Monday, September 7, 2020

169 दिन बाद आज से बसों के पहिये होंगे अनलाॅक फिलहाल 50 फीसदी बसों का ही शुरू होगा संचालन

कोरोना संक्रमण में लॉकडाउन के कारण 22 मार्च से बंद हुई पब्लिक ट्रांसपोर्ट के रूप में यात्री बसें 169 दिन बाद मंगलवार से फिर चलना शुरू हो जाएगी। प्रदेश सरकार द्वारा साढ़े पांच माह का टैक्स माफ करने की घोषणा के बाद तीन दिन पहले निजी बस मालिक एसोसिएशन ने दो माह चली हड़ताल को खत्म कर दिया। अब यात्रियों को किराये में किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी।

एक सप्ताह तक 50 फीसदी बसों का संचालन कर यात्री भार को देखा जाएगा। इसके बाद एसोसिएशन अन्य बसों का संचालन शुरू करेगी। यात्रियों को मास्क लगाकर आने पर ही बस में प्रवेश दिया जाएगा। नीमच स्टेशन से सुबह 6.45 बजे मंदसौर के लिए पहली यात्री बस रवाना होगी।
अनलॉक-2 में सरकार द्वारा बसों के संचालन की अनुमति दी थी। लेकिन बस मालिकों ने लॉकडाउन के कारण तीन महीने बसें खड़ी रहने पर टैक्स माफी की मांग की। सरकार ने मांग नहीं मानी तो संचालकों ने बसें चलाने से मना कर दिया था। इस कारण करीब दो माह तक जिले से यात्री बसों का संचालन नहीं हो सका। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने मप्र बस मालिक एसोसिएशन की मांग को मानते हुए पांच माह सहित सितंबर माह का आधा टैक्स माफ करने की घोषणा की। इसके बाद जिला मुख्यालय पर बस मालिकों ने एक दिनी धरना देकर आठ सितंबर से बसों के संचालन की घोषणा की थी। मंगलवार से बसों का संचालन शुरू होने से आमजन को आवागमन के संसाधन मिलने से सुविधा पूर्वक सफर करने से राहत मिलेगी।

सभी यात्रियों को देना होगा पूरा किराया- एसो. के संरक्षक मुकेश गुप्ता ने बताया कि किसी को भी फ्री यात्रा नहीं कराई जाएगी। विद्यार्थियों को स्कूल, कॉलेज के सामने से ही बैठना होगा। आई कार्ड दिखाने पर ही 40% की छूट दी जाएगी। अपडाउन करने वाले सरकारी कर्मचारियों को मासिक पास बनाने पर ही सफर करने की अनुमति दी जाएगी।

बस कर्मचारियों को समझाइश दी- जिले में 200 बसों पर 800 कर्मचारी थे। जो पांच माह से बेरोजगार है। इनके लिए सरकार द्वारा घोषणा नहीं करने से नाराजगी थी। एसो. द्वारा प्राइवेट बस कर्मचारी समिति के साथ बैठक की और उनकी समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने बसों के संचालन में सहयोग की बात कही।

करीब 60 बसों का ही होगा संचालन- संरक्षक गुप्ता ने कहा कि लॉकडाउन के पहले जिले में 200 बसाें का संचालन होता था। सरकार द्वारा टैक्स माफ नहीं करने के कारण 50 बसें आरटीओ में सरेंडर कर दी। इनका दो महीने तक संचालन नहीं होगा। कुछ बसों के फिटनेस व परमिट समाप्त हो गए। इन्हें बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इस कारण मंगलवार से नीमच से मंदसौर, मनासा सहित अन्य मार्गों पर 60 बसों का ही संचालन किया जाएगा।

चार्टर्ड बस के लिए करना होगा दो दिन इंतजार
नीमच से इंदौर, भोपाल के लिए चलने वाली चार्टर्ड बसों के संचालन के लिए यात्रियों को दो दिन और इंतजार करना होगा। नीमच कार्यालय के इंचार्ज मुकेश नायक ने बताया कि इंदौर हेड ऑफिस से शेड्यूल आना बाकी है। आरटीओ से दस्तावेज भी तैयार करना है। बसें पांच माह से खड़ी है। इस कारण उनकी भी जांच करना है। जल्द नया शेड्यूल आने पर बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। पहले इंदौर के लिए तीन व भोपाल के लिए दो बसों का संचालन हो रहा था।

राजस्थान रोडवेज की बसों का नीमच आना हुआ शुरू
नीमच में राजस्थान रोडवेज बस के बुकिंग प्रभारी अशोक मेहता ने बताया कि प्रदेश में बस मालिकों की हड़ताल खत्म होने के बाद राजस्थान रोडवेज की बसें भी जिले में आना शुरू हो गई। पहले दिन तीन बसें रोडवेज बस स्टैंड पहुंची। एक-दो दिन में मंदसौर, रतलाम, इंदौर तक जाने वाली राजस्थान रोडवेज की सभी बसें भी आना शुरू हो जाएगी।

इधर, मंडी में चल रही हड़ताल समाप्त आज से शुरू होगी उपज की खरीदी
कृषि उपज मंडियों में मॉडल एक्ट लागू करने के विरोध में संयुक्त संघर्ष मोर्चा कर्मचारी संघ के आह्वान पर कर्मचारी, हम्माल, तुलावटी पांच दिन से हड़ताल पर थे। सोमवार को मुख्यमंत्री ने प्रदेश स्तर पर मोर्चा की मांगों का जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया। यदि सरकार ने समय पर मांगों का निराकरण नहीं किया तो 22 सितंबर से कर्मचारी फिर से हड़ताल शुरू कर देंगे। हड़ताल समाप्ति की घोषणा के बाद आठ सितंबर से उपज की नीलामी शुरू होगी। संगठन के प्रदेश महामंत्री विजय चौहान, जिलाध्यक्ष अनिल सिंह परिहार, संरक्षक सुनील भसीन, मंडी कर्मचारी संघ अध्यक्ष राजेश सिंहल ने किसानों से उपज लाने का आग्रह किया है।

सैनिटाइजर से हाथ धुलाने के बाद देंगे प्रवेश
सरकार द्वारा मांगे मानने के बाद मंगलवार से बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। प्रत्येक बस में यात्री को सैनिटाइजर से हाथ धुलाने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। जो बिना मास्क लगाकर आएगा उसे रोक दिया जाएगा। जनता संक्रमण को देखते हुए सावधानी रखते गाइडलाइन का पालन करें ताकि बस में सफर से किसी तरह का संक्रमण नहीं फैले।
मुकेश गुप्ता, संरक्षक- बस मालिक एसोसिएशन, नीमच

बस मालिकों ने बैठक कर हमें दिया है आश्वासन
बसों के कर्मचारियों की कुछ मांगे थी। जिस पर सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया। बस मालिकों ने बैठक कर सभी की लड़ाई आगे भी जारी रखकर निराकरण का आश्वासन दिया है। इसके बाद सभी कर्मचारी मंगलवार से बसों पर लौट जाएंगे। किसी तरह की हड़ताल नहीं की जाएगी।
सुरेश बैरागी, अध्यक्ष, प्राइवेट बस कर्मचारी समिति, नीमच



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
After 169 days, the wheels of buses will be unlocked from today, only 50 percent of the buses will start operations.


source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/neemuch/news/after-169-days-the-wheels-of-buses-will-be-unlocked-from-today-only-50-percent-of-the-buses-will-start-operations-127697403.html

No comments:

Post a Comment