Thursday, November 26, 2020

समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था 100 क्विंटल बाजरा, राजस्व टीम ने 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली की जब्त

समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए सोसाइटी पर ले जाए जा रहे 100 क्विंटल बाजरा को राजस्व विभाग की टीम ने गुरुवार की सुबह 4 बजे पोरसा चौराहा व पीएचई ऑफिस के पास से पकड़ लिया। खबर लिखे जाने तक कोई भी व्यक्ति जब्त बाजरा के संबंध में अपनी दावेदारी करने प्रशासन के पास नहीं पहुंचा। थाने में रखे 3 ट्रैक्टर-ट्रालियों को छुड़ाने के लिए भी किसी ने पुलिस से पहल नहीं की है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की सुबह 3 बजे एसडीएम राजीव समाधिया को सूचना मिली कि पाेरसा स्टैंड चौराहे के पास नीरज ट्रेडर्स के गोदाम से दो ट्रैक्टर-ट्रालियों में 70 क्विंटल बाजरा लोड किया जा रहा है जिसे किसी सोसाइटी पर बेचने की तैयारी है। सूचना में यह भी जानकारी दी गई कि दूसरा ट्रैक्टर-ट्राली पीएचई ऑफिस के पास से बाजरा से लाेड हो रहा है। एसडीएम ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी उमेश शर्मा के साथ पटवारी राजेश तोमर, शिव मोहन तोमर व गिर्राज पचौरी को कार्रवाई के लिए गल्ला व्यापारी रामबहादुर के गोदाम पर भेजा।

मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति नहीं बने इसके लिए एसडीएम ने टीआई योगेन्द्र सिंह जादौन को फोर्स उपलब्ध कराने के लिए कहा। राजस्व टीम ने नीरज ट्रेडर्स पर लोड हो चुके बाजरा से भरे 2 ट्रैक्टर-ट्रालियों को वहां से अपने कब्जे में लिया और उन्हें थाने ले आए। टीम ने दूसरी कार्रवाई पीएचई ऑफिस के पास किशन लाल के गोदाम पर पहुंचकर की।

राजस्व टीम ने वहां से एक ट्रैक्टर-ट्राली में भरा 30 क्विंटल बाजरा जब्त किया और उस वाहन को भी थाने ले आए। चूंकि गुरुवार को मौसम में धुंध थी इसलिए प्रशासन ने 2.15 लाख रुपए कीमत के 100 क्विंटल बाजरा को सुरक्षित बनाए रखने के लिहाज से वेयर हाउस में रखवा दिया है। जब्त किए 3 ट्रैक्टर-ट्राली बाजरा से खाली कराकर थाने में रखवा दिए हैं। बाजरा से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियों को छोड़ने के लिए एसडीएम से लेकर टीआई के पास दिनभर नेताओं के फोन आते रहे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पुलिस ने गुरुवार को बाजरा से लदे ट्रैक्टर-ट्रालियों को जब्त कर लिया।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/morena/news/100-quintal-millet-was-being-taken-for-sale-at-support-price-revenue-team-seized-3-tractor-trolleys-127951895.html

No comments:

Post a Comment