Friday, November 20, 2020

5400 वर्गफीट सरकारी जमीन पर मिला अतिक्रमण, दो मंजिला भवन और शेड तोड़ा

दो दिन तक सीमांकन करने के बाद शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक सिंह के रिश्तेदारों के बालाजी मैरिज गार्डन पर अंतत: प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। गोविंदपुरी तिराहे पर स्थित इस गार्डन का सीमांकन दोपहर में पूरा होने के बाद शाम 4 बजे के बाद ये कार्रवाई शुरू की गई, जो रात तक चली। इस दाैरान गार्डन के अंदर बने दो मंजिला भवन और टीनशेड को 2 जेसीबी मशीनों से जमींदोज कर दिया गया।

सीमांकन में गार्डन के अंदर सर्वे नंबर 1912 की 5400 वर्गफीट जमीन पर अतिक्रमण पाया गया, जिसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद गार्डन संचालक इंदर सिंह व कांग्रेस के पूर्व पार्षद नरेंद्र सिंह को दी। इंदर सिंह, कांग्रेस नेता अशोक सिंह के चाचा हैं। गार्डन में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए बुधवार से कवायद चल रही थी। बुधवार को गार्ड रूम के निर्माण को गिरा दिया गया था।

उधर, गार्डन संचालकों ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया है। इंदर सिंह का कहना है कि भाजपा नेता जानबूझकर राजनीतिक द्वेष से कार्रवाई करा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस जमीन की कीमत 20 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

एडीएम बोले- जल्दी तोड़ो, पूरा तुड़वाकर ही यहां से जाऊंगा
तुड़ाई शुरू कराने के लिए मौके पर पहुंचे एडीएम आशीष तिवारी ने अमले से कहा कि जल्दी तुड़ाई शुरू करके खत्म करो। पूरा अवैध निर्माण तोड़े जाने तक मैं यहीं हूं। हालांकि श्री तिवारी थोड़ी देर बाद मौके से चले गए। फिर एसडीएम एचबी शर्मा, विनोद भार्गव ने जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस बल के साथ मौजूद रहकर कार्रवाई पूरी कराई।

सरकारी बंगले को छोटा कर बनाया जाएगा आम रास्ता
बालाजी गार्डन के अंदर अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीन तक पहुंचने के लिए अभी कोई आम रास्ता नहीं है। इसके लिए गोविंदपुरी तिराहे पर स्थित एक सरकारी बंगले के साइड से सड़क निकाली जाएगी। इसके लिए सरकारी बंगले को छोटा किया जाएगा। सड़क बनने के बाद इस जगह पर कोई सरकारी प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा।

बालाजी गार्डन में 9 शादियाें की बुकिंग, उनका क्या हाेगा?
बालाजी मैरिज गार्डन में 23 नवंबर से 15 दिसंबर तक 9 शादियाें की बुकिंग है। इनमें एक पुलिस अधिकारी की बेटी की शादी भी शामिल है। सवाल ये है कि मैरिज गार्डन की बिल्डिंग और टीनशेड काे ताेड़ने की कार्रवाई के बाद क्या ये शादियां हो सकेंगी? हालांकि गार्डन की जमीन पर शादियां हाे भी हाे सकती हैं। इसके लिए वैकल्पिक इंतजाम करने हाेंगे।

आगे भी जारी रहेगी इस तरह की कार्रवाई
करीब 20 करोड़ रुपए की सरकारी जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है। इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस जमीन के लिए एक सरकारी बंगले के डिजाइन में बदलाव कर रास्ता तैयार किया जाएगा। - कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
गांधी रोड स्थित बालाजी मैरिज गार्डन में सरकारी जमीन पर बनी इमारत को तोड़ती मशीन।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/encroachment-on-5400-sq-ft-government-land-two-storey-building-and-shed-broken-127931774.html

No comments:

Post a Comment