Wednesday, June 24, 2020

भूमिपूजन के छह माह बाद भी सिविल अस्पताल में नहीं बना स्मारक, 80 साल से खड़ी बोस एंबुलेंस

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस एंबुलेंस के स्मारक का भूमिपूजन हो गया, लेकिन 6 महीने में काम कुछ नहीं हुआ। नेताजी की एंबुलेंस को अस्पताल कैंपस के ही रोटरी उद्यान में एक पक्के स्ट्रक्चर पर धरोहर के रूप में रखे जाने की योजना थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कांग्रेस नेताओं और भाजपा विधायक की मौजूदगी में दिसंबर 2019 के अंत मे स्मारक निर्माण का भूमिपूजन करवाया। इस एंबुलेंस को 23 जनवरी 2020 में नेताजी की जयंती के दिन धरोहर के रूप में स्थापित किया जाना था। तब कमलनाथ सरकार में स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पचौरी से इस एंबुलेंस को साज-सज्जा के लिए भोपाल भिजवाने को कहा था।
इस मामले में सुरेश पचौरी के भोपाल निवास व उनके मोबाइल पर संपर्क किया किंतु बात नहीं हो सकी। एंबुलेंस स्मारक के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाने वाले कांग्रेस आईटी सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष शेष मेहरा का कहना है कि भूमिपूजन के बाद एंबुलेंस को भोपाल भेजते किंतु राजनीतिक फेरबदल के कारण तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट भाजपा में चले गए। सरकार बदलने के कारण स्मारक नहीं बना। इधर, रोटरी क्लब अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल ने कहा कि दिसंबर 19 में ही क्लब ने दो लाख रुपए खर्च कर अस्पताल का रोटरी उद्यान संवारा था। एंबुलेंस स्मारक प्रोजेक्ट रोटरी का नहीं है पर यहां स्ट्रक्चर बन सकता है।

विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए हमने भी एंबुलेंस की रिपेयरिंग का प्रस्ताव दिया था, प्रशासनिक अड़चनों के कारण काम अधूरा रह गया था। पचौरी जी ने भूमिपूजन किया। स्मारक के लिए शासन को पत्र भेजेंगे।
-डॉ. सीता सरन शर्मा, विधायक

सांसद निधि के आठ-दस लाख रुपए से स्मारक बनाने का काम होना है। कोरोना के कारण इस निधि का उपयोग फिलहाल स्मारक में नहीं हो सकेगा। स्वास्थ्य विभाग के फंड से स्मारक बन जाए ऐसी कोशिश करेंगे।
-विजय दुबे काकू भाई, पूर्व उप मंत्री



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/itarsi/news/even-after-six-months-of-bhoomipujan-the-memorial-was-not-built-in-the-civil-hospital-bose-ambulance-standing-for-80-years-127445143.html

No comments:

Post a Comment