ग्वालियर|महिला पुलिसकर्मी बताकर तीन युवतियों ने एक युवक को रोक लिया और उसे लॉकडाउन में कार्रवाई का भय दिखाकर 500 रुपए मांगने लगीं। जब युवक ने देने से इनकार कर दिया तो उसकी मारपीट शुरू कर दी। तभी पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस तीनों युवतियों को थाने ले आई। एक युवती ने थाने के अंदर महिला सिपाही पर हमला कर दिया। हमला कर वह भाग गई। करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने उसे पकड़ा। घटना शिंदे की छावनी की है। इंदरगंज पुलिस ने इस मामले में तीनों युवतियों को गिरफ्तार कर एफआईआर दर्ज कर ली है।
टीआई इंदरगंज पंकज त्यागी ने बताया कि लक्ष्मण तलैया निवासी भागीरथ बाथम लॉकडाउन में सोमवार शाम करीब 5 बजे घर से निकल आया। वह अपनी गाड़ी से शिंदे की छावनी पहुंचा। यहां उसे तीन युवतियां मिलीं। युवतियों ने इसे हाथ देकर रोका और कहा कि वह महिला पुलिसकर्मी हैं। खुद को पुलिस में बताकर तीनों ने कहा कि लॉकडाउन में बाहर निकलना मना है, अब उस पर एफआईआर दर्ज होगी। अगर कार्रवाई से बचना है तो 500 रुपए देना होंगे। युवक ने मना किया तो तीनों ने उसकी मारपीट शुरू कर दी। हंगामा होने पर पास में ही मौजूद एफआरवी पहुंच गई। एफआरवी ने हस्तक्षेप किया और तीनों युवती व युवक को लेकर इंदरगंज थाने पहुंची। थाने में युवक ने पूरी घटना बताई। युवतियों के नाम चांदनी बानो, राशी यादव, सुहाना खान हैं। तीनों बहोड़ापुर इलाके की रहने वाली हैं। जब इन्हें थाने लाया गया तो इनमें से चांदनी बानो ने थाने में घुसते ही हंगामा शुरू कर दिया। इसे रोकने के लिए एक महिला पुलिसकर्मी आई तो उस पर हमला कर दिया। उसके हाथ में काटने के बाद युवती एक युवक के साथ स्कूटर पर बैठकर भाग गई। पुलिस ने उन दोनों युवतियों से पूछताछ की जो थाने में मौजूद थीं। इस पर चांदनी का पता लग गया। करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थाने में इन युवतियों ने जमकर हंगामा किया और स्टाफ को धमकी दी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/gwalior/news/mp-news-three-women-who-became-policemen-demanded-500-rupees-from-the-youth-the-police-arrested-for-assaulting-them-for-not-giving-them-attacking-the-police-in-the-police-station-071554-6984264.html
No comments:
Post a Comment