Sunday, April 12, 2020

हर केंद्र पर राेज दो पाली में 6-6 किसानों को बुलाएंगे, सभी काे माॅस्क पहनकर आना हाेगा

लॉकडाउन के चलते तीन बार स्थगित होने के बाद आखिरकार अब प्रशासन समर्थन मूल्य पर गेहं की खरीदी 15 अप्रैल से करने के लिए तैयार हो गया है। रविवार को ई-उपार्जन को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें खरीदी की प्लानिंग और कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने पर चर्चा की गई। हर बार की अपेक्षा इस बार खरीदी कुछ अलग अंदाज में होगी। खास बात यह है कि सभी खरीदी केंद्रों पर राेज दो अलग-अलग पालियों में की जाएगी। प्रत्येक पाली में उपज बेचने के लिए मात्र 6 किसानों को एसएमएस किए जाएंगे। यही नहीं उपज लेकर आने वाले किसानों की सुरक्षा के लिए केंद्र पर हाथ धोने के लिए साबुन, पानी और सैनिटाइजर भी उपलब्ध रहेगा।


सभी किसानों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा और यहां आने से पहले मुंह को मास्क या गमछे से ढंककर रखना होगा। इन किसानों की सुविधा के लिए यहां छांव और ठंडे पानी का भी इंतजाम किया जाएगा। जिले में कुल 162 केंद्रों पर समर्थन मूल्य की खरीदी होगी। इसके लिए 86 हजार किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। इन किसानों से करीब 4 लाख 40 हजार टन गेहूं की खरीदी होने का अनुमान है। बता दें कि जिले में 25 मार्च से समर्थन मूल्य पर खरीदी होना थी, लेकिन लॉकडाउन के चलते खरीदी की तिथि बार-बार आगे बढ़ाई जा रही है।

पिछले साल 74 हजार ने कराया था पंजीयन पर 49 हजार किसानों ने ही बेची थी उपज
पिछले साल जिले में समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के लिए 74 हजार किसानों ने पंजीयन कराया था, लेकिन इनमें से उपज बेंचने के लिए 49 हजार 1 किसान ही केंद्रों पर पहुंचे थे। इन किसानों ने 4 लाख 1 हजार मीट्रिक टन उपज बेंची थी। इस बार फसल अच्छी होने से 86 हजार किसानों ने अपनी उपज बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था। शासन ने पिछले साल की अपेक्षा इस साल खरीदी में 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी का लक्ष्य रखा है।

जेआईटी प्रक्रिया के तहत 3 से 7 दिन में होगा भुगतान
जिला आपूर्ति अधिकारी शैलेष शर्मा ने बताया कि इस साल भी जेआईटी (जस्ट इन टाइम) प्रक्रिया के तहत किसानों को उपज का भुगतान करेंगे। तीन से सात दिन में पैसा किसान के खातों में जमा हो जाएगा। भुगतान में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।

लॉकडाउन के चलते 3 बार स्थगित हो चुकी है खरीदी
बता दें कि जिले में 25 मार्च से गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरु होना थी। लेकिन 31 मार्च तक लॉकडाउन के आदेश के चलते खरीदी स्थगित की गई थी। इस बीच लॉकडाउन 14 अप्रैल तक बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए गए थे। लेकिन प्रशासन ने 30 मार्च को आदेश जारी करते हुए 1 अप्रैल से चार संभाग में समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरु करने के आदेश दिए थे। ठीक एक दिन बाद याने कि 31 मार्च को फिर से शासन ने खरीदी स्थगित करने के आदेश जारी कर दिए। ऐसे में अब 9 अप्रैल से जिले में समर्थन मूल्य पर खरीदी की तैयारियां शुरु हुईं। जिले में शुरुआत के दिनों में 10 केंद्रों पर खरीदी का निर्णय लिया गया। ई-उपार्जन के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसानों को अपनी उपज लाने के लिए मैसेज भी भेज दिए गए। लेकिन शाम करीब 7 बजे प्रमुख सचिव ने यह स्पष्ट कर दिया कि अभी समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जाना संभव नहीं है। अब 15 अप्रैल से खरीदी की तैयारी है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Rage will call 6-6 farmers in two shifts at every center, all will have to come wearing masks


source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/sehore/news/rage-will-call-6-6-farmers-in-two-shifts-at-every-center-all-will-have-to-come-wearing-masks-127158400.html

No comments:

Post a Comment