भांडेर में लाल पहाड़िया पर शादी में हुए विवाद के बाद चार दिन तक बारात यहीं ठहरी रही। लगातार पंचायत बैठी रही। मंगलवार को पांचवें दिन दतिया कोर्ट में शपथ पत्र के साथ सपना को उसके पिता ने खुशी-खुशी ससुराल के लिए विदा किया। ससुराल पक्ष ने भी नए रिश्ते को ईमानदारी से निभाने और विवाद को भूलने का आश्वासन दिया है।
यह है घटना
भांडेर निवासी बल्लू लोहा पीटा ने तीन साल पहले बेटी सपना की सगाई उत्तर प्रदेश के जालौन स्थित एटा कस्बे निवासी खुशाला लोहा पीटा के बेटे अजय के साथ पक्की की थी। 27 नवंबर को खुशाला 70 लोगों के साथ बेटे की बरात लेकर पहुंचा। रात में टीका, प्रीतिभोज, सात फेरे, भांवर परी और 28 नवंबर की सुबह साढ़े 11 बजे विदाई होना थी, तभी छेड़छाड़ के आरोप लगाते हुए लड़की और लड़का पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। विवाद में लाठियां चलीं, जिससे बराती घायल हो गए। लड़का पक्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। लड़की पक्ष ने भी पुलिस में शिकायत की। पुलिस में रिपोर्ट करने के बाद दोनों पक्ष वापस शादी कार्यक्रम स्थल पर लौटकर आए और स्थानीय लोगों के साथ पंचायत बुलाई।
चार दिन बाद पंचायत में बनी बात, नहीं टूटेगा रिश्ता
28 नवंबर को पंचायत बेनतीजा रही। 29 को आसपास के जिलों से समाज के मुखिया बुलाकर पंचायत बुलाई, लेकिन वह भी बेनतीजा रही। 30 नवंबर को फिर पंचायत हुई। आखिर में निर्णय हुआ कि दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत की है, इसलिए कोर्ट में वकीलों के समक्ष लिखित में समझौता होगा और शपथ पत्र देना होगा। लड़की पक्ष ने शर्त रखी कि बेटी को ससुराल में परेशान नहीं किया जाएगा, यह भी लिखकर देना होगा। लड़का पक्ष तैयार हो गया। मंगलवार को दोनों पक्षों ने वकीलों के समक्ष दतिया कोर्ट में लिखित समझौता किया। इसके बाद मामले का पटाक्षेप हुआ। सपना को अजय के साथ विदा किया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/the-dispute-finally-ended-on-the-fifth-day-after-the-affidavit-sapna-happily-left-for-her-in-laws-127967648.html
No comments:
Post a Comment