इंदौर.शहर में कोरोना संक्रमण फैलने के बाद कर्फ्यू लगने की स्थिति में प्रशासनिक अमला सिटी बस ऑफिस में स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से ऑपरेट कर रहे हैं। यहां बैठे 80 ऑपरेटर्स 24 घंटे तीन प्रकार की हेल्पलाइन को हैंडल कर रहें हैं। यहां इमरजेंसी के लिए कॉल करने वालों के साथ टेली मेडिसिन और डॉक्टर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मशवरा लेने की भी सुविधा शुरू हो गई है। इससे लोग घर बैठे ही वीडियो कॉल कर तबीयत खराब होने पर डॉक्टरी सलाह ले सकते हैं। इसके साथ ही वे कॉल कर दवाइयां भी घर बैठे ले पा रहे हैं।
स्मार्ट सिटी के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि प्रतिदिन कंट्रोल रूम के नंबर 0731-25673333 पर 90-100 कॉल आ रहे हैं। उन्हें अटैंड करने के लिए तीन शिफ्ट में ऑपरेटर काम कर रहे हैं। इन नंबरों पर कॉल करने वाले लोग वे हैं जो खुद किसी भी परेशानी में फंसने के बाद मदद के लिए कॉल लगा रहे हैं। इनमें कुछ कॉल तो संदिग्ध कोरोना पॉजिटिव मरीजों की जानकारी देने के लिए आ रहे हैं तो कुछ अपने क्षेत्र में लोगों द्वारा बरती जा रही लापरवाही की जानकारी दे रहे हैं। कोरोना के संदिग्ध मरीजों की जानकारी मिलने के बाद इस कंट्रोल रूम से ही जिला प्रशासन द्वारा गठित रेपिड रिस्पांस टीम को सूचना दी जाती है और टीम वहां के लिए रवाना हो जाती है। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा जारी इमरजेंसी हेल्प लाइन नं. 104 पर आने वाले कॉल की सूचनाएं भी इसी कंट्रोल रूम द्वारा अटैंड कि जा रही है।
नगर निगम द्वारा यहां विशेष रूप से 3 से 4 डॉक्टरों की टीम कंट्रोल रूम में बैठाई गई है। यहां आने वाले वीडियो कॉल को डॉक्टर्स की टीम से अटैंड कर परामर्श दिलवाने की व्यवस्था शनिवार से ही शुरू की गई है। इसके जरिए लोग वीडियो कॉल लगाकर पूछ सकते हैं। ऐसे में घर बैठे ही उन्हें इलाज उपलब्ध हो जाएगा। लोगों को खांसी, बुखार, गले में दर्द और बदन दर्द के लक्षण होने पर डॉक्टर बता सकेंगे कि वे कोरोना के संदिग्ध मरीज हैं या नहीं। इसके अलावा किसी और तरह की परेशानी होने पर भी उन्हें परामर्श मिल जाएगा।
कॉल करेंगे तो घर बैठे आ जाएंगी दवाइयां
कंट्रोल रूम के नंबर पर कॉल करने के बाद लोगों को घर बैठे दवाइयां भी उपलब्ध हो जाएंगी। इसके लिए नगर निगम ने 10 फार्मासिस्ट से बात कर व्यवस्था तैयार की है। लोग सिर्फ कंट्रोल रूम के नंबरों पर कॉल कर जरूरत की दवाइयों का प्रिस्क्रिप्शन देंगे और दवाइयां उन्हें घर पर ही उपलब्ध करवा दी जाएंगी। इसका पेमेंट भी वे घर बैठे कर सकते हैं।
800 ठेले व लोडिंग से सब्जी-किराना पहुंचाएं
निगम द्वारा शहर के 467 रूट के लिए 800 के लगभग ठेले और लोडिंग वाहनों से सब्जी पहुंचाने की व्यवस्था भी की है। इसके साथ ही हर रूट के प्रभारी के नंबर भी जारी किए गए हैं। लोग उन पर कॉल कर या कंट्रोल रूम पर कॉल कर भी किराना और सब्जी के लिए कह सकते हैं। उन्हें घर बैठे यह सारा सामान उपलब्ध हो जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/24-hour-help-from-the-control-room-of-the-city-bus-office-from-treatment-to-medicines-grocery-and-home-delivery-of-vegetables-127066765.html
No comments:
Post a Comment