(दिनेश जोशी )देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) को ऑनलाइन कराने पर अड़ा है। उसका दावा है की नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) से बात कर नई तारीखों पर विचार होगा, जबकि शिक्षाविदों का कहना है कि यूनिवर्सिटी कोरोना के भयंकर संकट के बीच इंदौर सहित देशभर के 24 शहरों में परीक्षा करा ही नहीं पाएगी। मध्य प्रदेश के साथ छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली सहित अन्य राज्यों में परीक्षा के केंद्र बनाए जाते हैं, जो संभव नहीं हैं। कई राज्यों में लॉकडाउन 30 जून तक बढ़ने के आसार हैं। इंदौर में ही हालात इतने खराब हैं कि यहां भी दो से ढाई माह कोई परीक्षा करना मुश्किल है।
इन विभागों के लिए होना टेस्ट :आईआईपीएस, आईएमएस, लॉ, कॉमर्स, एसजीएमसी, ईएमआरसी, फार्मेसी और इकोनॉमिक्स। इसमें चार विभाग और जुड़ सकते हैं।
ऐसे होना है सीईटी
- आठ विभागों (चार अन्य से बातचीत जारी) के 34 कोर्स के लिए आवेदन होना है।
- देश के छह राज्यों के 24 शहरों में एग्जाम सेंटर बनाना है।
- एनटीए से परीक्षा कराने की बातचीत फाइनल की जाना है।
- हर शहर में बातचीत के लिए दो-दो प्रोफेसर की टीम बनाकर भेजना है।
- लगभग 17 हज़ार छात्रों की परीक्षा लेना है।
लेकिन इसलिए संभव नहीं
- इंदौर-भोपाल सहित ज्यादातर शहरों में कोरोना संकट गंभीर, तीन माह शहर सामान्य होने के आसार नहीं।
- एनटीए के पास अब समय की दिक्कत होगी। उसकी अन्य परीक्षाएं पहले से पेंडिंग।
- सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर परीक्षा कराना संभव नहीं।
- परीक्षा की तैयारी के लिए एक माह लगता है। अभी तो इंदौर में तीन माह हालात सुधरने के आसार नहीं।
सीधी बात :अनिल शर्मा, रजिस्ट्रार
सवाल : क्या इन हालात में भी सीईटी ऑनलाइन होगी?
जवाब : अभी यही प्लान है। देर से होगी, मगर होगी। हम एनटीए से बात करेंगे।
सवाल : ऐसे हालात में कई शहरों में सेंटर नहीं बन पाएंगे, क्या होगा?
जवाब: हम प्रयास करेंगे हालात सामान्य नहीं होते तो नए शहर जोड़ेंगे, तब तक कई शहरों में हालात सुधरेंगे।
20 जून से हो सकती हैं बची हुई परीक्षाएं, पेपर लेने से पहले सैनिटाइज करेंगे हाथ, पहनना होगा मास्क
कोरोना संकट के कारण अधूरी और लंबित पड़ी परीक्षाएं देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी 20 जून से कराने की तैयारी कर रही है। इसके लिए उसने कई अहम निर्णय लिए हैं। रविवार को कुलपति डॉ. रेणु जैन की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अफसरों, प्रोफेसरों ने तय किया कि परीक्षा शुरू होने से पहले और खत्म होने के बाद हॉल को सैनिटाइज किया जाएगा। हर छात्र को पर्चा लेने से पहले सैनिटाइजर से हाथ साफ करना होंगे। स्टाफ सहित सभी छात्रों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा। नए हालात में एक दिन में एक केंद्र में दो से ज्यादा परचे नहीं होंगे, क्योंकि हर परचे के बीच कम से कम तीन घंटे का गैप अनिवार्य होगा। यह भी तय हुआ कि परीक्षा केंद्र भी बढ़ाए जाएंगे, क्योंकि सवा लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा देंगे।
ये परीक्षाएं अभी भी हैं पेंडिंग
- बीकॉम, बीए और बीएससी अंतिम, दूसरा और पहला वर्ष।
- बीबीए, बीसीए दूसरा, चौथा और छठा वर्ष।
- एमबीए दूसरा और चौथा वर्ष।
- बीए एलएलबी दूसरा, चौथा, छठा वर्ष।
- एलएलबी दूसरा, चौथा, छठा वर्ष।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/adi-devi-ahilya-university-nta-to-be-discussed-again-on-cet-online-127255286.html
No comments:
Post a Comment