ट्रेन में सवार होकर दिल्ली से आ रहे मजदूर दमोह में कोरोना वायरस के वाहक बन रहे हैं। पथरिया के बाद अब हटा नगर में पहली बार दंपती कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। 8 जून को यह दंपती 10 से ज्यादा मजदूरों के साथ दिल्ली से ट्रेन से दमोह पहुंचे थे और ऑटाे से हटा अपने घर। तीन दिन पहले उन्हें बुखार की शिकायत हुई थी, जिनके सेंपल सीबीएमओ ने जांच के लिए जिला अस्पताल की लैब में भेजे थे।
सेंपल पॉजिटिव होने के बाद पुष्टि के लिए सागर मेडिकल कॉलेज भेजे गए। जहां से शनिवार को देर शाम रिपोर्ट प्राप्त हुई। सूचना मिलने के बाद कलेक्टर तरुण राठी, एसपी हैमंत चौहान तुरंत हटा पहुंचे और उन्होंने कंटेनमेंट एरिया तय कराया। इधर बटियागढ़ में भी एक मजदूर का सेंपल ट्रू-नेट मशीन की जांच में पॉजिटिव निकला है। हालांकि अभी उसका सेंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज सागर भेजा गया है। इस तरह अब तक दमोह में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 30 पर पहुंच गया है। जिसमें से 27 मरीज कोरोना की जंग जीतकर घर वापस लौट चुके हैं।
अब तक हटा के रसीलपुर में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव केस मिले थे, लेकिन शनिवार को हटा नगर के गौरीशंकर वार्ड में पहली बार दंपती पॉजिटिव निकले हैं, जिससे लोगों को संक्रमण फैलने का डर सता रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दंपती 8 जून को दिल्ली से दमोह तक आए थे और वहां से ऑटो में सवार होकर हटा पहुंचे थे। तीन दिन बाद दोनों को बुखार होने पर हटा अस्पताल चेकअप कराने पहुंचे।
सेंपल लेने के बाद दोनों को डाइट कोविड सेंटर में शिफ्ट किया गया। चर्चा यह भी है कि दंपती दिल्ली से लौटने के बाद मोहल्ले में कई लोगों के घरों में भी गए। इसलिए प्रशासन को दंपती की काॅन्टेक्ट हिस्ट्री निकालने में पसीना आ रहा है। दंपती से पूछताछ में परिवार के 13 सदस्यों के संपर्क में होना बताया है। दंपती के तीन बच्चों के सेंपल लेने के आदेश कलेक्टर ने दिए हैं। प्रशासन ने फिलहाल हटा नगर में बुंदेलखंड स्कूल के पीछे का क्षेत्र केंटेनमेंट घोषित कर दिया है। जिसमें गौरीशंकर वार्ड की तलैया के पार लल्लू प्रजापति से विनोद बाल्मीकि के घर तक, घनश्याम अहिरवार के घर से मुकुंदी के घर तक सौ मीटर क्षेत्र शामिल है।
दमोह से ऑटो में सवार होकर हटा पहुंचे थे मजदूर
हटा सीबीएमओ डॉ. पीडी करगैंया ने बताया कि दंपती दीपावली पर दिल्ली के शालीमार में मजदूरी करने गए थे। लॉकडाउन के चलते काम बंद हो गया था और 25 मई को परिवार में शादी थी, इसलिए 8 मई को दिल्ली से लौटे थे। उन्होंने बताया कि कॉन्टेक्ट हिस्ट्री में पता चला है कि दिल्ली से आए मजदूर ऑटो में सवार होकर हटा पहुंचे थे। जिसमें 10 लोग शामिल थे। दंपती और उनके तीन बच्चे भी साथ थे। इसके अलावा चार मजदूर भिड़ारी गांव के थे, जो ऑटो में सवार होकर चले गए थे।
उन्होंने बताया कि दंपती ने जानकारी छिपाई थी और वे अपने घर हटा में ठहर गए थे। तुरंत स्क्रीनिंग नहीं कराई थी। बाद में बुखार की शिकायत पर जांच कराने आए थे, जिस पर उन्हें होम क्वारेंटाइन किया गया था और उनके सेंपल जांच को दमोह भेजे गए थे, जहां पर पॉजिटिव केस होने पर फिर सेंपल सागर बीएमसी भेजे गए, शनिवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। उन्होंने बताया कि परिवार के 13 सदस्य क्वारेंटाइन किए गए हैं। जिनमें तीन भाई, मां, पिता, दंपती के तीन बच्चे सहित अन्य लोग शामिल हैं। इसके अलावा भिड़ारी गांव के 4 मजदूर भी शामिल हैं। उन्हें भी क्वारेंटाइन किया जाएगा। ऑटो चालक की तलाश भी की जा रही है।
बटियागढ़ के मरीज की पुष्टि के लिए सागर भेजा सैंपल
जिला अस्पताल में 13 सेंपलों की जांच शनिवार को की गई। जिसमें एक बटियागढ़ का सेंपल पॉजिटिव निकला है। उसकी जांच ट्रू नेट मशीन से की गई है। सैंपल की पुष्टि के लिए अब सागर भेजा जा रहा है। फिलहाल मजदूर के लिए हटा के कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। परेशानी की बात यह है कि हटा में आइसोलेशन वार्ड नहीं है। ऐसे में पॉजिटिव मरीज को भर्ती नहीं किया जा सकता है, लेकिन बटियागढ़ सीएचसी से मरीज के लिए हटा भेज दिया गया। जहां पर उसे भर्ती कराया गया है। यह मजदूर भी दिल्ली से आना बताया जा रहा है।
30 में से 27 मरीजों की छुट्टी, 3 एक्टिव
पथरिया के सरखड़ी में एक और शनिवार को हटा नगर में निकले दंपती को मिलकर दमोह में अब तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज बचे हैं। जबकि 27 मरीज कोरोना की जंग जीतकर घर लौट चुके हैं। सीएचसी हिंडाेरिया में शनिवार को एक मरीज की छुट्टी की गई। सीएचसी हिंडोरिया का वार्ड ब्वॉय कोरोना संक्रमण से ठीक हो गया। जिसके बाद एसडीएम रविंद्र चौकसे की मौजूदगी में उसकी छुट्टी कर दी गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/damoh/news/the-couple-came-from-delhi-and-found-a-positive-in-batiyagarh-127408045.html
No comments:
Post a Comment