Monday, May 4, 2020

आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश, खरीदी केंद्रों में खुले में रखा गेहूं भीगा

दिन भर धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया, वहीं बड़ामलहरा, घुवारा, भगवां क्षेत्र में शाम को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। अचानक बारिश होने के कारण अनुभाग क्षेत्र के खरीदी केंद्रों में खुले में रखा गेहूं भीग गया। वहीं कई स्थानों पर तेज आंधी के कारण पेड़ भी गिर गए।


सोमवार सुबह से तेज धूप निकली, गर्मी और सूरज की तपन से लोगों को परेशानी हुई। वहीं शाम करीब पौने 6 बजे अचानक आसमान में बादल आ गए और बड़ामलहरा तहसील, घुवारा तहसील क्षेत्र में जोरदार बारिश शुरू हो गई। करीब आधा घंटे तक हुई बारिश के कारण घुवारा तहसील के कृषि उपज मंडी परिसर में स्थित घुवारा और कुटौरा खरीदी केंद्र, भगवां खरीदी केंद्र, सेवार, बमनौरा और पनया में किसानों का खुले में रखा गेहूं भीग गया। इसमें कुछ किसानों द्वारा बेचा गया बोरियों में रखा था और कुछ तौलने के लिए खुले में पड़ा हुआ गेहूं भीग गया।
बड़ामलहरा तहसील के बड़ामलहरा मंडी परिसर में 6 गेहूं और 2 चना खरीदी केंद्र हैं, लेकिन यहां शैड होने के कारण जिंस भीगने से बच गई। जबकि मुंगवारी, वीरों सहित अन्य केंद्रों में छाया के इंतजाम न होने के कारण गेहूं खुले मैदान में रखा है। जो आधे घंटे हुई जोरदार बारिश में भीग गया है। इसी बीच आंधी भी करीब 30- 40 किलोमीटर की रफ्तार से चली, जिससे पेड़ आदि गिर गए और नुकसान हुआ।

रविवार रात में भी चली आंधी, गिरी फुहारें
रविवार की रात करीब साढ़े 9 बजे तेज आंधी चली, छतरपुर में रिमझिम फुहारें भी गिरीं। इसके अलावा लवकुशनगर, चंदला में आंधी चली, जिससे कई पेड़ धराशायी हो गए। टीन शैड उड़ गए। कई घंटों के लिए विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही। भीषण गर्मी में रात में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।


एसडीएम बोले- यहीं सुखाएंगे जिंस
इस संबंध में बड़ामलहरा एसडीएम नाथूराम गौड़ का कहना है कि बारिश अचानक हुई है। इससे गेहूं और अन्य जिंस भीग गई। हम केंद्रों में ही इसे सुखाएंगे, इसके बाद परिवहन करेंगे। हालांकि अब कई जगह पॉलीथीन ढंक दी है, अन्य केंद्रों में भी पॉलीथीन लगाई जा रही है।

बुधवार तक रहेगाऐसा ही मौसम
मौसम विभाग कार्यालय खजुराहो के आरएस परिहार ने बताया कि रविवार रात आंधी की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे थी। वहीं सोमवार को भी करीब 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चली। उन्होंने बताया छतरपुर जिले के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे आंधी और बारिश हो रही है। यह स्थिति बुधवार तक रहेगी, बुधवार रात से स्थिति सामान्य हो जाएगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 37.5 और न्यूनतम 24.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि सोमवार को अधिकतम तापमान रविवार की तुलना में 1 डिग्री कम रहा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
All shops will be open in villages but many restrictions will remain in the urban area.


source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/chhatarpur/news/all-shops-will-be-open-in-villages-but-many-restrictions-will-remain-in-the-urban-area-127270944.html

No comments:

Post a Comment