दीपावली त्योहार की तारीख जैसे- जैसे नजदीक आती जा रही है वैसे- वैसे मुख्य बाजार में गहमा गहमी बढ़ती जा रही है। सदर बाजार में एक ओर फुटपाथ पर दुकानदार कब्जा जमाए हुए हैं तो दूसरी ओर फड़ लगाने वाले सड़क घेरे हुए हैं। इन बेजा कब्जेधारियों को हटाने के लिए दोपहर में नगर पालिका और पुलिस का अमला बाजार में पहुंचा। यहां दो- चार जगह अधिकारियों की और दुकानदारों के बीच कहा सुनी भी हुई।
बाजार में दोनों ओर के दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि अपनी हद में रहें अन्यथा कल चालान किए जाएंगे। इसी प्रकार फड़ लगाने वालों से कहा गया कि वे हॉकर्स जोन में अपना कारोबार करें। वहीं व्यापारियों और दुकानदारों का कहना है पहले ही लॉकडाउन के वजह से हालत खराब है। ऐसे में अब त्योहार के समय कार्रवाई के कारण हमारा व्यापार प्रभावित हो रहा है।
यहां बता दें इसी अभियान के दौरान नगर पालिका सीएमओ सुरेंद्र शर्मा से निकाय के स्वास्थ्य अधिकारी राजवीर सिंह बोले- साहब आप आदेश करो अभी जेसीबी लेकर आते हैं और फुटपाथ खाली करा देते हैं। इस पर सीएमओ ने कहा थोड़ा रुक जाओ, 10 नवंबर को वोटों को गिनती हो जाने दो, इसके बाद बाजार में जेसीबी ही चलवाई जाएगी। सीएमओ ने यह भी कहा कि सदर बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने के साथ ही सौंदर्यीकरण कराया जाना है।
इसके तहत नाली, सड़क, फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों के लिए आदर्श आचार संहिता हटते ही टेंडर कराए जाएंगे। इस कार्रवाई के दौरान नपा सीएमओ व एचओ के अलावा तहसीलदार प्रमोद गर्ग, काेतवाली निरीक्षक उदय भान सिंह यादव सहित नगर पालिका व पुलिस का अमला साथ रहा।
एक ओर सीएमओ दूसरी ओर एचओ कार्रवाई करने पहुंचे
सदर बाजार में एक साइड सीएमओ और दूसरी ओर एचओ ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि कल फुटपाथ पर सामान पसरा हुआ मिला तो चालान किया जाएगा। इसी बीच दुकानदारों ने कहा कि साहब, त्योहार पर दुकानदारी कर लेने दो। इस पर सीएमओ ने कहा दुकानदारी करने से कौन रोक रहा है कम से कम नागरिकों को आने- जाने के लिए जगह रखने दोगे या नहीं।
दुकानदार से मांगी कैंची, बोला साहब हटा रहे कपड़े
सदर बाजार में फुटपाथ पर कोई कपड़े टांगे हुए था तो कोई बर्तन रखे हुए था। जब ऐसे ही एक दुकानदार से सीएमओ ने कहा कैंची है क्या तुम्हारे पास, दुकानदार भांप गया कैंची क्यों मांग रहे हैं, तब वह बोला साहब, कपड़े हटा रहे हैं। इसके बाद आनन फानन में उसके द्वारा फुटपाथ लटकाए गए कपड़े हटाना शुरू कर दिए। इसी प्रकार बर्तन कारोबारियों सहित अन्य के द्वारा सामान समेटा गया।
पहले भी कई बार दी गई है चेतावनी
नगर पालिका और यातायात पुलिस के अमले द्वारा पहले भी कई बार दुकानदारों को बाजार में अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी जा चुकी है लेकिन अब तक कई कारोबारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। अबकी बार दुकानदार और फड़ पर बैठने वालों से कह दिया गया है कि फुटपाथ और सड़क किसी भी स्थिति में नहीं घेरने दी जाएगी। इसलिए अपनी हद में रहना शुरू कर दें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/bhind/news/napa-staff-reached-sadar-bazar-to-vacate-road-and-footpath-127885185.html
No comments:
Post a Comment