Friday, December 11, 2020

सूना मिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रभारी डाॅक्टर सहित स्टाफ के 8 सदस्य गायब थे

अमायन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे सीएमएचओ डॉ. अजीत मिश्रा को प्रभारी डॉक्टर कुलदीप दीक्षित सहित आठ कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनमें कोई एक दिन तो कोई दो दिन से गायब था। एक मात्र स्टॉफ नर्स भी अपने घर पर थी, वह बुलाए जाने पर उपस्थित हुई। प्रभारी डॉक्टर सहित अन्य कर्मचारियों की घोर लापरवाही मानते हुए सभी की दो- दो वेतनवृद्धि रोकने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

यहां बता दें सीएमएचओ गुरुवर को सांयकाल अमायन के स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। जहां प्रभारी डॉ. कुलदीप दीक्षित दो दिन से अनुपस्थित पाए गए। जबकि अन्य कर्मचारियों में स्टाफ नर्स दीपमाला एक दिसंबर से अनुपस्थित पाई गई। इसी प्रकार स्टाफ नर्स रेनू तोमर, अनीता राठौर, एएनएम सुशीला शर्मा दो- दो दिन और एल एचवी सुषमा बाथम, फार्मासिस्ट योगेंद्र शर्मा व लैब टेक्नीशियन पवन शर्मा एक दिन अनुपस्थित पाए गए।

घर से बुलाने पर पहुंची स्टाफ नर्स: सीएमएचओ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचने पर स्टॉफ का कोई भी कर्मचारी उपस्थित नहीं मिला। एक मात्र स्टॉफ नर्स मीना नरवरिया घर से बुलाए जाने पर उपस्थित हो सकीं। सीएमएचओ द्वारा स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी किया गया है इसमें कहा गया है कि स्टॉफ के उपस्थित न रहने से इलाज के लिए पहुंचने वालों को चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है।

इधर... बैठक में कोरोना वैक्सीन के रखरखाव व वितरण पर हुई चर्चा
कोरोना वैक्सीन पहले चरण में 6294 शासकीय एवं 223 प्राइवेट सेक्टर के स्वास्थ्य संबंधी कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को लगाई जाएगी। यह जानकारी जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ पवन जैन ने जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में कही। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ वीरेंद्र सिंह रावत ने की।कलेक्टर ने विकासखंड अधिकारियों को कोल्डनेन में जनरेटर की व्यवस्था एवं पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए।

इसके साथ ही साथ बैठक में 11 जनवरी 2021 से प्रारभ होने वाले दस्तक अभियान के बारे में न्यूट्रीशनल इंटरनेशनल के डिवीजनल कार्डिनेटर मिर्जा रफीक बेग द्वारा माइक्रोप्लानिंग एवं अभियान के बारे में जानकारी दी गई, जिसमें 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का परीक्षण स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम द्वारा घर घर जाकर किया जाएगा साथ ही उन्हें आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाएगी। बैठक के साथ में कलेक्टर श्री वीरेंद्र सिंह रावत ने सी.एम. हेल्पलाइन की समीक्षा की। समीक्षा में अटेर, मेहगांव तथा फूप की प्रगति काफी कम थी जिस पर कलेक्टर द्वारा काफी गहरी चिंता व्यक्त करने हुये कहा कि 15 दिसंबर तक समस्त शिकायतें निराकरण करें।

विकासखंड स्तर पर भी बनाई गई टास्क फोर्स, वैक्सीन वितरण पर रखेंगे नजर
बैठक में सीएमएचओ डॉ अजीत मिश्रा ने बताया गया कि जिला टास्कफोर्स में अन्य विभागों के शीर्ष अधिकारियों को शामिल किया गया, जिससे वैक्सीन के रख रखाव एवं वितरण में कोई चूक न हो और इसकी नियमित समीक्षा की जा सकें। उन्होंने यह भी बताया इसी प्रकार विकास खंड स्तर पर भी एसडीएम की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है। जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ जैन ने बताया कि 17 जनवरी को पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रतीकात्मक फोटो


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/bhind/news/8-members-of-staff-including-a-doctor-in-charge-were-found-missing-128003354.html

No comments:

Post a Comment