पिछले चार दिनों से शहर में कोरोना के मरीजों के मिलने का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। जीआरएमसी की वायरोलॉजीकल लैब में हुई ग्वालियर के 324 सैंपलों सहित कुल 834 सैंपलों की देर शाम आई जांच रिपोर्ट में शहर के 3 आैर लोगोें को काेरोना का संक्रमण होने की पुष्टि हुई है। इनमें से दो तो दिल्ली से परिवार के छह सदस्यों के साथ लौटे देवर-भाभी हैं। इस परिवार के छह में से सिर्फ तीन सदस्यों की जांच कराई गई जिनमें से दो पॉजिटिव निकल आये। तीसरा मरीज जेएएच की आईसीयू में ड्यूटी कर रहा मेडिसिन विभाग का जूनियर डॉक्टर है जो कोरोना संक्रमित जूनियर डॉक्टर डॉ. आकाश के संपर्क में रहा था। इन्हें मिलाकर ग्वालियर में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 34 हो गई है। इनमें से 9 ठीक होकर घर जा चुके हैं। ग्वालियर में अब तक 5814 कोरोना संदिग्ध मरीजों के सैंपल हुए थे जिसमें से 5356 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है तथा 119 सैंपल रिजेक्ट हुए हैं। उधर भिंड में भी लगातार चौथे दिन नये मरीज मिलने का सिलसिला नहीं थमा है। यहां चार नये मरीज मिले हैं, जो दूसरे शहरों से लौटे हैं।
सुमन पाल (28) और दीपू (21) निवासी बंधा
मुरार के बंधा गांव के निवासी अतर सिंह दिल्ली में काम करते हैं। वे अपनी पत्नी सुमन पाल, चचेरे भाई दीपू पाल (21),दो बच्चे अरविन्द (10) सोनम (8) और भतीजे रिंकू के साथ कार से दिल्ली से 8 मई को ग्वालियर आए थे। ये सभी लोग सीधे जिला अस्पताल पहुंचे आैर सैंपल देने की बात कही। इस पर डॉक्टरों ने उन्हें होम क्वारेंटाइन की सलाह दी। अतर सिंह ने कहा कि मैंने उनसे कहा कि हम सैंपल देने के बाद ही गांव जाएंगे। इसके बाद गांव के सचिव को भी सूचना दी और गांव के लिए चल दिए। रास्ते में ही डॉक्टर का फोन आया और सैंपल देने को कहा। मेरे साथ ही पत्नी सुमन और चचेरे भाई दीपू का भी सैंपल हुआ। सोमवार को सुमन और दीपू की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली।
डॉ. उमेश कुमार (27), आमखो
जीआरएमसी के मेडिसिन विभाग के प्रथम वर्ष के पीजी स्टूडेंट डॉ. उमेश कुमार आमखो में कौशल्या सदन की दूसरी मंजिल पर किराए से रहते हैं। उनके साथ डॉ. पंकज गुप्ता भी रहते हैं। डॉ. उमेश आईसीयू में 29 अप्रैल से 8 मई तक रात ड्यूटी पर थे। शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव मिले डॉ. आकाश की यहां सुबह की शिफ्ट में ड्यूटी थी। दोनों का यहीं संपर्क हुआ। कल उन्होंने सैंपल दिया था,जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
भिंड में चौथे दिन भी चार और पाॅजिटिव मरीज मिले
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को चार नए मरीज सामने आए। पिछले चार दिनों में इनकी संख्या आठ हो गई है। इन सभी मरीजों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। जो मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं, उनमें ज्यादातर खुद ही सैंपल देने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि शहर के निकटस्थ ग्राम धरई निवासी रोहित (21) पुत्र होम सिंह 2 मई को राजस्थान के पाली से भिंड आया था। इसी प्रकार दिलीप (32) पुत्र तहसीलदार निवासी दिवियापुरा नयागांव भी अहमदाबाद से लौटा था। वह कोरोना पॉजिटिव मनोज के साथ आया था। लाला का पुरा ऊमरी निवासी सोनू (21) पुत्र रविंद्र 8 मई को भोपाल से लौटा था। इनके अलावा श्यामसुंदर (28) पुत्र दिनेश निवासी परा अटेर की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/3-more-positive-including-junior-doctor-umesh-who-came-in-contact-with-corona-infected-dr-akash-127293095.html
No comments:
Post a Comment