सिंधी कैंप स्थित एक मकान में शुक्रवार रात खाद्य विभाग की टीम और मोतीनगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली हींग के कारोबार का पर्दाफाश किया है। इसमें मकान से चार अलग-अलग ब्रांड की हींग बरामद की गई।
खास बात तो यह है कि टीम ने मैजिक बॉक्स से मौके पर ही हींग में मिलावट का पता लगा लिया। हींग की जांच के दौरान सामने आया कि इसमें स्टार्च की मिलावट और किसी अन्य भारी पदार्थ की मिलावट की गई है। यह मिलावट हींग का वजन बढ़ाने के लिए भी हो सकती है। मिलावट का खुलासा होने के बाद खाद्य विभाग की टीम इसकी पुष्टि के लिए हींग का सैंपल जांच के लिए शनिवार को भोपाल भेजेगी। वहीं कार्रवाई के दाैरान खाद्य सामग्री को जब्त कर कमरे में सील कर दिया है।
फूड इंस्पेक्टर पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि जब टीम मौके पर पहुंची तो यहां बलराम नागवानी द्वारा बड़ी मात्रा में नियम विरुद्ध तरीके हींग की चार अलग-अलग ब्रांड सुरभि, कुबेर, राधा और काबुली के नाम से बगैर फूड लाइसेंस और अन्य कागजों के पैकिंग की जा रही थी। इस संबंध में व्यापारी पर एफआईआर के लिए थाने में आवदेन दिया है।
पड़तालः यूपी के हाथरस से लाकर बेची जा रही नकली हींग
वहीं दैनिक भास्कर द्वारा की गई पड़ताल में सामने आया कि व्यापारी बलराम नागवानी लंबे समय से नकली हींग का कारोबार कर रहा था। नागवानी ने बताया कि वह उत्तरप्रदेश के हाथरस से हींग लाता है। जहां कई वैरायटी की हींग मिलती है। नागवानी हींग को बेचने के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जाता है। हींग के अलावा घर से टोस्ट, बिस्किट, चिप्स और अन्य खाद्य सामग्री भी मिली हैं। इस दौरान खाद्य विभाग से फूड इंस्पेक्टर कैलाश वास्केले व शरद मिश्रा और मोतीनगर थाने से उपनिरीक्षक जितेंद्र सोनी, दुर्मिल गौतम मौजूद थे।
मैजिक बॉक्स के जरिए ऐसे हुई मौके पर ही हींग की जांच
स्टार्च टेस्टः इसमें पदार्थ के साथ आयोडीन सॉल्यूशन डाला जाता है। यदि कलर डार्क ब्लू आया तो स्टार्च की मिलावट और ब्राउन आने पर रिपोर्ट नेगेटिव। हींग में यह मिलावट पाई गई।
मैटलिक टेस्टः इसमें पदार्थ के साथ डायल्यूट हाइड्रोक्लोरिक एसिड मिलाया जाता है। मिलावट होती है तो पिंक कलर और यदि नहीं तो पदार्थ का ही कलर आता है। हींग में यह मिलावट नहीं पाई गई।
फॉरेनरीजन टेस्टः यह टेस्ट पॉलीमर और टॉक्सिक पदार्थ की मिलावट जांचने के लिए होता है। इसमें खाद्य पदार्थ में आग लगाई जाती है। मिलावट होने पर पदार्थ आग नहीं पकड़ता। हींग में यह मिलावट नहीं मिली।
वॉटर टेस्टः इसमें पदार्थ को पानी में घोला जाता है। यदि मिलावट होती है तो पदार्थ पानी में नहीं घुलता और तली में बैठ जाता है। मिलावट न होने पर पानी के साथ घुल जाता है। हींग में यह मिलावट पाई गई।
ऑनडोर में दूसरे दिन भी मिला एक्सपायरी डेट का आटा, बीना और सुरखी में भी कार्रवाई
मकरोनिया स्थित ऑनडोर मॉल में शुक्रवार सुबह फिर से खाद्य विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची थी। जहां एक और आटा ब्रांड के पैकेट एक्सपायरी डेट के होने की बात सामने आई। टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आटे के सैंपल लिए और ब्रांड के सभी पैकेट सील कर दिए हैं। यह पैकेट गंगवाल ब्रांड के बताए जा रहे हैं। जो एक माह पहले ही एक्सपायर हो चुके थे। लेकिन इसके बाद भी मॉल संचालक द्वारा इन्हें धड़ल्ले से ग्राहकों को बेचा जा रहा था।
फूड इंस्पेक्टर पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि ऑनडोर मॉल के संचालक को एक्सपायरी डेट का सामान बेचने पर नोटिस थमाया है। नोटिस में कोविड गाइडलाइन का पालन जैसे ग्राहकों की स्क्रीनिंग, सैनेटाइजेशन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न कराए जाने को लेकर 14 दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा है।
बीना में नमक में रेत की मिलावट की शिकायत, टीम ने मारा छापा
बीना स्थित सेमरखेड़ी की शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर छापा मार कार्रवाई करते हुए नमक के सैंपल लिए हैं। फूड इंस्पेक्टर पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशासन को नमक में रेत मिलाने की शिकायत मिली थी। सेवा सहकारी समिति सेमरखेड़ी की राशन दुकान पर कार्रवाई करते हुए रिफाइंड आयोडीन नमक ब्रांड वन्या के सैंपल लिए और इन्हें जांच के लिए भोपाल स्थित लैब भेजा गया है। वहीं रिपोर्ट आने तक वन्या नमक के वितरण पर रोक लगाई गई।
सुरखी में मिठाई दुकान से लिए पनीर के सैंपल, भोपाल भेजे
खाद्य विभाग की दूसरी टीम ने शुक्रवार को सुरखी क्षेत्र के नेमा मिष्ठान भंडार से पनीर के सैंपल लिए। इस दौरान फूड इंस्पेक्टर कैलाश वस्केले और सहायक शरद मिश्रा मौजूद थे। सैंपल को जांच के लिए भोपाल भेजा जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/news/mixed-flour-to-increase-weight-four-brands-of-adulterated-goods-rate-vary-127981372.html
No comments:
Post a Comment