जिला प्रशासन व निर्वाचन आयोग ने विधानसभा उपचुनाव की तैयारी लगभग पूर्ण कर ली है। सुवासरा विस उपचुनाव में 2.60 लाख वोटर भाग लेंगे। वोटिंग में भीड़ ना हो, इसके लिए सुवासरा विस क्षेत्र में 85 नए सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस तरह कुल 388 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी। किसी भी केंद्र पर एक हजार से ज्यादा मतदाता नहीं होंगे। सभी मतदाताओं को वोटिंग से पहले ग्लव्ज दिए जाएंगे व सैनिटाइज्ड किया जाएगा। उसके बाद वोट की अनुमति दी जाएगी।
यह जानकारी कलेक्टर मनोज पुष्प ने दी। वे सोमवार को नवीन कलेक्टोरेट में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने विस उप चुनाव की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कलेक्टर ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते इस बार दिव्यांग व 80 साल से अधिक उम्र के लोग भी पोस्टल बैलेट से वोटिंग कर सकते हैं। कोरोना रोकथाम के लिए सुवासरा विस क्षेत्र को 40 भागों में बांटा है।
हर मतदान केंद्र के लिए कोविड प्रोटेक्शन टीम तैयार की है जो कोविड नियंत्रण पर काम करेंगी। हर केंद्र पर स्क्रीनिंग के बाद मतदाता को प्रवेश दिया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि अभी उपचुनाव की घोषणा नहीं हुई है पर घोषणा होते ही जिले में आचार संहिता लागू कर दी जाएगी। उपचुनाव की आचार संहिता नहीं लगी लेकिन नपा कर्मचारियों ने शहर से पोस्टर व बैनर हटाना शुरू कर दिया है। सोमवार को नपा के कर्मचारी शहर के मुख्य मार्गों से बैनर हटाते दिखाई दिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/mandsaur/news/everyone-will-get-gloves-before-voting-votes-will-be-able-to-be-cast-by-positive-postal-ballot-127762584.html
No comments:
Post a Comment