कोरोना महामारी के बीच ग्रीन जोन के अंतर्गत सीहोर जिले की तहसील नसरूल्लागंज को बाजार खुलने की लंबी छूट क्या मिली नगर व क्षेत्र वासी कोरोना महामारी को ही भूल गए। नगर के बाजार को देखकर ऐसा लगता है कि अब यहां पर कोरोना नामक बीमारी अपने पैर नहीं पसार पाएंगी। नियमित रूप से खुलता बाजार और यहां पर होती भीड़ कहीं परेशानी खड़ी न कर दे। शहर वासियों के अतिरिक्त ग्रामीणों को भी कोरोना वायरस बीमारी का भय नही है। लॉक डाउन में मिली छूट का पालन करने की बजाय लोग उल्लंघन कर रहे हैं। इतना ही नहीं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं किया जा रहा है।
लॉकडाउन खोले जाने व ग्रीन जोन में बाजारों को निश्चित समय अवधि में खोले जाने की राहत शासन ने सशर्त दी है। इसमें शासन की गाइडलाइन का पालन करना है। इस दौरान यदि शासन के नियमों का उल्लंघन होता है तो अधिकारिक स्तर पर नगर के बाजार में लॉकडाउन फिर से लगाया जा सकता है। लेकिन नगर में इन सब बातों को भूलकर अपने स्वयं के नियम चलते दिखाई दे रहे हैं। न सोशल डिस्टेंसिंग और न ही मास्क का उपयोग। इन सब नियमों का खुले तौर पर उल्लंघन आसानी के साथ देखा जा सकता है।
दुकानों पर ग्राहकों की भीड़
जेपी मार्केट में प्रतिदिन की तरह ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। कपड़ा दुकानों के साथ ही किराना दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ते आसानी से देखी जा सकती है। न तो इस मामले में व्यापारी को कोई भय है और न ही ग्राहक सतर्कता बरतना चाहता है। निश्चित तौर पर यदि हालात ऐसे ही बने रहे तो कोरोना वायरस का संक्रमण नगर में फैलने में देर नहीं करेगा।
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं
शासन की गाइड लाइन में स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रत्येक दुकानदार को सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखना है। ग्राहकों को निश्चित दूरी पर खड़ा करना है। लेकिन व्यापारी यह सब भूल चुके हैं। सुबह से दुकान खुलती है और बिना सोशल डिस्टेंसिंग के व्यापार किया जाता है। जेपी मार्केट में हालात सबसे ज्यादा बिगड़े हुए हैं। जहां किराना दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ती है।
मास्क गायब, आदेश का उल्लंघन
दुकानदार, नगर व क्षेत्र वासियों को घरों से बाहर निकलने पर मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। जिससे संक्रमण फैलने का खतरा न हो। लेकिन अब तो चेहरे पर से मास्क गायब हो चुके हैं। व्यापारी भी इसका उल्लंघन करते हुए देखे जा सकते हैं। ऐसे में दो विशेष गाइड लाइन जिन पर विशेष ध्यान देना चाहिए वह पूरी तरह नदारद है। ध्यान रहे अभी तक हमारे जिले से खतरा टला नहीं है। जिले की आष्टा तहसील में दो कोरोना पॉजीटिव मिले हैं। ऐसे में शहर को सुरक्षित रखने के लिए विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
व्यापारियों से पालन करा रहे हैं
इस संबंध में थाना प्रभारी शिशिर दास ने बताया कि लॉकडाउन अवधि में बाजार में ग्राहकों की भीड़ जमा होने के बाद स्थिति विपरीत हो जाती है। लेकिन सभी व्यापारियों को खुद व ग्राहकों से नियम का पालन कराने की सलाह दी गई है। बाजार में भीड़ अधिक न बड़े, इसके लिए पार्किंग स्थान का भी चयन किया गया है। शाम 6 बजे के बाद लोगों से नियम का पालन कराया जा रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/people-are-forgetting-to-follow-mask-social-distancing-127353675.html
No comments:
Post a Comment