Thursday, June 11, 2020

उद्योग के 1900 श्रमिकों के खातों में डलेगी साढ़े पांच करोड़ की बोनस राशि

कोविड काल में आर्थिक संकट से जूझ रहे बाजार को नई गति मिलेगी। ग्रेसिम केमिकल डिविजन उद्योग 1200 ठेका श्रमिकों के खातों में साढ़े तीन करोड़ की राशि 16 जून के बाद से डालेगा। यह पुष्टि भारतीय मजदूर संघ के सुल्तानसिंह शेखावत ने की है।
शेखावत ने बताया कि गुरुवार को प्रबंधन और श्रमिक संघ के बीच एक बैठक हुई। इसमें श्रमिकों के खातों में 16 जून से बोनस राशि भेजे जाने का निर्णय लिया गया। श्रमिकों की सुरक्षा, कोविड-19 के दौर में श्रमिक के बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी हेल्प मैप तैयार किया गया। बैठक में इंटक प्रधानमंत्री जितेंद्र शर्मा, एचएमएस आनंद दीक्षित, प्रह्लाद शर्मा, प्रबंधन की ओर से एचआर हेड अरुणप्रकाश पांड्ेय, आरसी जांगीड़ मौजूद रहे। इसी प्रकार लैंक्सेस प्रबंधन 12 से 15 जून के बीच लगभग 700 ठेका श्रमिकों की बोनस राशि उनके खातों में ट्रांसफर कर देगा। ठेका श्रमिक संघ के महामंत्री राजकुमार सिसौदिया के अनुसार श्रमिकों को बोनस के रूप में 2 करोड़ की राशि दी जाएगी।
अभी स्थाई श्रमिकों को करना होगा इंतज़ार
केमिकल डिवीजन प्रबंधन के साथ चर्चा में फिलहाल स्थाई कर्मचारियों को बोनस देने को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। बीएमएस के सत्यनारायण शर्मा के अनुसार ठेका श्रमिकों को बोनस वितरण के बाद इस मुद्दे पर दोबारा बैठक होगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि ग्रेसिम एसएफडी में स्थाई कर्मचारियों को बोनस के बाद ही सहयोगी यूनिट इस पर निर्णय लेगी।
22 से 25 मार्च को को ड्यूटी पर रहे, उन्हें मिलेगा वेतन
प्रबंधन के साथ चर्चा में ये भी तय हुआ कि जिन श्रमिकों ने 22, 23, 24, 25 मार्च को ड्यूटी की है, उन्हें ही लॉकडाउन अवधि का वेतन मिलेगा। जो अनुपस्थित रहे उन्हें नहीं देंगे।
रिटर्न को तैयार रहे श्रमिक- फिलहाल केमिकल डिविजन में 70 प्रतिशत ही उत्पादन हो रहा है। इसलिए आने वाले दिनों में ठेका श्रमिकों की रिटर्न की जा सकती है।
प्रोत्साहन राशि फिलहाल नहीं
लॉकडाउन में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देने की यूनियनों की मांग पर प्रबंधन ने फिलहाल वेट एंड वॉच करने को कहा है।

ठेका श्रमिकों का 80 प्रतिशत बोनस होता है खर्च
दोनों उद्योगों द्वारा 1900 श्रमिकों को साढ़े पांच करोड़ की राशि दी जाएगी। श्रमिक बोनस का 80 प्रतिशत हिस्सा घरेलू उपभोग की वस्तुओं को खरीदने में खर्च करते हैं। इस कारण ऑटो मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सराफा बाजार में अच्छे कारोबार की उम्मीद से व्यापारी उत्साहित हैं। गौरतलब है कि इससे पहले ग्रेसिम के लगभग 1750 स्थायी श्रमिकों को भी बोनस बंटने की उम्मीद व्यापारियों को थी। मगर प्रबंधन ने इसे अक्टूबर तक बांटने का निर्णय लिया है। ऐसे में केमिकल व लैंक्सेस के श्रमिकों को मिलने वाला बोनस कारोबार के लिए बूस्टर का काम करेगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/nagda/news/bonus-amount-of-five-and-a-half-crores-will-be-deposited-in-the-accounts-of-1900-workers-of-the-industry-127401158.html

No comments:

Post a Comment