प्रशासन ने बैराड़ नगर में तहसील की जमीन पर बनीं कांग्रेस जिला प्रवक्ता बंटी शर्मा के चाचा की 12 दुकानें ढहा दीं। पुलिस बल के साथ गुरुवार सुबह 8.30 बजे के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। 70 लाख कीमत की इस सरकारी जमीन पर करीब 5 साल से कब्जा था। अब बैराड़ पुलिस थाने की जमीन से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए थाना प्रभारी ने जमीन के सीमांकन के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दे दिया है। वहीं शिवपुरी नगर में ईदगाह स्थित दो सर्वे नंबरों पर कब्जे को लेकर भी एसडीएम ने जांच शुरू कर दी है।
बैराड़ नगर में तहसील आवास से लगी तहसील की दो हजार वर्गफीट जमीन पर डॉ. विष्णु शर्मा ने 12 दुकानें बना लीं थीं। नोटिस जारी करने के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो गुरुवार को तहसीलदार दिनेश जोशी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी दुकानों को तोड़कर जमीदोंज करा दिया। तहसीलदार के अनुसार, करीब 70 लाख कीमत की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया है। डॉ. विष्णु शर्मा कांग्रेस प्रवक्ता बंटी शर्मा के चाचा हैं। ऐसे में बंटी शर्मा ने इसे राजनैतिक द्वेष से की गई कार्रवाई बताया है। वहीं तहसीलदार जोशी ने इसे माफिया विरेाधी मुहिम बताते हुए कहा कि पहले अपने घर की सफाई कर रहे हैं। यानी तहसील की जमीन से कब्जा हटाया है। अब बैराड़ पुलिस थाने की जमीन से भी कब्जा हटाएंगे।
शिवपुरी: 3 सर्वे नंबरों का पुराना रिकाॅर्ड निकलवा रहा प्रशासन, जांच के बाद की जाएगी कार्रवाई
शिवपुरी शहर में गोविंद नगर के सामने सर्वे नंबर 727, 726, 761 पर अवैध कब्जे को लेकर विहिप ने दो दिन पहले कलेक्टोरेट में ज्ञापन सौंपा था। इस मामले की कलेक्टर ने शिवपुरी एसडीएम को जांच सौंप दी है। एसडीएम अरविंद वाजपेयी का कहना है कि उक्त सर्वे नंबरों की जमीन का पुराना रिकॉर्ड व आदेश निकलवा रहे हैं। यदि जमीनों के कागजों में बिना आदेश के हेरफेर पाई जाती है तो नियम अनुसार कार्रवाई करेंगे। बता दें कि सर्वे नंबर 727 के खसरे में कूट रचना करके ईदगाह दर्ज करने की शिकायत की गई है जबकि इसी से लगी सर्वे नंबर 726 पर अवैध दुकानें बनी हैं। वहीं सर्वे नंबर 761 पशुपालन विभाग की है, जिसमें से आधे भाग पर कब्जा है।
बैराड़ के कालामढ़- धौरिया रोड पर स्टॉप डैम, पंचायत भवन, सरकारी तालाब पर कब्जे
मलखान सिंह धाकड़ ने सरकारी जमीनों से कब्जे हटाने के लिए तहसीलदार से लिखित शिकायत की है। इसमें कालामढ़ में सर्वे नंबर 871 रकबा 0.04 हेक्टेयर, मनोरंजन भवन की सर्वे नंबर 872/4/03 रकबा 0.05 हेक्टेयर, चारागाह की सर्वे नंबर 571/1 रकबा 5.04, सर्वे नंबर 872/4/2 रकबा 0.05 हेक्टेयर और पानी की टंकी की बैराड़ के सर्वे नंबर 1783 रकबा 0.02 हेक्टेयर पर भूमाफिया का कब्जा है। वहीं कालामढ़ के सरकारी तालाब, कालामढ़-धौरिया रोड पर स्टॉप डेम, पंचायत के वन ग्राम की जमीन और पोस्टमार्टम रूम व समीप ही चरनोई की जमीन पर माफिया का कब्जा है।
कांग्रेस प्रवक्ता बोले- राज्यमंत्री का मकान नपवा लो, 20 फीट में कब्जा किया है
जिला कांग्रेस प्रवक्ता बंटी शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत से आबादी भूमि पर पट्टा था। हमारा भवन साल 1984 से बना था। कोर्ट का भी स्थगन आदेश है। हम दो बार कोर्ट से जीतकर आए। यह राजनैतिक द्वेषपूर्ण कार्रवाई है। राज्यमंत्री सुरेश धाकड़ ने जबरन कार्रवाई करवाई है। प्रशासन मंत्री के हाथ की कठपुतली बन गया है। हमसे पांच लाख रुपए मांगे गए थे, जिसके हमारे पास साक्ष्य हैं। इस कार्रवाई को लेकर जनहित याचिका लगाऊंगा।
दो हजार वर्गफीट जमीन पर कब्जा था
बैराड़ में तहसील की जमीन से अतिक्रमण हटाया है। करीब दो हजार वर्गफीट में दुकानें बनीं थीं। पुलिस थाने की जमीन पर भी कब्जा है, जिसका सीमांकन कराकर कब्जा हटाने की कार्रवाई जल्द करेंगे।
जेपी गुप्ता, एसडीएम, पाेहरी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/shivpuri/news/congress-spokesmans-uncle-demolished-12-shops-occupied-70-lakh-government-land-for-five-years-128023834.html
No comments:
Post a Comment