लॉकडाउन खत्म होने के बाद एक बार फिर शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्थाएं गड़बड़ा गई है। वाहनों की आवाजाही शुरू होने और दुकानों प्रतिष्ठानों के पूरे समय खुलने से काफी भीड़ नजर आने लगी है। जिससे संक्रमण का भी डर है।
सड़क किनारे ही चार पहिया वाहनों के खड़े होने और हाथ ठेला खड़े होने से जाम की स्थिति बन रही है। इस समस्या को हल कराने के लिए भले ही अधिकारी प्लान तैयार करते हैं लेकिन उस पर अमल नहीं होने से समस्या जस की तस है। बता दें कि सबसे व्यस्तम मार्ग घंटाघर से बकौली चौक और उमामिस्त्री की तलैया मार्ग को वनवे किया गया लेकिन इसका भी पालन नहीं हो पाया। हालात ये हैं कि इस मार्ग से पैदल चलना भी मुश्किल होता है।
बुधवार दोपहर भास्कर ने इन मार्गों की स्थिति देखी तो कीर्ति ड्रेसेस के सामने सड़क के दूसरी ओर चार पहिया वाहन खड़ा था वहीं इस मार्ग पर हाथ ठेला पर सब्जी फल बेचे जा रहे थे और हाथ ठेला खड़े होने से सड़क पांच से छह फीट की बची थी ऐसे में चार पहिया वाहन आने पर पूरी सड़क पर जाम लग रहा था। इसी मार्ग पर आटो भी खड़े थे। इधर बकौली चौक मार्ग की बात करें तो दुकानों के सामने दो पहिया वाहन खड़े होने से जाम लग रहा था। यह मार्ग काफी सकरा होने से यहां चार पहिया वाहन निकलना भी मुश्किल होता है।
यही कारण है कि इन मार्गों काे वनवे किया गया था। इधर बस स्टैंड से किल्लाई नाका मार्ग पर दोपहर 12.30 बजे गुजरात स्वीटस के बाजू से सड़क किनारे माल वाहक खडे़ होने और ट्रैक्टर-ट्रॅालियों के सड़क पर खड़े होने से जाम लगा रहा। इस मार्ग पर यह स्थिति हर दिन बनती है।
क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है
नगर पालिका सीएमओ कपिल खरे का कहना है कि व्यापारियों द्वारा जिन बिंदुओं पर सुझाव दिए गए हैं उसका अभी लॉक डाउन के कारण क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा था। काम होना है अब इस विषय में चर्चा कर क्रियान्वयन किया जाएगा।
पार्किंग स्थल चिन्हित होने से समस्या कम हो सकती है
बता दें कि बाजार क्षेत्र की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर युवा व्यापारी संघ की ओर से कई बार कलेक्टर एसपी सीएमओ से चर्चा कर अपनी बात रखी गई। जिसमें शहर के बाजार क्षेत्र में पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाने की मांग लगातार की जा रही है इसके लिए जगह भी चिन्हित कर सुझाव दिए गए हैं लेकिन अधिकारी इस दिशा में प्रयास नहीं कर रहे हैं। संघ के अध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि यदि घंटाघर बाजार क्षेत्र में दो पहिया वाहनों को खड़े किए जाने कोई निश्चित जगह चिन्हित कर दी जाए तो बाजार में काफी हद तक भीड़ कम हो सकती है और आवागन में सुविधा होगी।
साप्ताहिक बाजार वाले दिन वनवे कर देते हैं: यातायात थाना प्रभारी अभिनव साहू का कहना है कि जिन मार्गों को वनवे किया गया था उन्हें साप्ताहिक बाजार वाले दिन वनवे किया जाता है, बाजार में भीड़ न बढ़े और ट्रैफिक व्यवस्था बनी रहे इसके लिए प्वाइंट लगाए जा रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/damoh/news/the-administration-does-not-care-about-the-system-and-people-are-not-afraid-of-infection-127704137.html
No comments:
Post a Comment