लोगों को घरों तक सब्जी पहुंचाने की नगर निगम और जिला प्रशासन की तमाम कोशिशें फेल हो रही हैं। शनिवार को मनमाने दामों पर सब्जी बेचे जाने की शिकायतों के बाद नगर निगम ने रविवार से नई व्यवस्था बनाने का दावा किया था लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो सका। दैनिक भास्कर ने शहर के अलग-अलग इलाकों में ‘आपकी सब्जी-आपके द्वारा’ योजना की हकीकत की पड़ताल की तो पता चला शहर में नगर निगम का बैनर लगाकर कुछ एेसे लोडिंग रिक्शा पर भी सब्जी बिक रही है जिन्हें निगम ने अधिकृत ही नहीं किया है। वे कहां से सब्जी ला रहे हैं और उन्हें शहर में घूमने की अनुमति किसने दी? यहां तक कि निगम की वेबसाइट पर भी सब्जी के अधिकृत रेट लिस्ट अपलोड नहीं हुई। कॉल सेंटर 07552701401 पर लोगों ने फोन करके शिकायत करने की कोशिश की लेकिन रेट लिस्ट न होने से शिकायत दर्ज नहीं हो सकी।
शिकायतों के बाद रविवार शाम जिला प्रशासन और नगर निगम ने संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव के निर्देश पर सब्जियों की रेट लिस्ट जारी कर दी। कहा गया है कि यदि कोई व्यापारी इससे ज्यादा दाम पर सब्जी बेचे तो तुरंत शिकायत करें। इसके लिए वार्ड वार अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करके उनके नंबर भी जारी कर किए हैं।
पुल बोगदा में सीधे खेत से सब्जी लेकर आया ऑटो
पुल बोगदा से लगी लाला लाजपत राय काॅलोनी में मो. शादाब नामक सब्जी विक्रेता लोडिंग रिक्शा पर सब्जी बेच रहा था। उसने बताया कि वह खेतों और किसानों के घरों से सब्जी लेकर आया। यानी यह भी नगर निगम का अधिकृत विक्रेता नहीं था। पंद्रह मिनट बाद आए दूसरे ऑटो की भी यही स्थिति थी।
राेशनपुरा
नहीं पहुंचे ऑटो, ठेले पर बिक रही थी सब्जी
राेशनपुरा इलाके में सब्जियाें के कई ठेले खड़े थे। यहां निगम का सब्जी वाला ऑटाे नहीं पहुंचा। काेटरा सुल्तानाबाद इलाके में निगम का ऑटाे पहुंचा, लेकिन सब्जियां महंगी बेची जा रही थी। रहवासी पीएस राठाैर ने बताया कि आलू, बैंगन, टमाटर व प्याज 40 रु. और भिंडी 80 किलाे बेची गई।
भेल-अवधपुरी
निगम द्वारा तय रूट पर नहीं पहुंचे विक्रेता
सब्जी विक्रेताओं ने निगम द्वारा तय रूट फॉलो नहीं किया। वे मनमर्जी से ही सब्जी बेचते दिखे। रेट भी अलग रेट रहे। कहीं आलू 50 रुपए किलो तो कहीं 40 किलो बिका। रूट प्रभारियों ने बताया सब्जी बिक्री करने में इसलिए परेशानी आ रही है,क्योंकि लोग इकट्ठी सब्जी खरीद रहे हैं।
सुभाष नगर
बोले-दूर से लाए हैं सब्जी इसलिए महंगी
ओल्ड सुभाष नगर में सब्जी बेच रहे युवकों ने बताया कि वे 11 मील से सब्जी लेकर आए हैं। उन्हें ही सब्जी काफी महंगी मिली है, इसलिए उसी रेट पर बेचना मजबूरी है। रहवासियों ने बताया कि निगम के ऑटो वाले तीन दिन से सब्जी दे रहे हैं, लेकिन प्रति किलो 10 से 20 रु. तक ज्यादा वसूल रहे हैं।
बागमुगालिया में अनधिकृत रूप से सब्जी बेचते पकड़ाए वेंडर
निगम के रूट प्रभारियों ने करीब 5 ऐसे लोडिंग रिक्शा चालकों को पकड़ा जो अनधिकृत रूप से निगम का बैनर लगाकर सब्जी बेच रहे थे। नंदगांव कॉलोनी के रहवासियो ने सब्जी बेचने पहुंचे लोडिंग वाहन को अंदर नहीं जाने दिया, क्योंकि सब्जी वेंडर के पास न तो आधार कार्ड था न कोई अनुमति पत्र।
इनसे करें शिकायत
- वार्ड नंबर 1 से 8, 10 और 21 - इशांक धाकड़, सहायक आयुक्त 9425364703
- वार्ड नंबर 9, 11 से 18 और 20 - एलआर कोली, उपायुक्त - 9424499898
- वार्ड नंबर 19, 22 से 24, 33 से 35 और 42 व 47 - विजय तिवारी, सहायक आयुक्त - 8269555876
- वार्ड नंबर 25 से 28, 30 से 32, 43, 45, 46 और 51 - हर्षित तिवारी, उपायुक्त - 9424499881
- वार्ड नंबर 36 से 38, 71, 75 से 79 - सीबी मिश्रा, सहायक आयुक्त - 9424499891
- वार्ड नंबर 39 से 41, 70, 44, 58, 59, 69 - विनीता गुप्ता, सहायक आयुक्त - 9407301151
- वार्ड नंबर 48 से 50- विनोद कुमार शुक्ला, उपायुक्त - 9424499775
- वार्ड नंबर 29 और 80 से 85 - मनोज श्रीवास्तव, उपायुक्त - 9752702235
- वार्ड नंबर 62 से 68 और 72 से 74 - मनोज मौर्य, सहायक आयुक्त - 8959286451
- वार्ड नंबर 52 से 57, 60 और 61 - बृजराज सिंह सेंगर, सहायक यंत्री-9425601376

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/merchants-selling-vegetables-without-permission-banners-selling-vegetables-price-not-controlled-127157565.html
No comments:
Post a Comment