Sunday, December 22, 2019

अफसर-ठेकेदार की रार में अधूरे रह गए चारों आधुनिक ओटी, आंख-हड्‌डी के ऑपरेशन हैं बंद

जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर अधूरे होने से ऑपरेशन बंद हैं। केवल सीजर से प्रसूति या इमरजेंसी के छुटपुट ऑपरेशन ही हो रहे हैं। अधूरे निर्माण की वजह अस्पताल प्रबंधन और ठेकेदार के बीच की तकरार है। ठेकेदार काम पूरा कर देना कह रहा है, अस्पताल प्रबंधन अधूरा बता रहा है। हकीकत यह है कि- यहां आज तक ऑपरेशन ही शुरू नहीं हुए हैं। दूसरी तरफ अस्पताल प्रशासन ने पुरानी बिल्डिंग की ओटी में तोड़फोड़ शुरू कर दी है।

अस्पताल की तीन मंजिला नई बिल्डिंग में चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर प्रस्तावित थे, लेकिन इसकी एअर ट्रीटमेंट यूनिट नहीं बनी है। ठेकेदार काम पूरा कर दिए जाने की बात कह रहा है, तो अस्पताल प्रबंधन अभी काम बचा होने की बात कह रहा है। ऐसे में ऑपरेशन थिएटर शुरू नहीं हो रहे हैं। उधर, जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग का आंख के ऑपरेशन थिएटर टूट चुका है, मुख्य ओटी भी पहले से बंद है। नतीजा, आंख, हड्‌डी, सर्जरी सहित प्रमुख ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। लोग छिंदवाड़ा, नागपुर या निजी अस्पताल जा रहे हैं।

ऑपरेशन नहीं होते हैं क्योंकि ओटी के ऊपर एयर ट्रीटमेंट यूनिट का काम अधूरा

अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग का हिस्सा ढहाते हुए। दूसरा चित्र नई बिल्डिंग की अधूरी आधुनिक ओटी का।

आंखों की रोशनी जाने के बाद ओटी की गाइडलाइन सख्त, नहीं हाे रही व्यवस्था

पूर्व में देश के अलग- अलग हिस्सों से मोतियाबिंद के ऑपरेशन के दौरान आंखों की रोशनी जाने के मामले सामने आए थे। 25 सितंबर 2019 को छिंदवाड़ा में चार लोगों की आंखों की रोशनी चली गई थी। 2 अक्टूबर 2019 को इंदौर में 11 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई। इसके बाद आंखों के ऑपरेशन केवल पूरी तरह व्यवस्थित ऑपरेशन थिएटर में करने के आदेश जारी हुए हैं। सख्त गाइडलाइन के कारण अस्पताल प्रबंधन अब अस्थाई ओटी भी नहीं बना पा रहा है।

62 लाख रुपए की लागत से बने हैं चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर

नए अस्पताल भवन में एक-दूसरे से सटे हुए चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाए हैं। 62 लाख की लागत से एक ऑपरेशन थिएटर बनाया है। ये चारों ओटी पूरी तरह पैक हैं। इनमें हवा आने के इंतजाम भी बाहर से किए जाने हैं। इनमें उपकरण भी छत से लटके हुए लगाए हैं जिससे वे तुरंत मिल सकें, स्टील की हाईजीन दीवारें बनाई हैं जिससे बैक्टीरिया का खतरा नहीं हो। इसके साथ ही पूरी ऑपरेशन थिएटरों में हाईजीन हवा का इंतजाम करने के लिए इसकी छत पर एअर ट्रीटमेंट यूनिट बननी है। इससे ओटी की एअर स्वच्छ रखने की व्यवस्था है। लेकिन यह यूनिट बनी नहीं है।

सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई का कुछ काम बचा है

ऑपरेशन थिएटरों का थोड़ा सा काम बाकी रह गया है। एअर ट्रीटमेंट यूनिट और सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई का कुछ काम बचा है। इसे करवाने के लिए ठेकेदार से बात की है। यह काम स्वीकृत प्रोजेक्ट और दिए गए ठेके के तहत किया जाना था। ठेकेदार से यह काम करवाया जाएगा। जीसी चौरसिया, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल प्रबंधन

हमने अपनी अाेर से पूरा काम कर दिया है

मैने अपनी ओर से ऑपरेशन थिएटरों का काम पूरा कर दिया है। लेकिन अस्पताल प्रबंधन ऑपरेशन थिएटर हैंडओवर नहीं कर रहा है। अस्पताल प्रबंधन को ऑपरेशन थिएटर हैंडओवर लेकर बचा हुआ काम खुद करवाना चाहिए। - लोकेश शर्मा, ठेकेदार



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Betul News - mp news all four modern ot eye heart operations are incomplete due to officer contractor
Betul News - mp news all four modern ot eye heart operations are incomplete due to officer contractor


source https://www.bhaskar.com/mp/betul/news/mp-news-all-four-modern-ot-eye-heart-operations-are-incomplete-due-to-officer-contractor-064556-6242762.html

No comments:

Post a Comment