उपचुनाव संपन्न होते ही एक बार फिर जिले की कांग्रेस में रार बढ़ गया है। किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव अशोक भदौरिया ने पार्टी से इस्तीफा देते हुए पूर्व मंत्री एवं लहार विधायक डॉ गोविंद सिंह पर आरोप लगाया है कि उन्होंने मेहगांव विस के उपचुनाव में उन पर ठाकुरवाद में भाजपा के लिए काम करने का दबाव बनाया। इससे पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल भी यही आरोप लगा चुके हैं।
जिसके बाद डॉ सिंह के समर्थक और प्रदेश कांग्रेस के महासचिव खिजर मोहम्मद कुर्रेशी ने पार्टी जिलाध्यक्ष बघेल पर हमलावर होते हुए कहा कि उनके गांव में ही कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे 150 से ज्यादा वोट से हारे हैं। जबकि उनका बेटा वहां सरपंच है। ऐसे में वे किस मुंह से प्रदेश के कद्दावर नेता डॉ गोविंद सिंह पर आरोप लगा रहे हैं। उनके इस बयान की उच्च स्तरीय जांच होना चाहिए। इस अवसर पर गोहद विधायक मेवाराम जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष रामनारायण हिंडोलिया सहित डॉ सिंह के कई समर्थक मौजूद थे।
भाजपा में जाने के बाद एक बार फिर कभी सिंधिया गुट के माने जाने वाले कांग्रेसियों और दिग्गी गुट के कांग्रेसी आमने-सामने आ गए हैं। यही वजह रही कि कभी सिंधिया खेमे से कांग्रेस जिलाध्यक्ष बने जयश्रीराम बघेल ने पूर्व मंत्री डॉ. सिंह के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर उन्हें पार्टी से छह साल के लिए बाहर किए जाने की बात कही। वहीं डॉ सिंह के समर्थकों ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस दौरान मनोज दैपुरिया, देवाशीष जरारिया, राहुल भदौरिया, रामप्रकाश यादव, प्रदीप जैन गुड्डा, संदीप मिश्रा, देवेंद्र त्रिपाठी सहित लोग मौजूद थे।
पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह के समर्थक बाेले- जिलाध्यक्ष के गांव में ही कांग्रेस हार गई
डॉ. गोविंद सिंह की मानसिकता कांग्रेसी नहीं: भदौरिया
किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रहे अशोक भदौरिया ने पूर्व मंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मानसिकता कांग्रेसी नहीं है। उन्होंने मुझसे कहा कि ठाकुरवाद में भाजपा प्रत्याशी के लिए काम करो। मैंने मना कर दिया तो उन्होंने कहा कि कैसे भदौरिया हो, भदौरिया होकर भदौरिया के लिए काम नहीं कर रहे हो। उन्होंने यहां तक कहा कि 30 वर्ष का इतिहास उठाकर देख लो, डॉ सिंह का भाजपा से समझौता है। विस चुनाव में लहार से कांग्रेस जीतती है। वहीं लोस चुनाव में भाजपा को जिताते हैं। भदौरिया ने अपने इस्तीफा देने का कारण भी यही बताया। उन्होंने कहा कि मैंने 30- 35 साल कांग्रेस में काम किया। युकां का जिला उपाध्यक्ष रहा। वर्ष 2004 से 2009 तक प्रदेश किसान कांग्रेस में महासचिव रहा। लेकिन मेहगांव चुनाव पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जो अनुशासनहीनता, जातिवाद, परिवारवाद, रिश्तेवाद और रिश्तेदारों को आगे बढ़ाने का कार्य किया है, उससे दुखी होकर इस्तीफा दिया है।
डॉक्टर साहब के लोगों ने दिन रात काम किया: कुर्रेशी
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव खिजर मोहम्मद कुर्रेशी ने कहा कि पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह को गोहद की जिम्मेदारी दी गई थी। बावजूद उन्होंने मेहगांव में दो दिन दिए। भारौली में डंके की चोट पर हनुमानजी की सौगंध देकर कहा कि हम कांग्रेस के लिए आए हैं। हमारे जाने के बाद लोग कहेंगे कि डॉक्टर नहीं चाहते कि हेमंत जीतें। लेकिन आपको बात नहीं करना है। सिर्फ कांग्रेस को जिताना है। यही वजह रही कि 60 हजार से ज्यादा वोट हेमंत को मिले। उन्होंने संदीप मिश्रा, जिपं सदस्य मान सिंह कुशवाह, बृजेंद्र सिंह भारौली कल्लू आदि से मीडिया के सामने ही पूछा काम किया था या नहीं। वहीं कुर्रेशी ने कहा कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल द्वारा नियुक्त किया गया सचिव समीर, जिसने गोहद में अलग कार्यालय खोलकर भाजपा का प्रचार किया और दो लाख रुपए लेकर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए उम्मीदवार उतारा। उसकी शिकायत मैंने खुद जिलाध्यक्ष से की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसलिए कांग्रेसियों में द्वंद
राजनीतिक जानकारों की मानें तो अचानक दो दिन पहले पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह की कांग्रेस में निष्ठाओं को लेकर जो सवाल खड़े किए गए हैं, उसके पीछे नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी मानी जा रही है। यही वजह है कि कुछ दिनों पहले डॉ गोविंद सिंह ने राज्यपाल को एक चिट्ठी लिखी थी। इसके बाद अचानक कभी सिंधिया समर्थक रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल ने मेहगांव सीट के बहाने पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह पर आरोपों की बौछार कर दी।
वे झूठ बोल रहे हैं
वे झूठ बोल रहे हैं। हमारे वोट जहां गिरते हैं उस पोलिंग पर कांग्रेस जीती है। बड़ा गांव हैं हमारे समाज के वोट भी कम है। समीर खान ने सेवादल का कार्यक्रम कराया था उसके पांच हजार रुपए मेवाराम ने दिए थे। अब लोगों को हमें गाली देने से पैसे मिलते हैं तो दें कोई फर्क नहीं पड़ता।
जयश्रीराम बघेल, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
मेरी मुलाकात नहीं हुई
अशोक भदौरिया से मेरी कोई मुलाकात नहीं हुई है। वहीं मुझे पिछले दो साल से फोन कर रहे हैं कि मुलाकात करना है। पांच छह दिन पहले भी उनका फोन आया था। लेकिन मेरी उनसे मुलाकात नहीं हुई तो इस तरह की बात का तो सवाल नहीं उठता।
डॉ. गोविंद सिंह, विधायक लहार
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/bhind/news/former-state-general-secretary-resigns-from-congress-says-former-minister-pressurized-him-to-work-for-bjp-in-thakurism-127951170.html
No comments:
Post a Comment