सके। सारे बागी विधायक दिन में क्रिकेट और फुटबाल खेलते थे। कुछ कैरम और शतरंज में भी हाथ आजमाते थे। रोज शाम को गीत-संगीत की महफिल सजती थी, जाे रात 12 बजे तक चलती थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/indore/news/congress-legislators-in-bangalore-had-switched-off-mobiles-and-put-them-in-boxes-used-to-talk-to-new-ones-127024381.html
No comments:
Post a Comment