महाराष्ट्र से आ रहे दूसरे राज्यों के मजदूरों की फजीहत हो रही है। मंगलवार को एबी रोड स्थित मप्र की सीमा से उन्हें वापस भेज दिया गया। मजदूरों ने आगे जाने देने की गुहार लगाई व नारेबाजी भी की। कुछ मजदूर पहाड़ी रास्ते से प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर गए। उधर, जामली में एक माह से रह रहे मध्यप्रदेश के 61 मजदूरों को घर रवाना कर दिया गया। बिजासन स्थित सीमा पर मंगलवार सुबह तक करीब 500 लोग एकत्रित हो गए थे। पैदल, साइकिल व दोपहिया वाहनों से उत्तर प्रदेश व बिहार जाने के लिए निकले थे।
पुलिस व प्रशासन ने इन्हें प्रदेश की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया। वापस महाराष्ट्र की ओर लौटने का कहा। मजदूर वर्ग के लोग रोड पर बैठकर विवाद करने लगे। अफसरों से कहा वे सैकड़ों किमी दूरी तय करके आए हैं घर जाने दिया जाए। उन्हें खाना-पानी भी नहीं चाहिए, सिर्फ घर जाने दिया जाए। इस पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर उन्हें महाराष्ट्र की तरह वापस भेजा गया। इस दौरान एसडीएम घनश्याम धनगर व एसडीओपी टीएस बघेल भी मौजूद रहे। सीमा से वापस भेजे गए मजदूर कुछ किमी दूर महाराष्ट्र की सीमा में रुके। बिजासन मंदिर समिति की ओर से भोजन के पैकेट दिए गए। हालांकि कुछ घंटे बाद ही कुछ लोग पहाड़ी रास्ते से होते हुए मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर आगे निकल गए।
पुलिस से डरकर पहाड़ी रास्ते से पत्नी के साथ गांव जा रहे ग्रामीण की पहाड़ पर हुई मौत

बिजासन घाट (बड़वानी) | लॉकडाउन में पत्नी के साथ ससुराल से लौटते समय पहाड़ी रास्ते से आने वाले ग्रामीण की रास्ते में ही मौत हो गई। पत्नी ने इसकी सूचना बिजासन चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पीएम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। बिजासन चौकी प्रभारी एसआई कविता कनेश ने बताया गवाड़ी निवासी बलीराम (45) पिता रांका उसकी पत्नी लताबाई के साथ 2 दिन पहले गिरवी रखे खेत के काम से पत्नी के साथ उसके मायके हाड़ाखेड (महाराष्ट्र) गया था। मंगलवार को पत्नी लता के साथ पैदल आ रहा था। बिजासन बॉर्डर पर पुलिस को देखकर पहाड़ी रास्ते से बॉर्डर पार कर रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक बलीराम की पत्नी लता ने बताया उसे दमे की बीमारी थी। सांस फूलने से रास्ते में गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। वाहन नहीं पहुंच पाने से शव को कपड़े की झोली में डालकर हाइवे पर खड़े वाहन तक लाया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/barwani/news/the-process-of-laborers-coming-from-maharashtra-did-not-stop-then-the-crowd-started-when-sent-back-some-people-went-ahead-of-the-hill-path-127256561.html
No comments:
Post a Comment