आज से ठीक पांचवें दिन 10 नवंबर, मंगलवार को ईवीएम से 53 प्रत्याशियों का भाग्य खुलेगा। शहर के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक एक में बनाए गए मतगणना स्थल पर सुबह 8 बजे से मतों की गणना शुरू होगी लेकिन परिणाम आते-आते दिन बदल जाएगा। प्रशासन जब बहुत जल्दबाजी करेगा, तब गोहद विधानसभा का परिणाम आने में रात के 11 बज जाएंगे जबकि मेहगांव विधानसभा का फाइनल परिणाम बुधवार की सुबह तक आएगा।
मतगणना के बाद मेहगांव और गोहद विधानसभा की ईवीएम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक एक में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सील कर दी गई हैं। यह सभी ईवीएम 10 नवंबर की सुबह स्ट्रांग रूम से बाहर निकाली जाएगी। निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन के अनुसार दोनों विधानसभा की मतों की गणना के लिए 14-14 टेबल लगाई जाएगी यानि एक राउंड में 14 पोलिंग की ईवीएम से मतों की गणना की जाएगी। इस हिसाब से मेहगांव में 378 मतदान केंद्र होने पर यहां 27 और गोहद में 327 मतदान केंद्र होने पर 24 राउंड होंगे।
2018 में रात को आए थे परिणाम, इस बार और होगी देरी
वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में हर राउंड के बाद प्रत्याशी को प्रमाण पत्र जारी करने की वजह से परिणाम काफी देरी से आए थे। गोहद विधानसभा का परिणाम रात 11 बजे के करीब आ पाया था जबकि मेहगांव का परिणाम अगले दिन सुबह करीब 4 बजे के करीब आए थे। तब गोहद में 20 और मेहगांव में 23 राउंड हुए थे। इस बार पोलिंग की संख्या बढ़ जाने से गोहद में 24 और मेहगांव 27 राउंड होंगे। ऐसे में परिणाम आने में ओर अधिक समय लगेगा।
ऐसे समझें मतगणना का गणित
संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इकबाल के अनुसार मेहगांव में 27 और गोहद 24 राउंड होंगे। एक राउंड कम से कम 30 मिनट में भी पूरा हुआ तो गोहद विधानसभा की मतों की गणना में 12 घंटे का समय लगेगा। मेहगांव विधानसभा के मतों की गणना के लिए 13 घंटे 50 मिनट का समय लगेगा। वहीं निर्वाचन आयोग के तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार ईवीएम से मतों की गिनती 8.30 बजे से शुरू होगी और लगातार 30 मिनट में हर राउंड पूरा होता रहेगा तब भी परिणाम आने में रात के 8.30 बज जाएंगे जबकि ऐसा संभव नहीं है। वजह यह है कि हर राउंड के पूरे होने के बाद उसका प्रमाण पत्र जारी होने और औपचारिकताएं करने में 15 से 20 मिनट का समय अतिरिक्त चला जाता है। इस प्रकार गोहद के फायनल परिणाम आते आते रात के 11 बजे जाएंगे जबकि मेहगांव के परिणाम में तारीख बदल जाएगी।
पहले होगी डाक मत पत्रों की गणना, इनकी भी संख्या ज्यादा
10 नवंबर की सुबह 8 बजे मतों की गणना शुरू होगी लेकिन सबसे पहले डाक मत पत्र गिने जाएंगे। इस बार कोरोना काल के चलते डाक मत पत्रों की संख्या भी बढ़ गई है। वजह यह है कि अब तक डाक मत पत्र सिर्फ सर्विस वोटर को दिए जाते थे लेकिन इस चुनाव में दिव्यांगजन और 80 साल से अधिक उम्र वालों को भी यह सुविधा दी गई थी। प्रशासन के अनुसार इस बार 3 हजार सर्विस वोटर को डाक मत पत्र भेजे गए हैं, जिनके मत पत्र मतगणना दिवस की सुबह 8 बजे तक मान्य किए जाएंगे। वहीं दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक उम्र वाले 5213 मतदाताओं ने भी डाक मत पत्र से मतदान किया है।
त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखी गई हैं ईवीएम, अंदर लगाए गए हैं सीसीटीवी कैमरा, बाहर प्रसारण
निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन के अनुसार मेहगांव और गोहद की ईवीएम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक एक में बनाए स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गई है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा त्रिस्तरीय है, जिसमें पहला घेरा सीपीएफ (केंद्रीय बल) दूसरा घेरा एसएएफ और तीसरा घेरा स्थानीय पुलिस का है। इसके अलावा स्ट्रांग रूम के अंदर सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं, जिसकी सीधे वेबकास्टिंग हो रही है। वहीं प्रत्याशियों के लिए स्ट्रांग रूम के बाहर एक एलईडी लगाई गई है, जिससे वे स्ट्रांग रूम के अंदर क्या चल रहा है यह कभी भी देख सकते हैं।
मतदान केंद्राें की संख्या बढ़ने से राउंड बढ़ जाएंगे
मतगणना को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस बार मतदान केंद्रों की संख्या अधिक होने से राउंड बढ़ जाएंगे। इसलिए संभावना है कि परिणाम आते आते रात हो जाएगी। हमने इसे देखते हुए तैयारी की है।
डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, भिंड
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/bhind/news/rounds-increased-due-to-increase-in-booth-effect-gohad-result-will-come-at-11-pm-and-mehgaon-will-come-till-morning-127885604.html
No comments:
Post a Comment