जबलपुर-दमोह मार्ग बुरी तरह जर्जर होने पर हाईकोर्ट में लगाई गई जनहित याचिका का जवाब देने के लिए अधिकारियों ने आनन-फानन में गंभीर लापरवाही कर दी है। अधिकारियों ने सड़क की मरम्मत दिखाने के लिए गड्ढों में पीली मिट्टी भरवा दी है, ताकि अपनी रिपोर्ट मंे इस बात का उल्लेख कर सकें कि सड़क की रिपेरिंग करा दी गई है। इतना ही नहीं मरम्मत कराने में भी अधिकारियों ने हाथ की सफाई दिखाई है। उन्होंने सिंग्रामपुर से नोहटा और हथनी तक पीली मिट्टी से गड्ढे भरवाए हैं, जबकि शहरी क्षेत्र से जुड़े टोल नाका के पास डामर से पेंचवर्क कराया है, ताकि कोई इसे पकड़ न पाए और रिपोर्ट पर कोई आपत्ति न लें। मामला सामने आने के बाद एमपीआरडीसी के महाप्रबंधक ने इसे अपनी स्वीकार मान रहे हैं और दोबारा रिपेरिंग का आश्वासन दे रहे हैं।
दरअसल हटा, दमोह निवासी संदीप बजाज की ओर से हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। जिसमें उन्होंने मध्यप्रदेश की 29 सड़कों की स्थिति का उल्लेख किया है। इन सड़कों में दमोह-जबलपुर मार्ग भी शामिल है। इस सड़क को लेकर हाईकोर्ट ने एमपीआरडीसी को नोटिस जारी करके जवाब मांगा था, जवाब देने से पहले अधिकारियों ने सड़क की मरम्मत का काम आनन-फानन में चालू कर दिया और जहां-जहां गड्ढे थे, उनमें पीली मिट्टी भरवा दी।
जबलपुर से दमोह के बीच सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि पीली मिट्टी की वजह से धूल उड़ रही है और रात में लोगों को रास्ता भी दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे हादसे का डर बना हुआ है। दमोह से जबलपुर के बीच कार से सफर करने वाले सुशील स्वर्णकार ने बताया कि एमपीआरडीसी के अधिकारियों ने गड्ढों को छिपाने के लिए उनमें पीली मिट्टी भर दी है। यह मिट्टी अब सड़क पर उड़ रही है, जिससे वाहन चलाने दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि हथनी से सिंग्रामपुर के बीच में जितने भी गड्ढे हैं, उनमें पीली मिट्टी भर दी गई है, जबकि हथनी से टोल नाका तक डामर का पेंचवर्क किया गया है। अधिकारियों ने गड्ढों में मिट्टी भरकर रस्मअदायगी कर ली है, जबकि मौके पर कुछ नहीं हुआ है।
कोर्ट में लगाई गई याचिका में बताया गया है कि एमपीआरडीसी ने जबलपुर से दमोह के बीच सड़क बनाने व मेंटेनेंस का ठेका 7 अगस्त 2009 को मुंबई की मेसर्स एस्सेल जबलपुर दमोह टोल रोड प्राइवेट लिमिटेड को दिया। सालों से यह सड़क बदहाल हो चुकी है, उसमें बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिसके कारण चलना मुश्किल हो रहा है। जिस एजेंसी ने सड़क का काम लिया था, उसे मेंटनेंस करना था, इसका शर्त में भी उल्लेख किया गया था, लेकिन उस हिसाब से सड़क का मेंटेनेंस नहीं हो रहा है। खस्ताहाल सड़क के बावजूद कंपनी टोल नाके लगा कर आने-जाने वाले वाहनों से टोल टैक्स वसूल कर रही है। इस मामले को विधानसभा में भी पहले उठाया जा चुका है, लेकिन इन सबके बावजूद सड़क की दशा और बदतर हो गई।
गलती से मिट्टी डल गई
इस संबंध में जबलपुर एमपीआरडीसी के महाप्रबंधक राजेंद्र चंदेल का कहना है कि गलती से मिट्टी गड्ढों में भरवा दी गई थी। हम मैं इसे हटवा रहा हूं। सड़क की रिपेरिंग करने के लिए एजेंसी तय हो गई है। 101 में से 51 किमी की सड़क की मरम्मत होनी है। कुछ दिनों में मरम्मत का काम भी चालू हो जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/damoh/news/patch-of-soil-installed-in-the-pits-of-a-dilapidated-road-now-flying-dust-becomes-a-problem-128046429.html
No comments:
Post a Comment