Saturday, April 11, 2020

नर्स के मकान मालिक, बबीता के परिजन और जोहरा के पड़ोसियों के नहीं लिए सैंपल, स्क्रीनिंग भी सिर्फ खानापूर्ति

कोरोना वायरस से संक्रमित छह मरीज मिलने के बाद उनके घरों के आस-पास के तीन किलोमीटर के क्षेत्र को हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया है। अफसरों का दावा है कि इन क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। लेकिन हकीकत यह है कि हॉट स्पॉट क्षेत्र की बात तो दूर संक्रमित मरीजों के घर और उनके आस-पास रहने वाले लोगाें की भी निगरानी नहीं हो पा रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जरिए कुछ सवाल पूछकर घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग का दावा करने वाले अधिकारियों ने मरीज के पड़ोसियों की सैंपलिंग कराने की जहमत भी नहीं उठाई है।
दैनिक भास्कर टीम ने शनिवार को शहर के छह स्पॉट की पड़ताल की। इसमें यह सामने आया कि सैंपलिंग से लेकर स्क्रीनिंग तक में खामी है। हॉट स्पॉट इलाकों में हर घर की स्क्रीनिंग होनी है, लेकिन उसके नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है।

लापरवाही... संदिग्ध को सामान्य मरीजाें के साथ कतार में लगा दिया

ग्वालियर| बेला की बाबड़ी चेकपोस्ट पर पकड़े गए 50 साल के कोरोना संदिग्ध राम सिंह को बघेल को लेकर 108 एंबुलेंस का स्टाफ शनिवार दोपहर जेएएच की ओल्ड ओपीडी पहुंचा, लेकिन हाॅस्पिटल के स्टाफ ने एंबुलेंस के स्टाफ से कह दिया कि वह मरीज को लाइन में लगा दें। नंबर आने के बाद सैंपल लिया जाएगा। एंबुलेंस के ईएमटी महेंद्र सिंह राजौरिया, पायलट जितेंद्र सिंह ने कहा कि इसे क्वारेंटाइन भी करना है लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। इसके बाद एंबुलेंस के स्टाफ ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। वरिष्ठ अधिकारियों के कहने पर वह राम सिंह को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने राम सिंह का सैंपल लेने के बाद उसे जिला अस्पताल के आश्रय भवन में बनाए गए क्वारेंटाइन सेंटर में भर्ती कर लिया।

पनिहार.. 3 काेराेना संदिग्ध साढ़े तीन घंटे बाद श्याम वाटिका में भर्ती किए
पनिहार से 3 काेरोना संदिग्धों को शनिवार काे 3 अलग-अलग 108 एंबुलेंस से क्वारेंटाइन सेंटर में भर्ती करने के लिए लाया गया, लेकिन रामकृष्ण हॉस्पिटल और क्याेर एंड क्योर हॉस्पिटल के क्वारेंटाइन सेंटराें में इन्हें भर्ती करने से इनकार कर दिया। एंबुलेंस स्टाफ से बोला गया, यहां सफाई चल रही है। एंबुलेंस के स्टाफ ने जिगित्सा कंपनी के जिला प्रभारी गाेपाल नेगी और 108 एंबुलेंस के नोडल अधिकारी आईपी निवारिया को सूचना दी। नोडल अधिकारी ने प्रभारी सीएमएचओ डॉ. बिंदु सिंघल काे जानकारी दी। साढ़े तीन घंटे बाद इन मरीजों को श्याम वाटिका में बने क्वारेंटाइन सेंटर में पहुंचाया गया। मरीजाें में बैंगलुरु से आया युवक अाैर दो अन्य संदिग्ध शामिल हैं।

न्यू विजय नगर: नर्स के पड़ोसियों को होम क्वारेंटाइन करने के बाद न फोन किया और न लिए सैंपल
यहां सुरेंद्र यादव के मकान में किराए से रहने वाली जेएएच की नर्स लता प्रभारी कोरोना संक्रमित पाई गईं। दैनिक भास्कर टीम शनिवार दोपहर यहां पहुंची। मकान मालिक सुरेंद्र यादव से बात की, तब पता लगा उनसे स्वास्थ्य विभाग की टीम फोन पर ही संपर्क कर रही है। एक बार भी मेडिकल चेकअप नहीं हुआ। आसपास के घरों की स्क्रीनिंग तो दूर की बात, इनसे स्वास्थ्य विभाग की टीम बार-बार कह रही है अगर चेकअप कराना है तो हॉस्पिटल ही आना होगा। लता का जो कमरा है, उसके बगल से ही कमरे में किराए से रहते हैं अंकित सोलंकी और उनकी बहन। अंकित सोलंकी से जब बात की तब पता लगा दो दिन बाद उनकी स्क्रीनिंग की गई थी। होम क्वारेंटाइन कर दिया गया है, तब से न तो किसी का फोन आया। न ही सैंपलिंग हुई। इनका कमरा लता के कमरे से सटा हुआ है। इनकी सैंपलिंग तक नहीं की गई। सुरेंद्र यादव के पड़ोसियों का कहना था, उनके घर स्क्रीनिंग के लिए कोई टीम नहीं आई। जब लता का सैंपल पॉजिटिव था, तो कम से कम आस-पास के लोगों की जांच तो कराना चाहिए थी। इससे पहले जरूर आंगनबाड़ी सहायिका आई थीं, लेकिन वो भी नाम पता नोट करके ले गई थीं। इस पूरे इलाके का सर्वे भी नहीं हुआ।

सत्यदेव नगर... जाेहरा खान के मकान पर ज्यादा फोकस लेकिन आसपास रहने वाले लोगों का चेकअप तक नहीं
सत्यदेव नगर में शांति पसरी हुई है। पुलिस का बाहर पहरा होने से कोई अंदर से बाहर और बाहर से अंदर नहीं जा पा रहा है। जिस घर में कोरोना पॉजिटिव महिला जोहरा खान मिली थी। वहां पर स्वास्थ्य विभाग का ज्यादा फोकस है। हां यहां पर नगर निगम जरूर सभी घरों पर सेनिटाइजेशन का काम करा रहा है। यहां रहने वाले एडवोकेट विद्या शंकर दुबे का कहना है कि ज्यादा फोकस स्वास्थ्य विभाग को जौहरा के घर पर है। हम लोगों से जो जानकारी मांगी गई थी। वह दे दी गई है। वैसे उस महिला को चेस्ट और अस्थमा की समस्या थी फिर भी हम सावधानी बरत रहे हैं। निगम का सेनिटाइजेशन का काम चल रहा है। यहां रहने वाले निगम के अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम आई जरूर। लेकिन आसपास के लोगों का परीक्षण नहीं हुआ।

ढोलीबुवा का पुल...चार दिन में बबीता के बेटा-बहू के सैंपल तक नहीं लिए, पड़ोसियों की स्क्रीनिंग भी नहीं
कागजों में तो कोरोना संक्रमित बबीता वर्मा के ढोलीबुवा का पुल स्थित घर के आसपास के क्षेत्र को प्रशासन ने हाॅट स्पाॅट घोषित कर दिया है। पड़ोसी घरों में कैद हैं। लेकिन सख्ती और सावधानी के तमाम दावों के बीच, बबीता की रिपोर्ट आने के चार दिन बाद भी उसके आस-पड़ोस में रहने वाले किसी भी व्यक्ति की अब तक जांच नहीं की गई। यहां तक की घर ही में रहने वाले बड़े बेटे जीतू वर्मा और बहू पायल के सैंपल तक नहीं लिए गए। बबीता के पड़ोसी राजेंद्र रजक ने बताया, निगम की टीम तो घरों को बाहर से सेनिटाइज कर रही है, लेकिन जांच के लिए कोई नहीं आया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आईं थी। घर में कितने लोग रहते हैं, किसी को कोई बीमारी तो नहीं है। ऐसे कुछ सवाल पूछे और चली गईं। इसके बाद फिर कोई नहीं आया। जबकि घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम को पड़ोसियों की रैंडम सैंपलिंग करना चाहिए थी। क्योंकि बबीता वर्मा नियमित रूप से दूध और सब्जी लेने के लिए घर से बाहर जाती थीं। पुलिस की सख्ती के बीच लोगों की चहलकदमी जारी है।

चेतकपुरी... चार दिन से सिर में दर्द है, अस्पताल से छुट्टी होने के बाद किसी ने फोन लगाकर तक नहीं पूछा
चेतकपुरी में रहने वाले अभिषेक मिश्रा कोरोना संक्रमित निकले थे। वह अस्पताल में भर्ती रहे, रिपोर्ट नेगेटिव आ गई तो अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शनिवार दोपहर यहां भास्कर टीम पहुंची। अभिषेक से बात की, पता लगा पिछले चार दिन से उन्हें सिर में तेज दर्द है। जब से छुट्टी हुई है तब से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संपर्क नहीं किया। इस पूरी कॉलोनी की स्क्रीनिंग होनी थी, जब पॉजीटिव आए तभी कुछ घरों की स्क्रीनिंग हुई। यहां कुछ और भी लोग होम क्वारेंटाइन हैं, लेकिन इनका सैंपल नहीं लिया गया। अभिषेक की घर वापसी के बाद इलाके की व्यवस्थाओं में भी ढील दे दी गई है। हॉट स्पॉट घोषित होने के बाद भी पूरे इलाके में लोगों की आवाजाही बेराेकटोक जारी है।




Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Sampler for nurse's landlord, Babita's family and Zohra's neighbors, not even screening


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/sampler-for-nurses-landlord-babitas-family-and-zohras-neighbors-not-even-screening-127151207.html

No comments:

Post a Comment