भोपाल/ग्वालियर. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के जीवाजी विश्वविद्यालय की एक परीक्षा में 'क्रांतिकारी आतंकवादियों' पर सवाल पूछे जाने के मामले में सख्त आपत्ति उठाते हुए शुक्रवार को कहा कि इस मामले में गैरजिम्मेदार लोगों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके जीवाजी विश्वविद्यालय के एमए (थर्ड सेमेस्टर) में पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा से संबंधित प्रश्नपत्र की प्रति भी पोस्ट की है। इसमें एक प्रश्न पूछा गया है, जिसमें 'क्रांतिकारी आतंकवादियों' के कार्यकलाप का वर्णन पूछा गया है। इसके साथ ही उग्रवादी और क्रांतिकारी आतंकवादियों में अंतर भी पूछा गया है।
चौहान ने अपने ट्वीट में इसे शर्मनाक और दुखदायी बताते हुए कहा कि जिनके बलिदान के कारण हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं, उन्हें कोई कैसे आतंकवादी कह सकता है। उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले में तुरंत ही ऐसे गैर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
छात्र संगठनों ने किया विरोध प्रदर्शन : जीवाजी यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित की जा रही एमए तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न की वजह से विवाद खड़ा हाे गया है। इस प्रश्न में क्रांतिकारियों को क्रांतिकारी आतंकवादी लिखा गया है। यह गड़बड़ी छात्रों से निकलकर छात्र संगठनों तक पहुंची तो इसका विरोध शुरू हो गया। गुरुवार को आल इंडिया डीएसओ ने इस मामले में जेयू में प्रदर्शन किया और पेपर सेट करने वाले शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डिप्टी रजिस्ट्रार राजीव मिश्रा ने छात्रों से ज्ञापन लेकर शिक्षक से स्पष्टीकरण लेने तथा जांच करवाने का आश्वासन दिया है।
शिक्षक से स्पष्टीकरण लेंगे
छात्र संगठन का ज्ञापन मिला है। जिस प्रश्न पर आपत्ति जताई है, उसके संबंध में पेपर सेट करने वाले शिक्षक से स्पष्टीकरण लिया जाएगा तथा जांच भी करवाई जाएगी। - राजीव मिश्रा, डिप्टी रजिस्ट्रार, जेयू
मामले की जांच कराएंगे
प्रदेश के शिक्षा संस्थानों में संघीय मानसिकता के लोग घुस गए हैं। जीवाजी विश्वविद्यालय में पेपर किसने सेट किया इसकी जांच कराएंगे और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। -भूपेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/bhopal/news/controversy-over-question-on-revolutionary-terrorists-asked-in-ju-question-paper-shivraj-demanded-action-126392854.html
No comments:
Post a Comment