बुधवार को भी नारायणगढ़ नगरपालिका सदन की बैठक रद्द कर दी गई। नपा सचिव गुलशन कुमार बीमारी का तर्क देकर नहीं आए और बैठक रद्द हुई। आखिरी बार 6 जून 2020 को बैठक हुई थी। उसके बाद यह तीसरा मौका है जब मीटिंग की तारीख तय होने के बाद रद्द की गई। एक बार सचिव ने चुनाव ड्यूटी का तर्क दिया था जबकि दो बार बीमारी का। पार्षदों का आरोप है कि राजनीतिक दबाव की वजह से बैठक नहीं होने दी जा रही। बैठक न होने से विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। इसी साल मई में नगरपालिका का कार्यकाल खत्म हो रहा है। दूसरी तरफ सचिव गुलशन कुमार ने कहा कि उन्हें हार्ट पेन की शिकायत है। रोटरी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसलिए बैठक स्थगित की गई है। कोई राजनैतिक दबाव नहीं है। बैठक स्थगित होने का दुख है।
1 जनवरी को नपा सचिव गुलशन कुमार ने एजेंडा जारी कर 6 जनवरी को हाउस की बैठक रखी थी। 15 पार्षदों, विधायक और सांसद को भी एजेंडे की कॉपी भेजी गई। 5 जनवरी को सचिव के बीमार होने से बैठक स्थगित कर दी गई। पार्षदों का आरोप है कि सचिव राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं। जबकि शहर के बहुत से विकास कार्य रुके पड़े हैं।
पार्षदों का आरोप है कि सचिव और कुछ नेता नहीं चाहते कि विरोधी धड़े के चेयरमैन के कार्यकाल में कोई काम हो। पार्षद सुरेश धीमान, सुधा शर्मा, मास्टर जय प्रकाश, रति राम का कहना है कि अब उनका कार्यकाल खत्म होने में 3-4 महीने ही बचे हैं। जबकि वार्डों में बहुत से काम पेंडिंग पड़े हैं। नपा के पास विकास कार्यों के लिए करीब सात करोड़ हैं। अब विकास कार्यों में अड़चन डालकर उनकी छवि को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। वार्डों में लोगों के काम नहीं करवा सके हैं।
एक महीने से नहीं खुले टेंडर
पार्षदों के आरोप हैं कि अधिकारी शहर के विकास में रोड़ा अटका रहे हैं। एक महीने पहले 45 टेंडर लगाए गए थे। इन टेंडरों को खोला नहीं गया है। स्ट्रीट लाइटों की देखरेख और पार्कों की सफाई का टेंडर खत्म हो चुका है।
बैठक स्थगित होने से नाराज चेयरमैन ने एसडीएम को लिखा पत्र
अचानक बैठक स्थगित हो जाने से नाराज चेयरमैन श्रवण कुमार ने एसडीएम डॉ. वैशाली शर्मा को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि नपा सचिव कार्यालय से अकसर गैर हाजिर रहते हैं। बिजली और लाइटों का टेंडर के अलावा अति आवश्यक कार्यों से जुड़े प्रस्ताव इस बैठक में पास किए जाने थे। इस बैठक के न होने से शहर के विकास और रखरखाव के कार्य प्रभावित होंगे। चेयरमैन ने कहा कि सचिव एक जनवरी को कुछ समय के लिए कार्यालय आए थे उसके बाद वह नहीं आए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/narayangarh/news/narayangarh-npas-meeting-postponed-for-the-third-time-due-to-the-sickness-of-the-secretary-128095625.html
No comments:
Post a Comment