जिले में कोरोना पॉजिटिव का पहला मामला आने के बाद मंगलवार को नजारा बिल्कुल जनता कर्फ्यू की तरह रहा। सुबह से लोग घरों में ही रहे। इस बीच मृत महिला और उनके पति के संपर्क में आए 29 लोगों को क्वारेंटाइन किया गया है। जबकि 96 लोगों के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट के आधार पर ही अब लॉकडाउन में छूट का निर्णय होगा। फिलहाल प्रशासन ने बुधवार तक संपूर्ण लॉकडाउन घोषित कर दिया है, जिसको आगामी समय में बढ़ाया भी जा सकता है।
ईसागढ़ निवासी कोरोना पॉजिटिव महिला शांति लोधी की मृत्यु के बाद कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद सबसे पहले उनके संपर्क में आए लोगों की सोमवार से ही बनती रही। इस दौरान 96 लोग ऐसे निकले जो महिला, उसके पति और रिश्तेदारों के संपर्क में आए। इनमें से 29 लोग डॉक्टर, स्टाफ नर्स,एम्बुलेंस ड्रायवर, क्लीनर आदि शामिल हैं जो सीधे महिला के संपर्क में आए। इन सबको तत्काल क्वारेंटाइन में रख दिया गया। वहीं मृत महिला के अशोकनगर में रहने वाली बहन और देवर जो लगातार 4 दिन तक जिला अस्पताल महिला से मिलने आते रहे, सभी को नर्सिंग सेंटर में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
चिंता: ईसागढ़ से बड़ी चैन अशोकनगर में बनी
जिस महिला की मौत हुई है उसका देवर और बहन अशोकनगर में नई आबादी और छहघरा में रहते थे। जिनका लगातार अस्पताल में आना जाना रहा, जब तक महिला भर्ती रही। मृत महिला की बहन जहां शहर के कुछ घरों में इस बीच नियमित काम करने गई तो वहीं उसका देवर कुछ दोस्तों के संपर्क में रहा। पुलिस और प्रशासन को जिन लोगों की जानकारी मिलती रही उनको जिला अस्पताल में सैंपलिंग के लिए भेजा और क्वारेंटाइन में रहने की सलाह दी गई।
असुविधा: जिला अस्पताल हुआ सैनिटाइज, सामान्य मरीजों का इलाज रुका
जिला अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मचा हुआ है। भले ही महिला के संपर्क में कुछ डॉक्टर, स्टाफ नर्स और सफाईकर्मी ही आए। लेकिन ये स्टाफ अन्य स्टाफ के संपर्क में रहा। इसके चलते जिला अस्पताल के पूरे स्टाफ की सैम्पल मंगलवार को लिए गए। वही महिला का इलाज करने वाले ईसागढ़ और अशोकनगर के डॉक्टरों को परिवार सहित क्वारेंटाइन किया गया है। ऐसे में जिला अस्पताल में आने वाले दूसरे मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
लापरवाही: कंटेंमेंंट एरिया को नहीं करवा सके सैनिटाइज, लोगों में बना रहा भय
सोमवार की रात को जिला अस्पताल के 200 मीटर दूर से सीमा को सील कर दिया गया। इस कंटेन्मेंट क्षेत्र में कई घर भी हैं, जिनके बाहर छज्जों पर दुकानें हैं जहां भर्ती मरीजों के अटेंडरों सहित स्टाफ का आना जाना रहता है। ऐसे में सबसे पहले कंटेन्मेंट जोन में सैनिटाइज करना आवश्यक था। लेकिन जिला अस्पताल को प्रबंधन ने अंदर से पूरा सैनिटाइज करवा दिया लेकिन 200 मीटर क्षेत्र को नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन सैनिटाइज नहीं करवा सका। इससे लोगों में भय बना रहा।
जिला अस्पताल के दो डॉक्टर, 5 नर्स क्वारेंटाइन
जिला अस्पताल के दो डॉक्टर और 5 स्टॉफ नर्स को क्वारेंटाइन सेंटर में रखा है। इसमें डॉक्टर मनीष चौरसिया खुद ही आइसोलेशन वार्ड के प्रभारी भी हैं जो महिला का इलाज कर रहे थे। वहीं एक अन्य व्यक्ति स्टाफ नर्स के पति भी हैं जिनको नर्स के संपर्क में रहने की वजह से क्वारेंटाइन किया है।
आगे क्या: लॉकडाउन में छूट अब लिए गए सैम्पल की रिपोर्ट पर निर्भर
मंगलवार से जिले में इलेक्ट्रिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों के अलावा हार्डवेयर और बिल्डिंग मटेरियल दुकानों को खोलने की छूट दी जा रही थी। लेकिन शाम को जैसे ही महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली, तो जिला प्रशासन से सभी आदेश रद्द करते हुए टाेटल लॉकडाउन घोषित कर दिया। एसडीएम सुरेश जाधव ने बताया कि मंगलवार को जिले में जो सैंपलिंग हुई है उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे लॉकडाउन में छूट का खांचा तैयार होगा। फिलहाल बुधवार को भी मंगलवार की तरह संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। यानी सिर्फ दूध, सब्जी और दवाइयों की सेवा ही जारी रहेगी।
ईसागढ़ में 40 लोगों की हुई सैम्पलिंग, यहां 22 क्वारेंटाइन
ईसागढ़ में जिला अस्पताल से डाॅ. बीएल टैगोर, नितेश यादव, दिलीप सोनी, राजेन्द्र रघुवंशी लैब टेक्निशियन की टीम ईसागढ़ पहुंची। जहां उन्होंने क्वारेंटाइन पर गए स्टाफ जिसमें बीएमओ डा. विपिन सिंह सहित 4 अन्य स्टाफ के सैम्पल लिए। इसके अलावा मंगलवार को कंटेन्मेंट क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से 35 लोगों के सैम्पल लिए गए। इस प्रकार कुल 96 लोगों के सैम्पल मंगलवार को लिए गए। इनमें महिला जिस मोहल्ले में रहती थी वहां आसपास के लोगों की सैंपलिंग के अलावा आनंदपुर ट्रस्ट के चक्क से 22 लोगों के सैम्पल लेकर क्वारेंटाइन पर रखा गया।
भोपाल से भागा महिला का पति, घाटबमूरिया पर पकड़ाया
भोपाल में क्वारेंटाइन सेंटर से चकमा देकर भागे मृत महिला के पति अजब सिंह को आखिर बहादुरपुर पुलिस ने चैकिंग के दौरान घाट बमूरिया पर पकड़ लिया। 8 हजार रुपए में किराए की एम्बुलेंस कर चकमा देकर वापस आ रहे पति की खोजबीन दिन भर से पुलिस कर रही थी। बहादुरपुर टीआई नरेन्द्र यादव ने बताया कि पति के पास किसी दूसरे हॉस्पिटल का पर्चा भी मिला। फिलहाल उसको एम्बुलेंस के साथ पुलिस अभिरक्षा में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया है। साथ ही एम्बुलेंस के ड्राइवर को भी एहतियात के तौर पर भर्ती करवाकर सैंपलिंग की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/ashoknagar/news/samples-of-96-people-who-came-in-contact-with-relatives-of-positive-women-29-quarantines-including-3-doctors-seven-nurses-127256580.html
No comments:
Post a Comment