Friday, November 6, 2020

मंत्री भूपेंद्र से मिले बसपा विधायक संजीव, निर्दलीय शेरा; सदन में कांग्रेस के पक्ष में वोट कर चुके भाजपा विधायक त्रिपाठी की भी मुलाकात

उपचुनाव के परिणाम आने में चार दिन बाकी हैं, लेकिन भाजपा ने सियासी जमावट शुरू कर दी है। शुक्रवार को बसपा विधायक संजीव सिंह कुशवाह, निर्दलीय सुरेंद्र सिंह शेरा और भाजपा के ही विधायक नारायण त्रिपाठी ने पार्टी के चुनाव प्रबंध समिति संयोजक व नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह से अलग-अलग मुलाकात की। इसके बाद संजीव ने कहा कि भाजपा को समर्थन विकास के लिए है। दोनों पार्टियां एक जैसी हैं। चुनाव बाद बसपा जो निर्णय लेगी, पालन करेंगे। शेरा बाेले- मैं अपने क्षेत्र में स्टेडियम के काम से आया था।

नारायण ने कहा- भूपेंद्र पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, मुलाकात होती रहती है। हालांकि इन मुलाकाताें से सियासी हलचल बढ़ गई। यह कहा जा रहा है कि परिणामों से पहले फील्डिंग जमाने की जिम्मेदारी इस बार भूपेंद्र सिंह को दी गई है। भाजपा को अपने दम पर विधानसभा में बहुमत के लिए 28 में से 8 सीटें जीतनी जरूरी हैं। चार निर्दलीय, दो बसपा के और एक सपा विधायक की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है। गौरतलब है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय विश्वास मत के दौरान त्रिपाठी ने भाजपा के खिलाफ जाकर कांग्रेस के पक्ष में वोटिंग की थी।

कमलनाथ का बड़ा आरोप- भाजपा को हार का डर, इसलिए विधायकों की सौदेबाजी और बोलियां लगानी शुरू कर दी हैं
उपचुनावों में हार सामने देख भाजपा ने विधायकों की सौदेबाजी व बोलियां लगानीं शुरू कर दी है। मुझे कांग्रेस व निर्दलीय विधायकों ने सूचना दी है कि भाजपा के लोग संपर्क कर प्रलोभन दे रहे हैं। शुचिता की राजनीति की बात करने वाली भाजपा को चुनाव परिणाम के बाद नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना पड़ेगा। 10 नवंबर को उपचुनाव के परिणाम यह सिद्ध करेंगे कि प्रदेश की जनता ने सौदेबाजी की सरकार को नकार दिया है।
- कमलनाथ (पूर्व मुख्यमंत्री, मीडिया से चर्चा में)

नाथ व्यापारी हैं, इसलिए उन्हें सोते-जागते सौदा नजर आता है
कमलनाथ राजनेता कम, व्यापारी ज्यादा हैं। इसलिए उन्हें सोते-जागते सौदा ही नजर आता है। जनप्रतिनिधियों से मेलजोल में भी उनका विश्वास नहीं है। यदि वे मेलजोल रखते जनप्रतिनिधियों का सम्मान करते तो सरकार से हाथ क्यों धोते।
-वीडी शर्मा, अध्यक्ष, मप्र भाजपा

कांग्रेस ने 11 को बुलाई विधायक दल की बैठक
कांग्रेस ने 11 नवंबर को शाम 6 बजे विधायक दल की बैठक बुलाई है। कमलनाथ विधायकों से चर्चा करेंगे। पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने कहा है कि चारों निर्दलीय, बसपा, सपा विधायक को भी बुलाया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ


source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/bsp-mla-sanjeev-independent-shera-met-minister-bhupendra-bjp-mla-tripathi-who-had-voted-in-favor-of-congress-also-met-in-the-house-127890792.html

No comments:

Post a Comment