शहर में लाॅकडाउन का तीसरा दिन। शुक्रवार काे सुबह 6 बजे बाजार खुल गए। दुकानाें के शटर उठते ही बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी लेकिन अब धीरे-धीरे लोगों में सुधार आने लगा है। लाेगाें ने एक दूसरे से दूरी बनाई। कारण- पुलिस की लाठी का डर। सुबह से बाजारों में पुलिस फोर्स तैनात हो गया। कुछ बड़े बाजारों में तो पुलिस ने वाहनों का प्रवेश रोक दिया, जिससे भीड़ न बढ़े। हालांकि कुछ बाजारों में हालात पहले की तरह रहे लेकिन अब धीरे-धीरे बाजारों में लोग सोशल डिस्टेंसिंग कर रहे हैं।
दाल बाजार में दो दिन बाद सुधरे हालात...
दाल बाजार में पुलिस ने बेरिकेड लगाकर खेरीज खरीदारों को प्रवेश करने से रोका जिससे जाम पर नियंत्रण हुआ। इस दौरान कई खेरीज दुकानों को बंद भी कराया।
दाल बाजार : पुलिस ने सुधारी व्यवस्था
बाजार सुबह ठीक 6 बजे खुल गए लेकिन गुरुवार को यहां बने हालात को देखते हुए पुलिस बल पहले से ही अलर्ट रहा। डीएसपी ट्रैफिक नरेश अन्नोटिया ट्रैफिक पुलिस और इंदरगंज थाने के फोर्स के साथ सुबह 5 बजे पहुंचे। बाजार खुलने से पहले स्टाॅपर लगा दिए। बाजार खुलते ही भीड़ टूट पड़ी, लेकिन दाल बाजार में थोक की दुकानें हैं इसलिए सिर्फ लोडिंग वाहनाें को ही अंदर जाने दिया। जिन्हें घर के लिए सामान लेना था, उन्हें पैदल ही जाने दिया। दुकानाें पर लोगों को दूरी पर खड़ा किया गया। सुबह 11.30 बजे के बाद पुलिस ने यहां से लोगों को बाहर करना शुरू कर दिया। 12 बजे पूरा बाजार खाली करा दिया गया।
कंपू से माधाैगंज : पुलिस ने चलाई लाठी
यहां की दुकानें भी सुबह 6 बजे खुल गईं। माधाैगंज में एकदम भीड़ उमड़ी। दूध डेयरियां खुलने से पहले 5 बजे से दूधिये पहुंच गए। बाजार खुलते ही ग्राहक पहुंचे। जिससे दूध की दुकानों पर अधिक भीड़ हो गई। यहां सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया। पुलिस ने यहां लाठी चलाईं और लोगों को तितर-बितर किया। सुबह 10 बजे एक दुकान पर खड़े होकर युवक सिगरेट पी रहे थे, पुलिस ने इन्हें खदेड़ा। सुबह 10.30 बजे से ही पुलिस ने बाजार बंद कराना शुरू कर दिया। उधर माधाैगंज चौराहा और महाराज बाड़े पर कुछ कॉस्मेटिक की दुकानें भी खुल गईं। पुलिस ने इन्हें बंद कराया।
मुरार : लोगों ने दूरी बनाई
सिंहपुर रोड पर बने हॉकर्स जोन में एकदम से भीड़ एकत्र हाे गई। पुलिस के अनाउंसमेंट के बाद यहां लोगों ने दूरी बनाई। सदर बाजार में भीड़ तो पहुंची पर उन्होंने सोशल डिस्टिेंसिंग मेंटेन कर समझदारी दिखाई। थाटीपुर चौराहा, मयूर मार्केट में भी ठेलों पर मार्किंग के हिसाब से लोग पहुंचे।
हजीरा : पुलिस ने खदेड़ा
हजीरा चौराहे पर सुबह 6 बजे मंडी खुलने पर भीड़ पहुंच गई। यहां लोग मार्किंग के हिसाब से खड़े नहीं हुए। पुलिस ने अनाउंसमेंट कर लाठी के बल पर खदेड़ा। गोला का मंदिर पर दुकानों पर भीड़ लगी तो पुलिस ने इन्हें भगाया। सांची पार्लर के बाहर भीड़ हो गई। यहां भी पुलिस की गाड़ी पहुंची।
सब्जी मंडी: नहीं सुधरे हालात
मंडी में अभी भी सीधे लोग पहुंच रहे हैं। जिससे यहां भीड़ अधिक हो रही है। हालांकि लक्ष्मीगंज मंडी के पीछे बनी नई सब्जीमंडी में दुकानदार शिफ्ट किए हैं, लेकिन इससे बहुत राहत नहीं है। पुलिस के सामने ही लोग दूर-दूर नजर आते हैं, पुलिस के हटते ही यहां भीड़ लग जाती है।
लाॅकडाउन के दौरान किराना की दुकान पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते ग्राहक एवं दुकान बंद कराती तहसीलदार शिवानी पांडे। स्थान- दाल बाजार।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/gwalior/news/mp-news-the-crowd-swelled-as-soon-as-the-market-opened-the-police-took-over-the-command-they-themselves-made-a-distance-070645-6925318.html
No comments:
Post a Comment