Saturday, May 23, 2020

कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया अगस्त में कराएं, जुलाई में मुश्किल: शिक्षाविद

इंदौर सहित प्रदेशभर के कॉलेजों में ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने में समय लगेगा। तैयारी है कि 1 अगस्त से प्रक्रिया शुरू हो। तब तक बीकॉम, बीए और बीएससी फाइनल ईयर के रिजल्ट आ जाएंगे। अगस्त में बारहवीं का रिजल्ट आने की भी संभावना होगी। ऐसे में उच्च शिक्षा विभाग की तैयारी है कि एडमिशन प्रक्रिया को बेहद छोटा किया जाए। पहली लिस्ट ऑनलाइन जारी कर फीस भरने के लिए तीन दिन का समय दिया जाए। इसके बाद बची हुई सीटों पर कॉलेज मेरिट आधार पर सीधे एडमिशन दे दें। इसके लिए उन्हें 10 दिन दिए जाएं। शिक्षाविदों ने भी इसी तरह के सुझाव दिए हैं। इधर, 15 सितंबर से नया सत्र शुरू करने की तैयारी है, ताकि ढाई माह की जो देरी हो उसे दोनों सेमेस्टर में अतिरिक्त कक्षाओं के जरिये पूरा किया जाए।

इस साल न तो नया कॉलेज शुरू होगा, न ही नए कोर्स की अनुमति
देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के दायरे में नए सत्र 2020-21 में एक भी नया कोर्स शुरू नहीं होगा। न कोई नया कॉलेज शुरू होगा। राज्य शासन ने जिन नए कॉलेजों को एनओसी जारी की थी, वह खारिज हो गई है। इंदौर में इस साल तीन नए कॉलेज शुरू होना थे, जबकि 40 से ज्यादा पुराने कॉलेजों ने 45 से ज्यादा नए कोर्स शुरू करने की अनुमति मांगी थी। उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. सुरेश सिलावट का कहना है कि इस साल कोई नया कॉलेज शुरू नहीं हो रहा और न किसी नए कोर्स को अनुमति दी गई है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/make-the-admission-process-in-colleges-in-august-difficult-in-july-academician-127334293.html

No comments:

Post a Comment