चार दिन बाद 31 मई को लॉकडाउन का चौथा चरण पूरा हो जाएगा। प्रशासन 1 जून से शहर में कुछ छूट देने की प्लानिंग कर रहा है, लेकिन उसके बाद होने वाली भीड़ परेशानी न बन जाए, इसके लिए रास्ते तलाश रहे हैं। प्रशासन की तैयारी है कि बाजार में लोगों के जाने के लिए समय या दिन तय किया जाए। इसके लिए शहर के क्षेत्रों को बांटा जाए, ताकि तय समय और दिन में ही उन क्षेत्रों के लोग निकल पाएं।
भीड़ रोकने के लिए एक प्लान यह भी है कि निजी वाहनों से बाहर निकलने वालों के लिए भी गाइड लाइन बने। जैसे- दोपहिया पर केवल एक व्यक्ति या पति-पत्नी ही जा पाएंगे। कार में 3 से ज्यादा लोग नहीं हों। इसके लिए पुलिस को मुस्तैदी से तैनात किया जाएगा। इसके अलावा प्रशासन ये जानने के प्रयास में भी जुटा हुआ है कि आखिरकार कोरोना की चेन टूट क्यों नहीं रही? ये बढ़ क्यों रही है? इन्हीं सवालों का जवाब ढूंढने के लिए मंगलवार को कलेक्टर, एसपी और सीएमएचओ शहर के उन परिवारों के बीच पहुंचे जिनके सदस्य कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। अधिकारियों ने ये सफर दो चरणों में पूरा किया। दोपहर के पहले कलेक्टर आशीष सिंह व सीएमएचओ डॉ. महावीर खंडेलवाल महाकाल, हरसिद्धि क्षेत्र, बेगमपुरा, कलाल सेरी, मोचीवाड़ा, मालीपुरा, आर्य समाज रोड, वररुचि मार्ग व रामी नगर गए। इन क्षेत्रों के 22 ऐसे परिवारों के सदस्यों से चर्चा की जिनके यहां से कोरोना संक्रमित निकले हैं। दूसरे चरण में कलेक्टर व एसपी मनोज सिंह पुराने शहर के निकास चौराहा व अन्य क्षेत्रों में भी गए। इस दौरान यह बात सामने आई कि सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं करने से संक्रमण हुआ।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/news/time-to-enter-the-market-may-be-decided-according-to-the-region-127344541.html
No comments:
Post a Comment