शिवपुरी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पीने के पानी का संकट गहराने लगा है। शुक्रवार को न्यू कॉलोनी और राजपुरा रोड व गणेश गली रजक मोहल्ले की महिलाएं व पुरुष कलेक्टर के बंगले पहुंच गए। यहां गार्ड ने उन्हें लौटा दिया। इसके बाद लोगों ने नगरपालिका दफ्तर में हंगामा कर दिया। लोगों को शांत कराकर सीएमओ ने शाम तक मोटर सही कराने का आश्वासन दिया। लेकिन देर शाम को भी मोटर सही नहीं हो पाई है। ऐसे में अब स्थानीय लोगों का कहना है कि शनिवार को सीएमओ बंगले पर विरोधमें मटके फोड़कर प्रदर्शन करेंगे।
शहर के वार्ड 20 राजपुरा रोड, गणेश गली, रजक मोहल्ले में रहने वाले 50 से अधिक महिलाएं व पुरुष शुक्रवार की सुबह कलेक्टर बंगले पहुंच गए। बंगले पर तैनात गार्ड ने ऑफिस समय में कलेक्टोरेट पर ही मिलने की बात कही। जब कलेक्टर से मुलाकात संभव नहीं हो पाई तो सभी नगर पालिका दफ्तर पहुंच गए। यहां सीएमओ केके पटेरिया के सामने अपनी समस्या रखी। ढाई से तीन महीने बीत जाने के बाद भी बोर की मोटर नहीं बदली। सीएमओ ने शाम तक मोटर बदलवाने का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग घरों को लौटे। लेकिन वादे के मुताबिक शुक्रवार की शाम तक कोई मोटर डालने नहीं पहुंचा, इससे लोग नाराज हैं।
पानी की मोटर सही नहीं हुई, सीएमओ बंगले को घेरेंगे
पानी की समस्या लेकर पहुंचे धर्मेंद्र रजक, रेखा रजक, संतोष रजक, रामनरेश प्रजापति आदि लोगों का कहना है कि कलेक्टोरेट पहुंचने पर यहां कर्मचारी कलेक्टर से मिलने नहीं देते। इसलिए मजबूर होकर कलेक्टर बंगले पहुंचे थे। यहां भी गार्ड ने मिलने नहीं दिया। समस्या का हल नहीं हुआ है इसलिए अब शनिवार को सीएमओ बंगले का घेराव कर मटके फोड़ेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/shivpuri/news/water-crisis-in-new-block-colony-collector-bungalow-in-protest-and-uproar-in-napa-office-127452210.html
No comments:
Post a Comment