Wednesday, September 2, 2020

पंडितों ने ऑनलाइन मंत्रोच्चार कर घरों में ही कराए तर्पण व पिंडदान के आयोजन

महामारी के चलते पितृपक्ष प्रारंभ होने के बाद पहली बार शीतलदास की बगिया समेत छोटे बड़े तालाबों के सभी घाट सूने रहे। वहां पितरों के निमित्त किए जाने वाला तर्पण नहीं किया जा सका। ऐसा नहीं है कि श्रद्धालु इन घाटों पर पहुंचे नहीं, पर वहां पुलिस का पहरा था और किसी को जाने की इजाजत नहीं थी।

कई लोग वापस लौट आए, जबकि पंडितों ने ऑनलाइन मंत्रोच्चार कर घर बैठे पुरखों को जलांजलि दिलवाई। कई लोगों ने गायत्री शक्तिपीठ के हाल और सुभाष नगर विश्रामघाट के सभागार में जाकर तर्पण किया। पंडितों व श्रद्धालुओं में घाटों पर तर्पण के लिए लगाए गए प्रतिबंध को लेकर नाराजगी है।

सुबह लोग आने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया
शीतलदास की बगिया के व्यवस्थापक पं. किरण शर्मा का कहना है कि उन्होंने रोज दस-दस लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखते हुए तर्पण कराने की व्यवस्था की थी। सुबह 7 बजे से लोगों ने यहां आना शुरू कर दिया था, परंतु पुलिस ने उन्हें घाट पर प्रवेश करने से रोक दिया। लोगों का पुलिस से विवाद भी हुआ। जब लोगों ने खटलापुरा व कई अन्य घाटों पर जाकर तर्पण करना चाहा, परंतु वहां भी उन्हें रोक दिया गया।

सोशल मीडिया पर अलग-अलग समय में तर्पण कराया
पंडित विष्णु राजौरिया व पं. कपिल शर्मा ने बताया कि उन्होंने यजमानों को सोशल मीडिया पर अलग-अलग समय में ऑनलाइन मंत्रोच्चार कर तर्पण की क्रिया कराई। कई लोगों ने पिंडदान भी मंत्रोच्चार सुनते हुए ही किया। उन्हें दो दिन पहले सोशल मीडिया पर विधि व सामग्री की जानकारी दे दी थी। पंडितों को कहना है कि बहुत से लोगों के घर छोटे हैं। स्थान की कमी से उन्हें घरों में यह क्रियाएं करने में परेशानी भी हुई।

तकनीकी दिक्कतों की वजह से भी मंत्राेच्चार में परेशानी
पंडितों का कहना है कि बहुत से लोग सोशल मीडिया पर तकनीकी खराबी के कारण पंडितों से तर्पण नहीं कर सके। उन्होंने बगैर पंडितों के स्वयं ही बगैर मंत्रोच्चार के तर्पण की औपचारिकता भर की। इधर, शिवसेना नेता राजेश गोयल व हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष कैलाश बेगवानी का आरोप है कि सरकार और उससे जुड़े संगठनों के आयोजन लगातार हो रहे हैं। कई स्थानों पर चुनाव प्रचार की सभाएं हो रही है, परंतु धार्मिक आयोजनों के लिए ही रोक लगाई जा रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
भोपाल। शीतलदास की बगिया।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/pandits-conducted-online-chants-and-conducted-tarpan-and-pindadan-at-home-127680501.html

No comments:

Post a Comment