Friday, April 10, 2020

अब तक 27 हजार लोगों की स्क्रीनिंग, 39 के सैंपल भेजे, 23 की रिपोर्ट निगेटिव, 15 की आना अभी शेष

कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण की आशंका के चलते शुक्रवार तक जिले के अलग अलग हिस्सों में मेडिकल टीम द्वारा 27219 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। 39 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे जा चुके हैं, इनमें से 23 लोगों की रिपोर्ट आ चुकी है, जो निगेटिव आई है। 15 लोगों की जांच रिपोर्ट आना शेष है। इनमें तलेन से एक जमाती भी शामिल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है, इनके परिवार के सदस्यों को भी आईसोलेट किया गया है।
सीएमएचओ केके श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अभी तक विदेश से आये 20 व्यक्तियों को होम क्वारेंटाइन में रखा गया है, तथा जिले में कुल 27,219 स्क्रीनिंग की गई है। जिला चिकित्सालय में आइसोलेशन वार्ड में 14 मरीज भर्ती है। सीएमएचओ ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वह लाॅक डाउन का पूर्णतः पालन करें और कोरोना वायरस से बचाव के लिए अपने घरों में ही रहें। उन्होंने कहा कि जिले में अभी तक कोई संक्रमित नही पाया गया है। सभी लोग लाॅक डाउन का पालन करें। अतिआवश्यक होने पर कही भी बाहर निकले। संक्रमण से बचाव के प्रति सावधानी बनाए रखें।

अफसर और कर्मचारी मेडीकल टीम से संपर्क कर जांच कराएं: एसडीएम
अनुविभागीय अधिकारी राजगढ़ श्रुति अग्रवाल ने शासन के आदेशानुसार जो अधिकारी/कर्मचारी भोपाल से या अन्य जिलों ंसे वापस आए हैं। उन्हें मेडिकल टीम से सम्पर्क कर अपनी जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

ब्यावरा: नो व्हीकल जोन बना, वाहन लेकर निकले तो निकाल दी हवा

लॉकडाउन का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने प्रशासन द्वारा बनाई गई शहर में नो व्हीकल जोन की व्यवस्था का पहले दिन कड़ाई से पालन कराया गया। नो व्हीकल जोन घोषित होने के बाद भी शुक्रवार को जो शहरवासी बाइक, कार लेकर सड़कों पर निकले खुद एसडीएम संदीप अष्ठाना, एसडीओपी किरण अहिरवार ने उनकी हवा निकलवाई। इस दौरान लोगों को जमकर फटकार लगाकर कन्या शाला में बनाई गई अस्थाई जेल में तक बंद करने की चेतावनी दी, ताकि लोग अनावश्यक वाहन न निकले। नो व्हीकल जोन के दौरान शहर में वाहनों का प्रवेश न हो, इसके लिए शहर के गुना नाके, राजगढ़ बायपाय, सुठालिया बायपास, भोपाल बायपास आदि इलाकों में नाकाबंदी बैठाई गई थी। एसडीएम ने बताया कि आगामी आदेश तक शहर में वाहनों का प्रवेश व उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस जवानों को प्रोत्साहित करने पुलिस कैफेटेरिया वाहन में चाय-नाश्ता रख खुद ड्राइव करके लाए एसपी

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कोरोना ड्यूटी कर रहे अधिकारी-पुलिस जवानों को प्रोत्साहित करने शुक्रवार को पहल की। वे शाम करीब 5 बजे जिप्सी में चाय का भर कैंपर, बिस्किट के पैकेट और नाश्ता रखकर ब्यावरा पहुंचे। यहां पीपल चौराहे पर उन्होंने कोरोना संक्रमण के बीच ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों, नपा कर्मियों और मीडिया कर्मियों को उन्होंने अपने हाथों से चाय-बिस्किट दिए। वहीं जो पुलिसकर्मी चाय नहीं पीते थे उनके लिए नींबू पानी पिलाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस के सभी वाहनों को सैनेटाइज कराया। एसपी श्री शर्मा ने बताया कि, कोरोना ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों लॉकडाउन में दुकानें बंद होने से चाय और नाश्ता नहीं मिल पा रहा है। उन्हें चाय व नाश्ता मुहैया कराने के लिए पुलिस कैफेटेरिया नाम से इस वाहन को शुरू किया है। लॉकडाउन अवधि के दौरान ये वाहन रोज जिले का भ्रमण कर ड्यूटी कर रहे अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए चाय व नाश्ता कराएगा। इस मौके पर एसडीओपी किरण अहिरवार, देहात थाना प्रभारी आदित्य सोनी, शहर थाना प्रभारी रविंद्र चावरिया, ट्रैफिक सूबेदार योगेंद्र मरावी भी उनके साथ थे।

नरसिंहगढ़: नए लाइसेंस नहीं बने तो फल-सब्जियों की होम डिलीवरी नहीं हुई, दुकानें खोली गईं तो लगाए ताले

फल और सब्जी विक्रेताओं को नए लाइसेंस जारी नहीं होने की वजह से शुक्रवार को दोनों चीजों की होम डिलीवरी नहीं हुई। नपा ने लॉक डाउन के उल्लंघन और बिना लाइसेंस के बड़ी संख्या में फल. सब्जी बेचने वालों को नियंत्रित करने के लिए गुरुवार को पुराने सभी लाइसेंस निरस्त कर दिए थे। हालांकि लुक छिप कर कुछ सब्जी वालों ने गलियों में जाकर सब्जियां बेच लीं। इसके अलावा कई किराना व्यवसाई लॉक डाउन की अवधि में भी दुकानों के अंदर ग्राहकों को इकट्ठा करके सामान बेच रहे थे। ऐसे लोगों पर भी नपा ने कार्यवाही की और मुख्य बाजार, बस स्टैंड आदि क्षेत्रों की 6 दुकानों में ताले लगाए। बाद में व्यापारियों के अनुरोध पर ताले खोले और उन्हें लॉक डाउन का पालन करने की हिदायत दी। जब ताले लगाए गए तब दुकानों के अंदर व्यापारी और ग्राहक दोनों बंद हो गए थे।
बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा: शुक्रवार को लॉकडाउन के चलते शहर के मुख्य हिस्सों सहित गली मोहल्लों में सन्नाटा पसरा रहा। बुधवार तक कुछ हिस्सों में कभी कभार अकारण ही लोग घूमते नजर आ जाते थे, लेकिन गुरुवार को जिस प्रकार प्रशासन द्वारा सख्ती बरतने से लोग बाहर नहीं निकले।

घर से बाहर सार्वजनिक स्थल पर बिना मास्क के निकले तो हो सकती है कार्रवाई

चिकित्सा विशेषज्ञों ने कोविड 19 से रोकथाम व बचाव हेतु प्रत्येक व्यक्ति को मास्क/फेस कवर पहनना आवश्यक बताया गया है। एपिडेमिक एक्ट 1897 एवं मध्यप्रदेश एपिडेमिक डीसीजेज कोविड 19 विनियम 2020 तथा मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ एक्ट 1949 की धारा 71 1 के प्रावधानों के अन्तर्गत आगामी आदेश तक प्रदेश में प्रत्येक व्यक्ति को घर से बाहर सार्वजनिक स्थलों में निकलते समय मास्क फेस कवर पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। मास्क से फेस कवर किए बिना घर से बाहर सार्वजनिक स्थलों पर जाना इन एक्ट का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसा होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में जिले में भी लोगों को मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Screening of 27 thousand people so far, 39 samples sent, 23 reports negative, 15 yet to come


source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/rajgarh/news/screening-of-27-thousand-people-so-far-39-samples-sent-23-reports-negative-15-yet-to-come-127144876.html

No comments:

Post a Comment