लॉकडाउन खुलते ही शहरी क्षेत्र के आसपास आपराधिक घटनाएं भी बढ़ती जा रही है। शनिवार रात करीब 9 बजे शाजापुर स्थित मीरकलां बाजार में डेयरी पर दूध देकर अपने गांव जा रहे युवक पर नकाबपोश अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची डायल 100 ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित युवक का परिवार यह समझ नहीं पा रहा है कि यह वारदात किस इरादे से की गई, क्योंकि न तो युवक को लूटा गया और न ही बाइक छुड़ाई।
जानकारी के अनुसार बज्जाहेड़ा निवासी विजेंद्र सिंह शनिवार शाम को गांव से दूध का कलेक्शन कर शाजापुर डेयरी पर गया था। यहां से लौटते समय बायपास के पास गांव के रास्ते पर पांच से सात युवक अपना चेहरा ढंककर बाइक पर रास्ता रोके बैठे थे। विजेंद्र के मौके पर पहुंचते ही बदमाशों में से एक ने कहा कि यही है वह और सभी ने उस पर लाठियों से हमला कर दिया। विजेंद्र कुछ समझ पाता इसके पहले ही उसे जमीन पर गिरा दिया। हमले में विजेंद्र के सिर पर गंभीर चोट आई। इधर वारदात की सूचना मिलते ही डायल 100 के आरक्षक भी मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
हमले का कारण नहीं समझ पाए पुलिस और परिजन
विजेंद्र पर हुए हमले की घटना से उसके परिवार के सदस्य भी सन्न रह गए। भाई किशोर सिंह ने बताया विजेंद्र की न तो किसी से दुश्मनी है और न ही कोई लेनदेन। हमले के बाद बदमाशों ने लूटपाट भी नहीं की और न ही बाइक चुराई गई। मामले को लेकर पुलिस में लिखित शिकायत तो कर दी गई है पर अब तक यह समझ नहीं आ रहा है कि यह हमला किस कारण किया गया। इधर कोतवाली पुलिस के अनुसार घायल युवक के बयान के बाद ही मामले का खुलासा होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/shajapur/news/the-miscreants-attacked-the-young-man-returning-to-the-dairy-by-giving-milk-127434754.html
No comments:
Post a Comment