Monday, December 30, 2019

थर्टी फर्स्ट पर लॉ एंड ऑर्डर फर्स्ट... रात 12 के बाद भी होटलों में शराब परोसी तो संचालक पर होगा केस

इंदौर. नए साल के जश्न में हुड़दंग रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन और आबकारी विभाग के अधिकारियों ने तैयारी कर ली है। शासन से मिले निर्देश के अनुसार कोई भी होटल, पब और बार संचालक जो लाइसेंसधारी है, वह रात 12 बजे बाद भी शराब परोसता मिला तो उस पर आबकारी एक्ट मेें केस दर्ज किया जाएगा। सड़कों पर दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने वालों और नशा कर हुड़दंग करने वालों को रातभर के लिए हवालात में डाल दिया जाएगा।

एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र ने बताया हजार जवानों का अतिरिक्त बल 30 प्रमुख चौराहों पर तैनात होगा। रात 12 बजते ही नए साल का जश्न मनाने से किसी को भी रोका नहीं जाएगा, लेकिन सड़कों पर गाड़ी दौड़ाकर हुड़दंग करने वालों, शराब पीने व महिला-युवतियों पर कमेंट्स करने वालों को पुलिस सीधे हवालात में बैठाएगी। नशा कर सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचने और परिवार के साथ आई महिला-युवतियों पर कमेंट्स करने वालों पर ‌विशेष नजर रहेगी। 30 चौराहों पर पुलिस व ट्रैफिक जवानों का बल शराबी वाहन चालकों की पहचान करेगा। आयोजन करने वालों को महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और डीवीआर सिस्टम को पूरी तरह से अपडेट रखने के निर्देश दिए हैं।

आबकारी के 12 दस्ते करेंगे चेकिंग
सहायक आबकारी आयुक्त राजनारायण सोनी ने कहा होटलों में सुबह 10 से रात 12 बजे तक ही शराब परोसने की अनुमति है लेकिन 12 बजे बाद यदि शराब परोसी तो संचालक और आयोजकों पर आबकारी दल सीधे कार्रवाई करेगा और जेल भेजेगा। इसके लिए आबकारी विभाग के करीब 15 विशेष दस्ते बनाए हैं जो आकस्मिक चेकिंग करेंगे। बिना लाइसेंस के शराब बेचने या पिलाने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा।

खजराना व रणजीत हनुमान में भक्तों को दिलाएंगे माता-पिता की सेवा का संकल्प
नए साल की अगवानी में मंगलवार रात खजराना गणेश, रणजीत हनुमान और अन्नपूर्णा मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त दर्शन करने पहुंचेंगे। खजराना गणेश मंदिर में नशा मुक्ति और बुरे व्यसनों से दूर रहने का संकल्प पं. अशोक भट्ट द्वारा दिलवाया जाएगा। रणजीत हनुमान मंदिर में युवाओं को माता-पिता और बुजुर्गों की देखरेख और उनका सम्मान करने का संकल्प पं. दीपेश व्यास द्वारा दिलवाया जाएगा।

खजराना में भक्त चलते हुए करेंगे दर्शन
खजराना गणेश मंदिर में भक्तों की लाइन चलायमान रहेगी। मंदिर परिसर में भगवान गणेश के दर्शन के लिए अलग-अलग ऊंचाई पर भक्तों की चार कतार रहेंगी। मंदिर परिसर में प्रवेश के लिए खजराना रोड की ओर से व निकास के लिए गणेशपुरी कॉलोनी की ओर से व्यवस्था रहेगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सराफा पर इंदौरियों ने 2019 को सिलिब्रेट किया।


source https://www.bhaskar.com/mp/indore/news/indore-late-night-new-year-celebrations-news-updates-on-serving-liquor-126408570.html

No comments:

Post a Comment