शहर के किल्लाई नाका स्थित शासकीय आयुर्वेद अस्पताल में परिसर में बनाई जा रही बाउंड्रीवॉल निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है। हालही में जिला आयुष कार्यालय के सामने मुख्य सड़क के बाजू से निकले नाले पर पिलर के गड्ढे खोदकर बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में नाले के ऊपर बाउंड्रीवॉल बनने के कारण बारिश का पानी निकलने के लिए जगह नहीं है। स्थानीय निवासी सुनील पटेल, विजय सिंह का कहना है कि अभी तक पानी की टंकी से मुख्य सड़क तक नाला बना हुआ है, जो आगे जाकर मुख्य नाले में मिल जाता है। बारिश का पानी भी इसी नाले से होकर आता है, लेकिन यदि नाले पर बाउंड्रीवॉल बन जाती है तो पानी निकलने के लिए जगह नहीं बचेगी। क्योंकि बाउंड्रीवॉल के बाजू से ही नगर पालिका की पाइप लाइन एवं बीएसएनएल की लाइन भी निकली है। ऐसे में वहां सकरी नाली भी नहीं बन सकती है। हैरानी की बात तो यह है कि सुबह पूरे गड्ढे खोदने के बाद उनमें लोहे के पिलर लगाने का काम चालू हुआ, लेकिन दोपहर में हुई भारी बारिश के कारण पूरे गड्ढे में पानी भर गया और पूरा नाला पानी से लबालब भर गया।
25 लाख से चल रहा रिनोवेशन, छह माह नहीं
आयुर्वेद अस्पताल परिसर के निर्माण के समय बोहरे ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरती जाने के कारण एक साल में ही पूरी अस्पताल की दीवारों में दरारें आ गई थीं, साथ ही टाइल्स भी उखड़ गए थे। जिससे अस्पताल के डॉक्टर व स्टॉफ सहित यहां आने वाले मरीजों को काफी परेशानी होती थी। बीते साल ही अस्पताल के रिनोवेशन एवं बाउंड्रीवॉल के लिए शासन द्वारा 25 लाख की राशि मंजूर की गई थी। जिसके टेंडर होने के बाद छह माह के अंदर काम किया जाना था, लेकिन निर्धारित समय निकलने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ। इतना ही नहीं बारिश शुरू हो गई है लेकिन अभी छत की मरम्मत भी पूरी नहीं हुई है।
बाउंड्रीवॉल के बाजू से भी नाली बन सकती है
लॉकडाउन की वजह से अस्पताल की मरम्मत का काम लेट हो गया था। बाउंड्रीवॉल नाले के बाजू से बनाई जा रही है। उसके बाजू से भी नाली बन सकती है।
- आइके कुर्मी, जिला आयुष अधिकारी दमोह
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/damoh/news/boundarywalls-are-being-built-over-the-drain-dug-potholes-in-the-morning-water-filled-in-the-evening-127425233.html
No comments:
Post a Comment