Tuesday, May 26, 2020

बैंकों में भी नियमित कामकाज शुरू हुआ, बगैर एटीएम वाले ही पहुंचे बैंक

शहर में मंगलवार से बैंकों में भी काम शुरू हो गया। सोमवार को ही शहर के बैंकों में ग्राहकों की न्यूनतम संख्या तय कर इन्हें काम की अनुमति प्रशासन ने दी थी। हालांकि बैंक तो पहले से ही खुल रहे थे, लेकिन अब तक इनके गेट सुबह 10 बजे कर्मचारियों की एंट्री और शाम 5 से 6 बजे बाहर निकलने पर ही खुलते थे। मंगलवार सुबह बैंक तो खुले, लेकिन ग्राहक एक-दो की संख्या में ही पहुंचे। जो ग्राहक पहुंच रहे थे, उनके हाथ गेट के बाहर ही सैनिटाइजर से धुलवाए जा रहे थे। उसके बाद ही एंट्री दी जा रही थी। कुछ शाखाओं में गेट पर ही ग्राहकों की परेशानी पूछकर उनके मोबाइल नंबर लेकर उन्हें टोकन लेने का सुझाव दिया गया।

ग्राहकों को समझा रहे कि बहुत जरूरी होने पर ही बैंकों में आएं

अन्नपूर्णा रोड पर महू नाका से राजेंद्र नगर ब्रिज तक 10 से ज्यादा शासकीय और निजी बैंकों के कार्यालय हैं। यहां इलाहाबाद बैंक, एचडीएफसी और एेक्सिस बैंक के कार्यालय खुले मिले, वहीं महावर नगर के सामने एसबीआई का कार्यालय बंद था। राजबाड़ा पर एसबीआई की मेन ब्रांच खुली थी और यहां लोगों की आवाजाही भी देखी गई। एमजी रोड और जवाहर मार्ग पर बैंकों के छोटे ऑफिस खुले थे, लेकिन पहले दिन यहां भीड़ नजर नहीं आई। बैंकिंग से जुड़े लोगों ने बताया कि अभी दिक्कत उन लोगों की है, जिनके पास एटीएम नहीं है। हम एटीएम में पर्याप्त राशि डाल रहे हैं। लॉकडाउन के कारण एटीएम में भी रोजाना राशि डालने की जरूरत नहीं पड़ी। अब जरूर बाजार खुलने लगे हैं तो थोड़ा लोड बढ़ेगा। पेंशनधारकों और शासकीय योजनाओं का पैसा लेने वाले हितग्राहियों को जरूर बैंकों के खुलने का इंतजार रहा। इनमें अब धीरे-धीरे लोग आना शुरू होंगे। बैंकों की ओर से भी ग्राहकों को सूचना दी जा रही है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही वे बैंक पहुंचें।

इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक कारोबारियों को एक दिन माल डिस्पैच की अनुमति मिली

शहर के सबसे बड़े इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक मार्केट के रूप में पहचान रखने वाले महारानी रोड पर 60 दिन से ताला लगा हुआ है। न्यू सियागंज मंे कारोबार शुरू होने के बाद अब यहां के 250 कारोबारियों ने भी दुकान, गोदाम से माल पैक कर उसका परिवहन करने, ऑनलाइन ऑर्डर लेकर बिना ग्राहकों के दुकान पर आए सामान की बिक्री करने की मंजूरी मांगी है। संघ के अध्यक्ष जितेंद्र रामनानी ने कहा सांसद शंकर लालवानी और कलेक्टर मनीष सिंह को इस संबंध में आवेदन किया। बताया कि यह एरिया रेलवे स्टेशन से रानीपुरा चौराहे के बीच है और यहां कोई भी रहवासी नहीं है। इसके बाद जिला प्रशासन ने एमटीएच कंपाउंड, उषा नगर, द्रविड़ नगर व अन्य जगहों के चिह्नित 30 इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक के थोक और फुटकर कारोबारियों को माल डिस्पैच करने के लिए एक दिन का समय दिया है। हर दुकानदार को चिह्नित दिन और समय पर माल को निकालकर डिस्पैच करने की मंजूरी दी गई है।

गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों को भी मिली कार्यालय खोलने की मंजूरी

जिला प्रशासन ने गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) को कार्यालय खोलने और ग्राहकों को ऋण उपलब्ध कराने की मंजूरी जारी कर दी है। कलेक्टर मनीष सिंह द्वारा मंगलवार को जारी आदेश मंे कहा गया है कि इन कंपनियों को बैंक खातों मंे भी व्यावसायिक लेनदेन की मंजूरी दी जाती है। शाखा प्रबंधक हर दिन दस ग्राहकों को संदेश भेजकर कार्यालय बुला सकते हैं। यह संदेश कर्फ्यू पास के रूप में रहेंगे।

रेलवे काउंटर पर सुबह 8 से 5 तक करवा सकेंगे रिजर्वेशन, कैंसिलेशन

रेलवे रिजर्वेशन अॉफिस में अब यात्री सुबह 8 से शाम 5 बजे तक रिजर्वेशन अौर टिकट कैंसिलेशन का रिफंड ले सकेंगे। पहले ये काउंटर सुबह 10 बजे से खुलते थे। आने वाले दिनों में रेलवे काउंटर की संख्या अौर बढ़ाएगा। रेलवे ने पिछले दिनों रिजर्वेशन काउंटर शुरू कर दिया था। इसके काउंटर से यात्रियों के टिकट रिजर्वेशन के साथ ही सोमवार से टिकट कैंसिलेशन का रिफंड मिलना भी शुरू हो गया। मंगलवार को भी 20 से ज्यादा यात्रियों ने टिकट रिजर्वेशन करवाए अौर कैंसिलेशन भी।

फीवर क्लिनिक पर संदिग्ध पहुंचे तो उन्हें कोविड केयर सेंटर भेजना होगा

फीवर क्लिनिक का प्रभावी संचालन किया जाए। यह बात कलेक्टर मनीष सिंह ने मंगलवार को नेहरू स्टेडियम में अधिकारियों, चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ की बैठक में कही। कलेक्टर ने कहा फीवर क्लिनिक में आने वाले सभी मरीजों का परीक्षण किया जाए। कोविड-19 के संभावित लक्षण पाए जाने पर उन्हें कोविड केयर सेंटर भेजा जाए। कोविड-19 के मरीजों को भेजने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। अभी तक 600 से अधिक चिकित्सकों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
राजबाड़ा स्थित एसबीआई ब्रांच पर कम ही लोग पहुंचे।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/regular-work-started-in-banks-too-banks-without-atms-arrived-127344550.html

No comments:

Post a Comment